नीतीश रेड्‌डी मैनचेस्टर टेस्ट से पहले चोटिल:अंशुल कंबोज को भारतीय टीम में शामिल किया गया; आकाश और अर्शदीप पहले से इंजर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारतीय टीम की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही है। आकाश दीप और अर्शदीप सिंह के बाद रविवार को बैटिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्‌डी भी चोटिल हो गए हैं। उनके घुटने में चोट लगने की सूचना है। नीतीश से पहले तेज गेंदबाज आकाश दीप और अर्शदीप सिंह के चोटिल होने की खबरें आई थीं। इनके कवर के तौर पर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को भारतीय टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, BCCI ने प्लेयर्स की इंजरी पर कुछ नहीं कहा है। फिलहाल, भारतीय टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही है। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होगा। आकाश दीप की कमर में दर्द
न्यूज एजेंसी PTI ने एक रिपोर्ट में लिखा- आकाश दीप कमर में दर्द से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर संदेह है। वहीं, अर्शदीप के उपलब्ध होने की संभावना कम है। इसलिए सिलेक्टर्स ने कंबोज को टीम में शामिल करने का फैसला किया है। अर्शदीप ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल हुए
अर्शदीप सिंह गुरुवार को चौथे टेस्ट के लिए प्रैक्टिस कर रहे थे। बॉलिंग के दौरान वे गेंद रोकने की कोशिश में खुद को इंजर्ड कर बैठे। टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच टेन डोश्चेट ने बताया था कि बॉलिंग के दौरान अर्शदीप के हाथ में कट लग गया। ये कट कितना गहरा है, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। अगर उन्हें हाथ में टांके लगाने की जरूरत पड़ी तो उनका प्रैक्टिस करना भी मुश्किल हो जाएगा। भारतीय टीम मैनचेस्टर पहुंची
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें रविवार को मैनचेस्टर पहुंच गईं। उससे पहले टीमें लंदन के बेकनहम में ही प्रैक्टिस कर रही थीं। लंदन के द लॉर्ड्स स्टेडियम में तीसरा टेस्ट खेला गया था। जिसे इंग्लैंड ने 22 रन से जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। भारत ने दूसरा टेस्ट जीता था। टीम इंडिया चौथा टेस्ट जीतकर सीरीज में 2-2 से बराबरी करना चाहेगी। अंशुल ने रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 10 विकेट झटके
टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड लायंस के खिलाफ इंडिया-ए के लिए दो मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद 24 साल के कंबोज को टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने नॉर्थेम्पटन और कैंटरबरी में चार पारियों में पांच विकेट लिए थे। पिछले साल लाहली में केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में एक पारी में सभी 10 विकेट लेने के बाद कंबोज सुर्खियों में आए थे। वह बंगाल के प्रेमांसु चटर्जी (1956-57) और राजस्थान के प्रदीप सोमसुंदरम (1985-86) के बाद रणजी ट्रॉफी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले केवल तीसरे गेंदबाज हैं। ——————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत-पाक लीजेंड्स मैच रद्द:धवन-रैना समेत भारतीय क्रिकेटरों ने खेलने से इनकार किया था भारतीय क्रिकेटरों के पाकिस्तान के साथ खेलने पर मना करने के बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के आयोजकों ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को रद्द कर दिया है। आयोजकों ने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचने के लिए माफी मांगी है। यह मैच 20 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाना था। पढ़ें पूरी खबर…