धारदार हथियार से सिर, पेट, गर्दन समेत गुप्तांगों पर करीब 1 दर्जन जगहों पर वार

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)में भर्ती 12 वर्षीय बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। धारदार हथियार से करीब एक दर्जन से अधिक जगहों पर बच्ची पर वार किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सिर में में फैक्चर और चोट, पेट कई जगहों पर फटा हुआ तथा गुप्तांगों पर भी चोट के निशान है।

डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची को पेट समेत दो सर्जरी की गई है। सिर व पेट से काफी अधिक खून बह गया था। आने वाले 48 घंटे बच्ची के लिए काफी महत्वपूर्ण है। डॉक्टरों की टीम पूरी तरह से बच्ची के इलाज मेें जुटी हुई है। वहीं गुरुवार को बच्ची की हालत जानने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालिवाल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नरेश चौधरी एम्स पहुंचे थे।

दो दिन तक 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पहचाना आरोपी, गिरफ्तार

पश्चिम बिहार थाना क्षेत्र में बच्ची के साथ यौन शोषण करने वाला और जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्ण (33) के रुप में हुई है। गत 4 अगस्त को वारदात के बारे में पुलिस को जानकारी मिली थी। पश्चिमी रेंज के संयुक्त आयुक्त शालिनी सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के तुरंत बाद मामला दर्ज कर लिया गया था। डीसीपी डॉ ए कॉन के नेतृत्व में 20 टीमें गठित की गई थी। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की छानबीन की उसके बाद आरोपी की पहचान की गई। इसके साथ ही पुलिस ने करीब 50 से अधिक संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की। गुरुवार देर रात को पुलिस टीम ने आरोपी कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त आयुक्त ने बताया कि फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी के खिलाफ पहले भी 4 अपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या व हत्या की कोशिश और सेंधमारी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

निर्भया की मां ने कहा, बच्चियां घर में भी सुरक्षित नहीं

दिल्ली दुष्कर्म पीड़िता निर्भया की मां आशा देवी ने कहा कि इस घटना से पता चलता है कि घर में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। अपराधियाें में कानून का खाैफ नहीं है। इसके लिए जरूरी है कि इंसाफ जल्दी हाे।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

एम्स में पश्चिम विहार की 12साल की दुष्कर्म पीड़िता से मिलने पंहुचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया घेराव करते हुए नारेबाजी की।