न्यूज इन ब्रीफ@11 AM:कुपवाड़ा में आतंकी हमला- 1 जवान शहीद, 4 घायल; नीति आयोग की बैठक में ममता पहुंचीं, I.N.D.I.A ब्लॉक के 7 मुख्यमंत्री नहीं आए

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकी हमला, 1 जवान शहीद, 4 घायल; एक आतंकी भी ढेर
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में शनिवार (27 जुलाई) की सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में 1 जवान शहीद हो गया। मेजर समेत चार जवान घायल हैं। एक आतंकी भी मारा गया है। उसके पाकिस्तानी कमांडो होने का शक है। रिपोर्ट्स के अनुसार जवान कमकारी इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रहे थे, तभी आंतकियों ने फायरिंग कर दी। जुलाई 2024 में अब तक जम्मू-कश्मीर में 9 बड़े आतंकी हमले हुए हैं। इनमें कुल 13 जवान शहीद हुए, जबकि सुरक्षाकर्मियों ने 12 आतंकियों को मारा गिराया। पिछले 27 दिन में यह नौवां आतंकी हमला है।
पढ़ें पूरी खबर… 2. PM मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक; 7 राज्यों के CM का इनकार, ममता पहुंचीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नीति आयोग की 9वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक कर रहे हैं। मीटिंग में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर फोकस रहेगा। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री अपने राज्यों के बारे में बातचीत करेंगे। बैठक में 7 राज्यों के मुख्यमंत्रियों (I.N.D.I.A गठबंधन से जुड़े) ने आने से इनकार कर दिया था। इनमें तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और झारखंड शामिल हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बैठक में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि वे बजट 2024-25 में राज्यों के साथ हुए भेदभाव का मुद्दा उठाएंगी।
पढ़ें पूरी खबर… 3. MP-राजस्थान समेत 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, गुजरात में 2700 लोगों को रेस्क्यू
मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 27 जुलाई को 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इधर, गुजरात के भी कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 2700 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 2200 लोग नवसारी और 500 लोग तापी जिले के हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश से यमुनोत्री धाम के दोनों गर्मकुंडों में मलबा भर गया है। मंदिर का ऑफिस, रसोई टूट गई है, मंदिर तक जाने वाला पैदल पुल भी बह गया है।
पढ़ें पूरी खबर… 4. राहुल गांधी को नए बंगले का ऑफर, लोकसभा सदस्यता जाने के बाद छोड़ा था पुराना घर
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को नया बंगला ऑफर किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली के सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर 5 राहुल गांधी का नया घर हो सकता है। लोकसभा में नेता विपक्ष होने के कारण उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है, जो उन्हें टाइप-8 बंगले का हकदार बनाता है। राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी बंगले का दौरा करने पहुंची थीं। मोदी सरनेम मामले में 2 साल की सजा मिलने के बाद 22 अप्रैल 2023 को उन्हें सरकारी बंगला खाली करना पड़ा था। उस समय वे 12, तुगलक लेन में रह रहे थे।
पढ़ें पूरी खबर… 5. NEET पेपर लीक- धनबाद से एक और गिरफ्तारी, CBI को तालाब से बोरी में भरे मोबाइल मिले
NEET पेपर लीक मामले में पटना की CBI टीम ने धनबाद से एक और गिरफ्तारी की है। गिरफ्तार होने वाले शख्स का नाम पवन है और वह पेशे से कार ड्राइवर बताया जा रहा है। CBI ने पवन को धनबाद की कंबाइंड बिल्डिंग के पास से गिरफ्तार किया है। पवन की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर CBI की टीम शहीद गुरुदास चटर्जी फुटबॉल मैदान के पास भाटबांध तालाब पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से CBI ने यहां से एक सीमेंट की बोरी से एक दर्जन टूटे हुए मोबाइल, दो इंसुलेटर और गले हुए कई डॉक्यूमेंट्स बरामद किए हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 6. पुणे पोर्श केस में 900 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, नाबालिग आरोपी का नाम नहीं
पुणे पोर्श केस में पुलिस ने करीब दो महीने बाद 900 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में 17 साल के नाबालिग आरोपी का नाम शामिल नहीं किया गया है। नाबालिग का मामला जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के सामने है। आरोपी ने 18-19 मई की रात पुणे के कल्याणी नगर इलाके में IT सेक्टर में काम करने वाले बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारी थी, जिससे दोनों की मौत हो गई थी। घटना के समय आरोपी नशे में था। वह 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पोर्श स्पोर्ट्स कार चला रहा था।
पढ़ें पूरी खबर… 7. प्राइवेट मोबाइल कंपनियों के टैरिफ में बढ़ोतरी का असर, BSNL से 15 दिन में 15 लाख ग्राहक जुड़े
प्राइवेट मोबाइल कंपनियों के टैरिफ में जुलाई से 25% तक बढ़ोतरी हो गई है। इसके बाद BSNL से ग्राहक जुड़ने लगे हैं। जुलाई के शुरुआती 15 दिन में ही 15 लाख से ज्यादा ग्राहक जोड़ चुकी है। मई में 15 हजार नए कस्टमर बने थे। BSNL में पोर्टिंग यानी दूसरी कंपनी से शिफ्ट होने वाले ग्राहक भी बढ़ रहे हैं। इसमें UP, बंगाल, आंध्र शीर्ष पर हैं। दो दशक पहले भारतीय टेलिकॉम बाजार में 18% से ज्यादा हिस्सेदारी वाली BSNL की मौजूदा हिस्सेदारी 2.5% से भी कम बची है।
पढ़ें पूरी खबर… 8. पेरिस ओलिंपिक में आज से मेडल की रेस, 8 खेलों के 22 मेडल इवेंट होंगे; 4 भारतीय शूटर्स पर नजरें
पेरिस ओलिंपिक-2024 में आज से मेडल की रेस शुरू होगी। शनिवार को 8 खेलों के 22 मेडल इवेंट होंगे। इनमें से भारतीय खेलप्रेमियों की नजर शूटर्स पर होंगी, क्योंकि दोपहर 3 बजे राइफल 10 मीटर कैटेगरी का गोल्ड मैडल मैच खेला जाएगा। इस कैटेगरी में भारत के 4 निशानेबाज अपनी-अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ी बैडमिंटन, मुक्केबाजी, हॉकी समेत कुल सात खेलों में हिस्सा लेंगे। भारत का पहला मैच दोपहर 12:30 बजे शूटिंग का होगा। आखिरी मैच रात 12 बजे के बाद बॉक्सिंग में होगा।
पढ़ें पूरी खबर… 9. कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी का फॉर्म भरा; 1 दिन पहले ओबामा ने दिया था समर्थन
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन की उम्मीदवारी छोड़ने के 5 दिन बाद कमला हैरिस आधिकारिक तौर पर डेमोक्रेट पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी घोषणा की। उन्होंने पोस्ट कर लिखा ‘मैंने राष्ट्रपति पद के लिए फॉर्म पर साइन कर दिया है। मैं हर वोट हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करूंगी और इस साल नवंबर में हमारी की पार्टी की जीत होगी।’ 21 जुलाई को राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चुनाव नहीं लड़ेंगे का ऐलान किया था। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने भी भारतवंशी कमला हैरिस की उम्मीदवारी का समर्थन किया था।
पढ़ें पूरी खबर… 10. प्रियंका बोलीं- इजराइल के नरसंहार का विरोध करे दुनिया, गाजा में महिलाओं की आवाज दबाई गई
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को गाजा में जंग के लिए इजराइली सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने वैश्विक समुदाय से अपील की है कि वे गाजा में इजराइल के नरसंहार के खिलाफ आवाज उठाएं और उन पर सीजफायर के लिए दबाव बनाएं। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रियंका ने कहा, “ये दुनिया के हर नागरिक और सरकार की जिम्मेदारी है कि वे इजराइल के हमले की निंदा करें। उनकी हरकतें एक सभ्य दुनिया में स्वीकार नहीं की जा सकती हैं। गाजा में नरसंहार हो रहा है। महिलाओं, मासूम बच्चों, डॉक्टरों, टीचरों और पत्रकारों की आवाज को दबा दिया गया है।”
पढ़ें पूरी खबर…