तिरुपति मंदिर प्रबंधन बोला- प्रसाद में जानवरों की चर्बी थी:जगन मोहन रेड्डी का आरोप- CM नायडू ने जुलाई की लैब रिपोर्ट दिखाई, तब वे खुद CM थे

आंध्र प्रदेश के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति मंदिर) के लड्डूओं में जानवरों की चर्बी होने का विवाद बढ़ता जा रहा है। CM नायडू के बाद अब मंदिर प्रबंधन संभालने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने भी कहा है कि तिरुपति प्रसाद में जानवरों की चर्बी की मिलावट थी। TTD के कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव ने शुक्रवार, 20 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि लड्डू जिस घी से बनाए जा रहे थे, उसके सैंपल्स के 4 लैब रिपोर्ट्स में इसकी पुष्टि हुई है। राव ने कहा कि मंदिर प्रबंधन के पास अपना लैब नहीं था। घी सप्लायर्स ने इसका फायदा उठाया। दूसरी तरफ, पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी ने भी आरोपों पर पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जुलाई की लैब रिपोर्ट दिखाई है। तब वे सीएम बन चुके थे। रेड्डी ने कहा कि नायडू राजनीतिक फायदे के लिए भगवान का इस्तेमाल कर रहे हैं। जगन रेड्डी ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू ने तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। वे प्रधानमंत्री मोदी और चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ को लेटर लिखकर नायडू के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। अमूल ने कहा- हमने तिरुपति मंदिर को कभी घी सप्लाई नहीं की तिरुपति लड्डू में मिलावट को लेकर विवाद के बीच डेयरी कंपनी अमूल ने भी सफाई दी। कंपनी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि उसने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को कभी घी नहीं दिया। अमूल ने कहा- कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में कहा जा रहा है कि अमूल घी तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TDD) को सप्लाई किया जा रहा था। हम बताना चाहते हैं कि हमने कभी भी तिरुपति मंदिर को अमूल घी की सप्लाई नहीं की है। हम यह भी साफ करना चाहते हैं कि अमूल घी हमारे अत्याधुनिक प्रोडक्शन प्लांट्स में दूध से बनाया जाता है, जो ISO प्रमाणित हैं। अमूल घी उच्च गुणवत्ता वाले शुद्ध दूध फैट से बनाया जाता है। CM नायडू ने घी में जानवरों की चर्बी मिलाने का आरोप लगाया था मुख्यमंत्री नायडू ने भी घी के मुद्दे पर फिर बयान दिया। प्रकासम जिले में एक सभा में नायडू ने कहा, जब बाजार में 500 रुपए किलो घी मिल रहा था तब जगन सरकार ने 320 रु. किलो घी खरीदा। ऐसे में घी में सप्लायर की ओर से मिलावट होनी ही थी। जगन सरकार द्वारा कम दाम वाले घी को खरीदने की जांच हाेगी। पशु चर्बी वाले घी से बने लड्डुओं से तिरुपति मंदिर की पवित्रता पर दाग लगाया है। CM नायडू ने 18 सितंबर को आरोप लगाया था कि पूर्व जगन सरकार में तिरुपति मंदिर के लड्डू में इस्तेमाल होने वाले घी में जानवरों की चर्बी और फिश ऑयल मिलाया गया था। TDP ने एक लैब रिपोर्ट दिखाकर अपने आरोपों की पुष्टि का दावा भी किया। घी सप्लाई करने वाली पांचों कंपनियां बैन, एक का 4 ट्रक घी मिलावट वाला
मामला सामने आने के बाद तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने घी सप्लाई करने वाली कंपनियों से अनुबंध खत्म कर दिया है। घी सप्लाई करने वाली कंपनियां प्रीमियर एग्री फूड्स, कृपाराम डेयरी, वैष्णवी, श्री पराग मिल्क और एआर फूड कंपनी थीं। पांचों कंपनियों की आपूर्ति में से सिर्फ एआर डेयरी के घी में बीफ की चर्बी की पुष्टि हुई है। कंपनी के चार ट्रक में अशुद्ध घी पुष्टि हुई है। हालांकि पांचों कंपनियों से अनुबंध खत्म कर दिया गया है और पिछले कई सालों से घी सप्लाई कर रही कंपनी KMF से दोबारा अनुबंध किया गया है। इस कंपनी से अनुबंध इसलिए खत्म किया गया था क्योंकि इसके दाम 450 रुपए से ज्यादा थे, जबकि एआर फूड कंपनी से अनुबंध 320 से 411 रुपए की दर पर था। YSRCP-TDP सरकार के अलग-अलग सप्लायर YSRCP ने पिछले साल घी सप्लायर बदला था, गड़बड़ी मिली थी
दरअसल, KMF पिछले 50 साल से कर्नाटक रियायती दरों पर ट्रस्ट को घी दे रहा था। हर छह महीने में 1400 टन घी मंदिर में लगता है। जुलाई 2023 में कंपनी ने कम रेट में सप्लाई देने से मना कर दिया, जिसके बाद जगन सरकार (YSRCP) ने 5 फर्म को सप्लाई का काम दिया था। इनमें से एक तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एआर डेयरी फूड्स भी है। जिसके प्रोडक्ट में इसी साल जुलाई में गड़बड़ी मिली थी। TDP सरकार ने इसी साल जुलाई में घी बेचने वालों को ब्लैक लिस्ट किया
TDP सरकार ने इस साल जून में सीनियर IAS अधिकारी जे श्यामला राव को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) का नया एक्जीक्यूटिव ऑफिसर अपॉइंट किया था। उन्होंने प्रसादम (लड्डू) की क्वॉलिटी जांच का आदेश दिया। इसके लिए एक कमेटी बनाई। प्रसाद के टेस्ट और क्वॉलिटी को बेहतर बनाने के लिए कमेटी ने कई सुझाव दिए। साथ ही घी की जांच के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB), गुजरात में सैंपल भेजे। जुलाई में सामने आई रिपोर्ट में फैट का जिक्र था। इसके बाद TTD ने तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एआर डेयरी फूड्स की तरफ से भेजे गए घी के स्टॉक को वापस कर दिया और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। इसके बाद TTD ने कर्नाटक मिल्क फेडरेशन से घी खरीदना शुरू कर दिया। पुराने सप्लॉयर से घी 320 रुपए प्रति किलोग्राम के रेट से खरीदा जाता था। जबकि तिरुपति ट्रस्ट अब कर्नाटक कोआपरेटिव मिल्क फेडरेशन (KMF) से 475 रुपए प्रति किलोग्राम के रेट से घी खरीद रहा है। 300 साल पुराना किचन, ब्राह्मण ही बनाते हैं 3.5 लाख लड्‌डू तिरुपति मंदिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय और अमीर धर्मस्थलों में से है। यहां हर दिन करीब 70 हजार श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करते हैं। इसका प्रशासन तिरुपति तिरुमाला देवस्थानम (TTD) संभालता है। मंदिर परिसर में बनी 300 साल पुरानी किचन ‘पोटू’ में शुद्ध देसी घी के रोज 3.50 लाख लड्‌डू बनते हैं। यह मंदिर का मुख्य प्रसाद है, जिसे करीब 200 ब्राह्मण बनाते हैं। लड्‌डू में शुद्ध बेसन, बूंदी, चीनी, काजू और शुद्ध घी होता है। ट्रस्ट ने करीब एक लाख लड्‌डू राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के वक्त अयोध्या भेजे थे। यह खबर भी पढ़ें… तिरुपति लड्डू विवाद: यूपी के डिप्टी सीएम केशव बोले- हम भी कराएंगे जांच, अयोध्या सांसद अवधेश ने कहा-भाजपा को अफवाह फैलाने में महारत आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसादम की पवित्रता विवाद तूल पकड़ रहा है। अयोध्या पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- मैं भी भगवान रामलला और तिरुपति बालाजी का भक्त हूं। अगर किसी तीर्थस्थल पर ऐसी घटना होती है तो वहां की सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। हम उत्तर प्रदेश में भी इसका ध्यान रखेंगे। अगर किसी ने ऐसा किया है तो यह गलत है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…