दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट का शव यमुना नदी में मिला:छह दिन से लापता थी; दोस्तों के मेल और मैसेजिंग एप पर मैसेज भेजे थे

दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले 19 साल की स्नेहा देबनाथ का शव रविवार को यमुना नदी से बरामद हुआ। स्नेहा पिछले 6 दिन से लापता थी। वह त्रिपुरा की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि स्नेहा के परिवार ने उसके शव की पहचान कर ली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्नेहा दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में बी.एससी की स्टूडेंट थी। वह 7 जुलाई को साउथ दिल्ली के महरौली स्थित पर्यावरण कॉम्प्लेक्स इलाके से लापता हो गई थी।जांच के दौरान, स्नेहा की आखिरी लोकेशन मजनू का टीला स्थित सिग्नेचर ब्रिज पर मिली थी। पूछताछ के दौरान एक कैब ड्राइवर ने बताया कि उसने स्नेहा को 7 जुलाई को सिग्नेचर ब्रिज पर छोड़ा था। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने पुल पर एक लड़की को अकेले खड़ा देखा था। हालांकि, कुछ ही देर बाद, वह गायब हो गई थी। तब से NDRF और स्थानीय पुलिस निगम बोध घाट से नोएडा तक यमुना नदी में स्नेहा की तलाश कर रही थी। स्नेहा के करीबी दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से परेशान थी और उसने 7 जुलाई की सुबह ईमेल और वॉट्सऐप पर उन्हें मैसेज भेजा था।