आम आदमी पार्टी (आप) के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने केंद्र सरकार की दिल्ली पुलिस और एम्स पर गरीब महिला के संवैधानिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। रविवार को प्रेसवार्ता में सोमनाथ भारती ने बताया कि 11 जून 2020 को एक गरीब महिला सपना अपने मालिक रजनीश के पास वेतन मांगने गई। उसके मालिक ने उसको वेतन देने के बजाए उसके साथ मारपीट की। उसके चेहरे पर 15 टांके लगे और उसके दो दांत भी टू गए। सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि उनके हस्तक्षेप के बाद भी पुलिस ने समान्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की और एम्स अस्पताल ने भी एमएलसी में समान्य चोटें बताई।
इस मामले में जब स्पेशल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर से शिकायत करने के बाद पुलिस ने धारा बढ़ाई और एम्स ने भी दूसरी एमएलसी में चोट को गंभीर और जानलेवा बताया। हद तो यह है कि इतनी गंभीर हालत में महिला के पुलिस को शिकायत करने पर उसके पास जाने के बजाए महिला को ही थाने आने को कहा गया। आरोपी की पुलिस के साथ उठ बैठ है, इसलिए पुलिस कार्रवाई नहीं करना चाह रही थी।
भारती ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक भारतीय नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। परंतु वर्तमान भाजपा सरकार की सरपरस्ती में किस प्रकार से संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, यह जगजाहिर हो चुका है। उन्होंने बताया कि केंद्र शासित दिल्ली पुलिस एवं केंद्र शासित एम्स अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा एक गरीब महिला के साथ किस प्रकार से अत्याचार एवं उसके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया गया।