नेशनल अवॉर्ड विनर ऋषभ शेट्‌टी बोले:‘OTT प्लेटफॉर्म कन्नड़ कंटेंट नहीं खरीदते, मजबूरी में यूट्यूब पर रिलीज करना पड़ता है’

एक्टर ऋषभ शेट्टी ने हाल ही फिल्म ‘कांतारा’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड अपने नाम किया है। इस जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्टर ने बताया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म कन्नड़ कंटेंट खरीदने से हिचकिचाते हैं। हमें ऐसी फिल्मों से रिकवरी नहीं मिलती: ऋषभ
मीडिया से बात करते हुए ऋषभ ने कहा, ‘हमारी फिल्में फेस्टिवल में प्रीमियर होती हैं और अवाॅर्ड्स जीतती हैं पर हमारी फिल्मों पर कोई ओटीटी प्लेटफॉर्म इन्वेस्ट नहीं करता। जब कोई ओटीटी प्लेटफॉर्म कन्नड़ फिल्में नहीं खरीदता तो फिर हमें मजबूरी में उन्हें यूट्यूब चैनल पर अपलोड करना पड़ता है। मैं इससे थक चुका हूं। हमें ऐसी फिल्मों से रिकवरी नहीं मिलती।’ ‘मैं तो सिर्फ चेहरा हूं, मेहनत कई लोगों की है’
वहीं नेशनल अवॉर्ड जीतने पर एक्टर ने ऑडियंस और फिल्म की टीम को थैंक्स कहा। उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ अपना काम कर रहा हूं पर ‘कांतारा’ की जीत इससे जुड़े हर एक टीम मेंबर को समर्पित है। मैं सिर्फ चेहरा हूं पर मेहनत फिल्म पर काम करने वाले बहुत सारे टेक्नीशियंस की है। मैं सभी का धन्यवाद कहना चाहता हूं।’ अब फिल्मों को सबकुछ देना चाहता हूं: ऋषभ
वर्कफ्रंट पर ऋषभ ने बताया कि वो इन दिनों ‘कांतारा 2’ के अलावा ‘पेड्रो’ और ‘वागाचिपानी’ जैसी फिल्मों पर भी काम कर रहे हैं। इन्हें वो खुद प्रोड्यूस कर रहे हैं। वो कहते हैं कि फिल्माें ने ही उन्हें सबकुछ दिया है और अब वो फिल्मों को सबकुछ देना चाहते हैं। ‘कांतारा 2’, साल 2022 में रिलीज हुई ‘कांतारा’ का सीक्वल है। इसे ऋषभ ने ही लिखा और डायरेक्ट किया है। वो इसमें लीड रोल प्ले करते भी नजर आएंगे।