धर्मा प्रोडक्शन से निकाले गए थे अभिषेक बनर्जी:कास्टिंग ठीक से नहीं की तो करण जौहर ने कहा था- निकल जाओ हमारी फिल्म से

स्त्री और भेड़िया जैसी बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रहे एक्टर अभिषेक बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कास्टिंग डायरेक्टर की थी। एक समय पर वो धर्मा प्रोडक्शन के लिए कास्टिंग का काम किया करते थे, हालांकि एक बार उनके काम से नाखुश होकर करण जौहर ने उन्हें फिल्म से निकाल दिया था। एक्टर को लगा था कि इससे उनका करियर बर्बाद हो जाएगा, हालांकि ऐसा नहीं हुआ। अभिषेक बनर्जी साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म अग्निपथ के कास्टिंग डायरेक्टर थे। इस फिल्म को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया था, जबकि इसके डायरेक्टर करण मल्होत्रा थे। फिल्म के प्रोड्यूसर को अभिषेक द्वारा की गई कास्टिंग इतनी बुरी लगी कि उन्होंने सीधे फिल्म से निकाल दिया। इस पर सिद्धार्थ कानन को दिए एक इंटरव्यू में अभिषेक बनर्जी ने कहा है, हमें अग्निपथ से बाहर निकाला गया था। हम उस फिल्म के लिए कास्टिंग कर रहे थे। हालांकि बाद में उस फिल्म की कास्टिंग का काम जोगी भाई (मलंग) ने किया था। हमें क्यों निकाला गया था? क्योंकि करण सर को हमारी कास्टिंग पसंद नहीं आई थी। आगे उन्होंने कहा है, हम फिल्म में अनुराग कश्यप जैसे एक्टर कास्ट कर रहे थे। उन्हें वो पसंद नहीं आया और उन्होंने कहा, निकल जाओ हमारी फिल्म से। हमें लगा था कि हमारा करियर बर्बाद, खत्म। क्योंकि हमें धर्मा प्रोडक्शन से निकाला गया था। हमें लगा हम खत्म हो गए, लेकिन खुशकिस्मती से हमने सर्वाइव कर लिया। बताते चलें कि इन दिनों अपनी एक्टिंग से सुर्खियों में रहने वाले एक्टर अभिषेक बनर्जी ने साल 2010 में बतौर कास्टिंग डायरेक्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने विद्या बालन स्टारर फिल्म द डर्टी पिक्चर और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म नो वन किल्ड जेसिका, मिक्की वायरस, गब्बर इज बैक, रॉक ऑन 2, ओके जानू, सीक्रेट सुपरस्टार, कलंक जैसी फिल्मों के लिए कास्टिंग का काम किया था। एक्टिंग करियर की बात करें तो अभिषेक ने साल 2006 की फिल्म रंग दे बसंती में एक छोटी सी भूमिका निभाकर एक्टिंग डेब्यू किया था। कई फिल्मों में छोटी-मोटी भूमिका निभाने के बाद अभिषेक ने साल 2018 की फिल्म स्त्री से पहचान बनाई थी। इस साल एक्टर वेदा और स्त्री 2 में नजर आए हैं।