देश का मानसून ट्रैकर:27 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; केदारनाथ से 5 हजार लोगों को निकाला, एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर भी लगाए गए

देश के सभी हिस्सों में मानसून जमकर सक्रिय है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार (3 अगस्त) को 27 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, केदारनाथ में फंसे तीर्थयात्रियों को वायुसेना के चिनूक और MI-17 हेलिकॉप्टर की मदद ली जा रही है। लिंचोली के पास जंगलचट्टी में 31 जुलाई को बादल फटने से काफी रास्ता डैमेज हो गया था। अब तक 5 हजार लोगों को निकाला जा चुका है। उधर, असम में बाढ़ के चलते 2 लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ से 6 जिलों में 18 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। इस साल बाढ़, तूफान, बिजली गिरने और लैंडस्लाइड से राज्य में अब तक 116 लोगों की जान जा चुकी है। मध्य प्रदेश में 9 बांधों के गेट खोले, राजस्थान में कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी
मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में लगातार बारिश हो रही है। 2 अगस्त को प्रदेश के 9 बांधों के गेट भी खोल दिए गए। भोपाल में कोलार डैम के 4, कलियासोत के 10, भदभदा के 7, नर्मदापुरम में तवा डैम के 9, अशोकनगर में राजघाट के 8, जबलपुर में बरगी के 7, रायसेन के बारना डैम के 6, विदिशा में हलाली डैम के 2 और छिंदवाड़ा में माचागोरा डैम के 4 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। वहीं, राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। अजमेर के किशनगढ़ में तेज बारिश के कारण हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। सवाई माधोपुर में तेज बारिश के कारण एक मकान ढह गया। भीलवाड़ा, केकड़ी और टोंक जिलों में शनिवार (3 अगस्त) को भारी बारिश के अलर्ट के चलते कलेक्टरों ने स्कूलों में छुट्‌टी की घोषणा की है। देशभर से बारिश की तस्वीरें… 4 अगस्त को पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में 20 सेमी बारिश संभव