दिल्ली सीएम रेखा ने बजट पढ़ना शुरु किया:इस बार ₹1 लाख करोड़ का बजट, AAP ने पिछले साल ₹76 हजार करोड़ का बजट पेश किया था

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पढ़ना शुरू कर दिया है। 2025-26 का दिल्ली का बजट 1 लाख करोड़ रुपए का है। सीएम रेखा ने कहा- मैं आपके माध्यम से दिल्ली की जनता को ये बताना चाहता हूं कि आज तक की सरकारों के राज में 2023 में 78 हजार 800 करोड़ का बजट था। 24-25 का बजट घटकर सिर्फ 76 हजार करोड़ रह गया। ये दिल्ली में सबसे खराब स्थिति थी। इस बार का दिल्ली का बजट एक लाख करोड़ रुपए का है। ये ऐतिहासिक है। BJP सरकार 26 साल बाद 25 मार्च को पहला बजट (2025-26) पेश कर रही है। 26 मार्च को बजट पर विस्तार से चर्चा होगी। सभी विधायक सरकार की योजनाओं और नीतियों पर अपनी राय और प्रतिक्रिया विधानसभा में साझा करेंगे। 27 मार्च को विधानसभा में बजट पर बहस के बाद मतदान होगा। दिल्ली की बीजेपी सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस ( 8 मार्च) को महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर चुकी है। इसमें गरीब परिवार की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाने हैं। बजट में इसकी भी घोषणा हो सकती है। करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा। बजट में यमुना सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण, पानी, जलभराव की समस्या, सड़क, प्रदूषण और दिल्ली के किसानों से जुड़ी योजनाओं का भी ऐलान हो सकता है। मुख्यमंत्री कह चुकी हैं कि ‘विकसित दिल्ली’ का बजट लोगों का बजट है। दिल्ली सरकार को ईमेल और वॉट्सएप के जरिए बजट पर जनता से 10 हजार से ज्यादा सुझाव मिले हैं। दिल्ली बजट को लेकर पल-पल की अपडेट के लिए इस ब्लॉग से गुजर जाइए…