तेलुगु स्टार नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर बुलडोजर चला:हैदराबाद में झील की जमीन पर अवैध अतिक्रमण था, 6.69 एकड़ में बना था

तेलुगु स्टार नागार्जुन के हैदराबाद स्थित अवैध एन कन्वेंशन सेंटर को शनिवार, 24 अगस्त को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। उन्होंने यह सेंटर रंगारेड्डी जिले के शिल्परामम के पास माधापुर में हाईटेक सिटी के पास बनाया था। एक्टर पर आरोप था कि उन्होंने इस सेंटर का अवैध निर्माण झील की जमीन पर कराया था। हैदराबाद आपदा राहत एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRA) की टीम ने आज सुबह कार्यवाही कर इसे गिरा दिया। 6.69 एकड़ में बना था, 3.40 एकड़ पर कब्जा था
एन कनवेंशनल सेंटर 6.69 एकड़ में बना हुआ था। इसमें से थम्मिडी कुंटा झील की 3.30-3.40 एकड़ की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। हैदराबाद के भास्कर रेड्डी समेत कई शिकायतकर्ताओं HYDRA से शिकायत की थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। झील 29 एकड़ में फैली, सेंटर में 3 हॉल थे
थम्मिडी कुटी झील 29 एकड़ में फैली है। इसी के पास नागार्जुन ने एन कन्वेंशनल सेंटर बनवाया था। एन. कन्वेंशनल सेंटर में कुल तीन हॉल थे। इन्हें बड़े-बड़े प्रोग्राम के लिए इस्तेमाल किया जाता था। इस कन्वेंशनल सेंटर में कई पॉलिटिकल पार्टीज, गैदरिंग और शादियां हो चुकी हैं।