देश का मानसून ट्रैकर:तेलंगाना-आंध्र में बारिश-बाढ़ से 33 की मौत, 432 ट्रेनें कैंसिल; 21 राज्यों में आज बारिश की संभावना, गुजरात में रेड अलर्ट

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पिछले 3 दिनों से भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ आ गई है। दोनों राज्यों में अब तक 33 लोगों की मौत हुई है। इनमें 17 लोग आंध्र और 16 तेलंगाना के थे। सोमवार (2 सितंबर) की दोपहर तक लगभग 432 ट्रेनें कैंसिल की गईं। 139 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने अपने 50 साल के पॉलिटिकल करियर में यह सबसे बड़ी त्रासदी देखी है। हुदहुद और तितली साइक्लोन की तुलना में पिछले तीन दिनों की बारिश से ज्यादा नुकसान हुआ है। राज्य में करीब 4.5 लाख लोग प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार (3 सितंबर) को मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सूरत और भरूच जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है। IMD ने अगले 3 दिनों में गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आंध्र प्रदेश: SDRF की 20 और NDRF की 19 टीमें तैनात
राज्य में विजयवाड़ा, एनटीआर, गुंटूर, कृष्णा, एलुरु, पालनाडु, बापटला और प्रकाशम सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में हैं। SDRF की 20 और NDRF की 19 टीमें राहत और बचाव में लगी हैं। सीएम नायडू ने बताया कि सोमवार को 3.5 लाख प्रभावित लोगों तक खाना पहुंचाया गया। 10 हजार लोगों तक फूड पैकेट पहुंचाने के लिए 8-9 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। आज 35 और ड्रोन तैनात किए जाएंगे। नावों, ट्रैक्टरों और वैन के जरिए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। दूर के इलाकों के लिए छह हेलीकॉप्टरों की मदद ली जाएगी। विजयवाड़ा में 24 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रहने के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। तेलंगाना: बारिश-बाढ़ से 5438 करोड़ का नुकसान
तेलंगाना सरकार ने सोमवार को बताया कि बारिश-बाढ़ से राज्य को कुल 5438 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। 110 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। इनमें 4000 से ज्यादा लोग शरण लिए हुए हैं। लगातार बारिश के कारण खम्मम के प्रकाश नगर में मुन्नरू नदी का जलस्तर बढ़ गया है। खम्मम के कलेक्टर मुजम्मिल खान ने कहा कि पिछले 30 सालों में ऐसी बाढ़ नहीं आई है। गुजरात: 10 नदियां और 132 जलाशय खतरे के निशान से ऊपर
गुजरात के नवसारी जिले में पूर्णा और अंबिका सहित 10 नदियां और 132 जलाशय खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों में वडोदरा में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 20,000 लोगों को निकाला गया है। 6,330 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। कुल 2,894 किलोमीटर सड़कों में से लगभग 139 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश: 100 से ज्यादा सड़कें बंद, 8 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को NH-707 समेत 109 सड़कें बंद रहीं। मौसम विभाग ने मंगलवार (3 सितंबर) को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और किन्नौर में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बाढ़ की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि इस साल बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 151 लोगों की मौत हो हुई है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… देश भर में मौसम की तस्वीरें… 4 सितंबर 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 सितंबर को गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्यों की मौसम की खबरें… राज्यों की मौसम की खबरें… मध्य प्रदेश: मालवा-निमाड़ के 8 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, 5 सितंबर से फिर नया सिस्टम; सीजन की 94% बारिश हुई मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन तेज बारिश का दौर बना रहेगा। मंगलवार (3 सितंबर) को मालवा-निमाड़ यानी इंदौर-उज्जैन संभाग के 8 जिले- झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, इंदौर, रतलाम, धार और देवास में तेज बारिश का अलर्ट है। भिंड भी भीगेगा। 5 सितंबर से बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया यानी निम्न दाब क्षेत्र एक्टिव हो रहा है। इसका असर अगले 2-3 दिन में प्रदेश में देखने को मिल सकता है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: सभी जिलों में आज बारिश के चेतावनी: 6 सितंबर तक पूरे राज्य में बारिश का यलो अलर्ट राजस्थान में सितंबर में भी तेज बारिश का दौर जारी है। सोमवार (2 सितंबर) को बांसवाड़ा, गंगानगर, चूरू, डूंगरपुर, अलवर समेत कई जिलों में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई। जयपुर में भी कई जगह तेज बारिश हुई। इससे यहां के परकोटा एरिया के बाजारों में पानी भर गया। आज भी सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 6 सितंबर तक हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: बारिश पर ब्रेक, 2 दिनों तक गर्मी रहने की आशंका, अगले 48 घंटे बाद बस्तर संभाग में बारिश का अलर्ट छत्तीसगढ़ में बारिश पर ब्रेक लगने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। अगले 48 घंटों तक गर्मी अभी और सताएगी। दो दिन बाद बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ेगी। 5 और 6 सितंबर को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे बस्तर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना: अब तक 26% कम बारिश हुई, गोपालगंज सबसे गर्म बिहार के कई जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिमी और उत्तरी इलाकों के कुछ जगहों पर हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है। 19 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में अब तक 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालगंज जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 2 जिलों में बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में 5 शहरों में बारिश, जींद में सबसे ज्यादा; 7 दिन खराब रहेगा मौसम हरियाणा में मानसून ने रफ्तार पकड़ी ली है। पिछले 3 दिनों से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी है। 24 घंटे में 5 जिलों में झमाझम बारिश हुई। सबसे ज्यादा जींद में 10mm बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 7 दिन बारिश जारी रह सकती है। आज पंचकूला और यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…