सिंघम फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म सिंघम अगेन दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बात की पुष्टि मेकर्स ने कर दी है। फिल्म के डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी। पहले फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। लेकिन मेकर्स ने रिलीज डेट में बदलाव कर दिया। रिपोर्ट्स का दावा है कि फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग अभी बाकी है। जिस कारण ये फैसला लिया गया। रोहित शेट्टी ने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा- शेत आतंक मचाता है, जख्मी शेर तबाही! इस दिवाली एक बार फिर सिनेमाघरों में मिलते हैं… अजय ने पहले ही दे दी थी हिंट इस बात की पुष्टि अजय देवगन ने बीते गुरुवार को ही कर दी थी। अपकमिंग फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के पर अजय से फिल्म सिंघम अगेन के बारे में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा था- मुझे फिल्म की रिलीज डेट के बारे में कुछ नहीं पता है। फिल्म की शूटिंग जो चल रही थी, अभी पूरी नहीं हुई है। थोड़ी-बहुत शूटिंग बाकी है। तो हमें कोई जल्दी नहीं है क्योंकि जल्दबाजी में काम खराब होता है। जब हम तैयार हो जाएंगे, तब हम रिलीज करेंगे। कॉप यूनिवर्स के तीनों किरदारों के साथ बनेगी सिंघम अगेन सिंघम फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म सिंघम अगेन में रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स के तीनों हीरो एक साथ नजर आएंगे। उनके कॉप यूनिवर्स में फिल्म सिंघम, सिंघम रिटर्न, सूर्यवंशी और सिंबा शामिल हैं। इस फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म सिंघम थी जो 2011 में रिलीज हुई थी। इसमें अजय देवगन ने पुलिस ऑफिसर बाजीराव सिंघम का रोल प्ले किया था। इसकी सीक्वल फिल्म सिंघम रिटर्न 2014 में रिलीज हुई थी। इस कॉप यूनिवर्स की दूसरी फ्रैंचाइजी ‘सिंबा’ थी, जिसमें रणवीर सिंह ने इंस्पेक्टर संग्राम भलेराव का रोल प्ले किया था। वहीं 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में अक्षय कुमार ने डीसीपी वीर सूर्यवंशी का रोल निभाया था। ‘सिंघम अगेन’ से पहले ‘सूर्यवंशी’ में भी रोहित के कॉप यूनिवर्स के तीनों ऑफिसर्स साथ नजर आ चुके हैं।