देश का मानसून ट्रैकर:मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 2 फ्लाइट डायवर्ट और 7 वापस लौटीं; बिहार के 12 जिलों में बाढ़, बिजली गिरने से 3 मौतें

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को मुंबई, पालघर और नासिक के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके साथ ही ठाणे, रायगढ़ और पुणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर 2 फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा और 7 उड़ानों को वापस लौटना पड़ा। बिहार में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण 12 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। भागलपुर के मसाडू गांव में 50 से अधिक घर गंगा में बह चुके हैं। नवादा में बारिश के दौरान बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के भी 21 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बुधवार को भी बने हुए हैं। यहां गंगा, यमुना, घाघरा और शारदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने आज 22 जिलों में अलर्ट जारी किया है। उधर, मध्य प्रदेश में भी आज 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। यहां तापमान बढ़ना भी शुरू हो गया। राज्य में मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 36.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इधर, राजस्थान के आधे हिस्से से मानसून का लौटना भी शुरू हो गया है। प्रदेश में गर्मी का दौर भी शुरू हो गया है। बीकानेर, जैसलमेर में मंगलवार को दिन का तापमान 40º से ऊपर दर्ज किया गया। 6 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट बारिश की 4 फोटोज… 26 सितंबर को 6 राज्यों में 12 सेमी बारिश का अलर्ट UP-बिहार में कम बारिश, राजस्थान-गुजरात में ज्यादा
देश में मानसून के दौरान एक नया पैटर्न सामने आया है। गंगा पट्‌टी वाले राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल में बारिश लगातार घट रही है। सूखे माने जाने वाले देश के पश्चिमी राज्यों राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश बढ़ रही है। गंगा के मैदान वाले राज्यों जैसे उत्तराखंड में इस बार 107%, उत्तर प्रदेश में 94%, बिहार में 72% और प. बंगाल में 97% बारिश हुई है। जबकि राजस्थान में 157%, गुजरात में 141%, महाराष्ट्र में 122% बारिश हुई है। ये केवल इस साल का पैटर्न नहीं है, बीते 10 साल के दौरान (2015 और 2018) को छोड़कर 10 में से 8 साल में मानसून का यही पैटर्न रहा है। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और नगालैंड में भी लगातार बारिश कम हो रही है। मौसम एक्सपर्ट इसे क्लाइमेट चेंज से जोड़कर देख रहे हैं। इस बार के मानसून में अब तक 105 फीसदी बारिश हो चुकी है। मानसून सीजन में 868.8 mm बारिश होनी चाहिए, इस बार आंकड़ा मानसून खत्म से 12 दिन पहले 18 सितंबर को ही पार हो गया। एक जून से 23 सितंबर तक 837.7 mm बारिश होनी चाहिए थी। इस बार पश्चिमी हिस्सों में 6 दिन की देरी से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मानसून में कम बारिश से सर्दियों में भी ज्यादा धुंध
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की अनुमिता राय चौधरी के मुताबिक बारिश के दिनों में वायु प्रदूषण सबसे कम होता है। जब मानसून में कम बारिश होती है, तो हरियाली नहीं बढ़ती, उसका असर सर्दियों में भी पड़ता है। खासकर तब जबकि सर्दियों के दौरान होने वाली बारिश भी कम रहे। इससे हवा में लटके धूल के कणों की संख्या बढ़ती जाती है क्योंकि हवा की गति भी कम होती है। इससे वातावरण में धुंध बढ़ती है। कई साल बाद ऐसा इस बार बड़ी नदियों में आने वाली बाढ़ कम हुई
अनुमिता राय चौधरी के मुताबिक कई सालों बाद बारिश का पैटर्न कुछ ऐसा रहा कि देश के कुछ एक इलाकों को छोड़कर बड़ी नदियों से आने वाली बाढ़ का सामना कम करना पड़ा। बारिश के एक्सट्रीम इवेंट वाली घटनाएं कम हुईं। मानसून में इस बार अब तक 5% ज्यादा बारिश हुई। अभी 6 दिन बचे हैं। राजस्थान सामान्य से 5% ज्यादा बारिश के साथ देश में सबसे ज्यादा फायदे वाला राज्य रहा। बिहार 28% बारिश की कमी के साथ सर्वाधिक नुकसान वाला राज्य रहा। राज्यों की मौसम की खबरें राजस्थान के 11 जिलों में कल बारिश का अलर्ट, प्रदेश के आधे हिस्से से मानसून की विदाई हुई राजस्थान में मानसून की विदाई मंगलवार को भी जारी रही। जैसलमेर, आंशिक बाड़मेर, जोधपुर जिले के बाद अब मानसून गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, जालोर, पाली और सिरोही के कुछ हिस्सो से विदा हो गया है।राजस्थान के करीब आधे हिस्से से मानसून की विदाई हो गई है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: 31 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, अगले 3 दिन एक्टिव रहेगा सिस्टम; फिर विदा होगा मानसून मध्यप्रदेश में लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) के असर से अगले 3 दिन तेज बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को इंदौर, उज्जैन-जबलपुर समेत प्रदेश के 31 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, में भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: आज फिर एक्टिव होगा मानसून, 3 जिलों में बारिश के आसार; दिन की धूप से पारा चढ़ा हरियाणा में आज फिर मानसून एक्टिव हो गया है। सूबे के 3 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, करनाल में मौसम बदलने के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा जीटी रोड बेल्ट के कुछ जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। हालांकि दिन में लगातार धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: 39 डिग्री तक पहुंचा पारा, आगरा में ताजमहल देखने आए विदेशी पर्यटक हुए बेहोश यूपी में बारिश के थमते ही गर्मी और उमस का सितम भी बढ़ने लगा है। कई जिलों में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। आगरा में मंगलवार को ताजमहल देखने आए कई विदेशी पर्यटक बेहोश होकर गिर गए। एक महिला के सिर में गंभीर चोट भी आई है। प्रदेश में 5 दिन बाद फिर से बारिश के आसार बन रहे। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 7 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 2 दिनों तक कई शहरों में हो सकती है बारिश, नवादा में बिजली गिरने से 3 मौतें बिहार में अगले 2 दिनों तक बारिश की संभावना हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 7 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 8 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़े… हिमाचल प्रदेश: सितंबर की गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, सुंदरनगर का तापमान 34.7, कांगड़ा का पहली बार 35 डिग्री पहुंचा हिमाचल प्रदेश में मानसून के बीच गर्मी रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, मंगलवार को ऊना, कांगड़ा और सुंदरनगर में गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। मंडी जिला के सुंदरनगर में सितंबर माह में पहले इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी, जितना तापमान बीते मंगलवार को रिकॉर्ड किया गया। पूरी खबर पढ़ें…. पंजाब: 10 शहरों में बारिश की संभावना, तापमान 38 डिग्री पहुंचा, चंडीगढ़ में आज साफ रहेगा मौसम पंजाब और चंडीगढ़ में तापमान में बढ़ोतरी लगातार जारी है। चंडीगढ़ का तापमान जहां सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है, वहीं पंजाब का तापमान 3 डिग्री अधिक है। बीते दिन मंगलवार को चंडीगढ़ का तापमान 37.3 डिग्री पहुंचा। जबकि पंजाब का सर्वाधिक तापमान 38.5 डिग्री बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया था। पूरी खबर पढ़ें…