देश का मानसून ट्रैकर:मध्य प्रदेश में दीवार गिरने से 8 बच्चों की मौत; जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे बंद

मध्य प्रदेश में लगातार तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। सागर जिले के शाहपुर इलाके में रविवार सुबह बारिश की वजह से 50 साल पुराने मकान की दीवार गिर गई। इसमें 8 बच्चों की दबकर मौत हो गई, 4 घायल हैं। इनमें से ज्यादातर 10 से 14 साल के हैं। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से 10 बड़े डैम फुल हैं। राज्य में 58% यानी 21.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 2.6 इंच ज्यादा है। राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 21% ज्यादा बारिश हो चुकी है। राज्य में आमतौर पर 1 जून से 3 अगस्त तक 231.3MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 280.6MM बरसात हाे चुकी है। उधर, केरल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाद शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन में बादल फटने की घटना हुई। अचानक बाढ़ आने से मलबे में कई गाड़ियां और घर दब गए। श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे बंद हो गया। कश्मीर घाटी लद्दाख से कट गई। जनहानि की खबर नहीं है। हिमाचल में बादल फटने के बाद चौथे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों में बादल फटने की घटनाओं के कारण 114 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 7 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान जताया है और यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 27 जून से 1 अगस्त के बीच बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड में 79 लोगों की मौत हुई है। रामपुर के समेज में 1 अगस्त को बादल फटने से 9 लोगों की मौत हो गई। 45 लोग लापता हैं। इनकी तलाश के लिए रविवार (4 अगस्त) को चौथे दिन रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है। भारतीय सेना ने प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए एक अस्थायी पुल का निर्माण किया है। कमांडेंट होमगार्ड आर.पी. नेप्टा ने बताया कि मलबा और चट्टान हटाने के लिए JCB का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। NDRF, CISF और भारतीय सेना मौके पर मौजूद हैं। अब तक 3 शव बरामद हुए हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक यहां 36 लोग लापता हैं। महाराष्ट्र में रेड-ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार (4 अगस्त) के लिए महाराष्ट्र के पालघर, पुणे, सतारा के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे, नासिक, मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट है। पालघर में शनिवार (3 अगस्त) को नदी पार करते वक्त 21 साल का युवक पानी में बह गया। उसके दोस्त ने किसी तरह अपनी जान बचाई। युवक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों को नदी, नालों, समुद्र, झरने, तालाब के पास जाने से मना किया है। 22 राज्यों में आज जारी रहेगा बारिश का दौर
IMD ने आज उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। देशभर से बारिश की तस्वीरें… 5 अगस्त को 18 राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम केरल में बारिश की संभावना जताई है। राज्यों में मौसम का स्थिति… मध्य प्रदेश: ​​​भोपाल में तेज बारिश, 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; अब तक 2.6 इंच ज्यादा पानी गिरा मध्य प्रदेश में रविवार (4 अगस्त) को खूब बारिश होगी। भोपाल में सुबह से बारिश हो रही है। इंदौर समेत 31 जिलों में भी बारिश के आसार हैं। इनमें से रतलाम, मंदसौर, नीमच और गुना के लिए रेड अलर्ट है। राज्य की सभी छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं। 10 बड़े बांध फुल हो चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 3 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, राज्य में अब तक 21% ज्यादा पानी गिरा राजस्थान में रविवार (4 अगस्त) को भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने कोटा संभाग के तीन जिलों कोटा, बारां और झालावाड़ ​​​​​​में ​आज रेड अलर्ट जारी किया गया है। 11 जगह ऑरेंज और 8 जगह यलो अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, फिर बढ़ सकता है नदियों का जलस्तर; अब तक 32% कम बारिश बिहार में एक बार फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार (3 अगस्त) को झमाझम बारिश हुई। रविवार (4 अगस्त) को भी राज्य के 23 जिलों में बारिश की संभावना है। 6 जिलों में भारी बारिश तो 17 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 3 जिलों में आज यलो अलर्ट, 12 जिलों में मध्यम बारिश की संभावना; 6 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून पंजाब में मौसम विभाग ने रविवार (4 अगस्त) के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश हो सकती है। 1 अगस्त के बाद सुस्त हुआ मानसून 6 अगस्त को सक्रिय होने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: आज यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट; 24 घंटे में अंबाला में सबसे ज्यादा वर्षा हुई हरियाणा में शनिवार (3 अगस्त) से मानसून कमजोर पड़ गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 7 अगस्त से मानसून फिर सक्रिय होगा। राज्य में 1 जून से अब तक मात्र 165.0 एमएम बारिश ही दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर 217.0 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। मौसम विभाग ने रविवार (4 अगस्त) को यमुनानगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश अंबाला में दर्ज की गई, जहां 26.8 एमएम बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: अब तक औसत से 11% ज्यादा पानी गिरा; 58 दिनों में 466MM बारिश की जरूरत छत्तीसगढ़ में आज यानी रविवार (4 अगस्त) से भारी बारिश की गतिविधियों के कमी का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज और कल ज्यादातर जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में 1 जून से अब तक 673MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 11% ज्यादा है। पूरी खबर पढ़ें… अगस्त में पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में 20 सेमी बारिश संभव