न्यूज इन ब्रीफ@11 AM:मोदी कैबिनेट में आज मंत्रालय बंट सकते हैं; जीते बिना 14 मंत्री बने; कश्मीर में आतंकियों ने श्रद्धालुओं पर 30 गोलियां बरसाईं

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. पहली कैबिनेट बैठक आज: विभाग बांटे जा सकते हैं; शाह-राजनाथ का मंत्रालय नहीं बदलेगा
नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। सोमवार (10 जून) शाम पांच बजे PM आवास, लोक कल्याण मार्ग पर कैबिनेट की पहली बैठक और उसके बाद डिनर होगा। बैठक में मंत्रियों को उनके विभाग बांटे जा सकते हैं। साथ ही सरकार के पहले 100 दिन के रोड मैप पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि अमित शाह और राजनाथ सिंह के विभाग नहीं बदले जाएंगे। पहले की तरह शाह गृह मंत्री और राजनाथ रक्षा मंत्री बने रहेंगे।
पढ़ें पूरी खबर… 2. मोदी की सबसे बड़ी कैबिनेट, 71 मंत्री; गठबंधन के 11: 24 राज्यों के मंत्री
नतीजे आने के छठे दिन रविवार 9 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 72 मंत्रियों ने शपथ ली। PM के अलावा 60 मंत्री भाजपा और 11 अन्य दलों के हैं। लगातार तीसरी बार PM बनने वाले मोदी ने अपना सबसे बड़ा मंत्रिमंडल बनाया है। कुल 71 मंत्री हैं। 2014 में 45 और 2019 में 57 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इस बार कैबिनेट में 24 राज्यों के मंत्री शामिल हैं। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से 11 मंत्री हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 3. कश्मीर में श्रद्धालुओं से भरी बस पर आतंकी हमला, 10 मौतें; आतंकियों ने चलाईं 30 गोलियां
जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने कंदा इलाके में शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर ओपन फायर किया। जिसमें ड्राइवर घायल हुआ और उसका बस से कंट्रोल खो गया। इसके चलते बस खाई में गिरी और 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई। घायल संतोष कुमार ने बताया कि आतंकियों ने सेना जैसी वर्दी पहनी थी। उन्होंने मुंह बांध रखा था। बस जैसे ही मोड़ पर आई, अचानक गोलियां चलने लगीं। आतंकियों ने 25 से 30 गोलियां चलाई थीं।
पढ़ें पूरी खबर… 4. मोदी कैबिनेट में चुनाव जीते बिना 14 मंत्री बने, जेपी नड्डा की कैबिनेट में वापसी
मोदी कैबिनेट में 12 ऐसे नेताओं को मंत्री बनाया गया है, जिन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। इनमें जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, एस. जयशंकर, निर्मला सीतारमण, हरदीप सिंह पुरी, जयंत चौधरी, रामदास अठावले, रामनाथ ठाकुर, बीएल वर्मा, सतीश चंद्र दुबे, पबित्रा मार्गरिटा और जॉर्ज कुरियन ​​​​​​शामिल हैं। इनके अलावा हारे हुए दो नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। इनमें एल. मुरुगन को राज्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, लुधियाना से कांग्रेस कैंडिडेट अमरिंदर सिंह से हारने वाले रवनीत सिंह बिट्टू को भी मंत्री बनाया गया है।
पढ़ें पूरी खबर… 5. MP में 17-18 जून तक मानसून की एंट्री, राजस्थान में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में मानसून 17 से 18 जून तक एंटर होगा। इससे पहले, प्रदेश में प्री-मानसून की एक्टिविटी रहेगी। वहीं राजस्थान में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर सहित 11 जिलों में हल्की बरसात और ओले गिरने की संभावना है। उधर मुंबई में 2 दिन पहले मानसून पहुंचा। बारिश के चलते कई इलाके पानी में डूब गए।
पढ़ें पूरी खबर… 6. NTA ने अपने चेयरमैन को सौंपा NEET जांच का जिम्मा, परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट परीक्षा में गड़बड़ी की जांच का जिम्मा अपनी ही गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी को सौंपा है। प्रदीप को जांच पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है। कमेटी को जांच के बाद बताना है कि 1,563 छात्रों की फिर से परीक्षा ली जाए या नए फॉर्मूले के आधार पर उन्हें फिर से अंक दिए जाएं और रिवाइज रिजल्ट जारी हो। इस साल NEET-UG एग्जाम 5 मई को हुआ था। इसके लिए देशभर में 557 और विदेशों में 14 एग्जाम सेंटर बनाए गए थे।
पढ़ें पूरी खबर… 7. न्यूयॉर्क की पिच इतनी मुश्किल क्यों, 10 दिन में 8 मैच; औसत स्कोर 105 रन
5 मैच, 10 पारियां और औसत स्कोर महज 105 रन। यह हाल है टी-20 वर्ल्ड कप होस्ट कर रहे न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी स्टेडियम की पिचों का। यहीं रविवार को भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ महज 119 रन बनाने के बावजूद 6 रन से मैच जीत लिया। न्यूयॉर्क में अब तक गेंदबाजों को बहुत ज्यादा मदद और बैटर्स के लिए खतरनाक उछाल देखने को मिली है। दरअसल पिच को तैयार करने के लिए बहुत कम वक्त मिला था।
पढ़ें पूरी खबर… 8. सेंसेक्स 386 पॉइंट चढ़कर 77,079 के रिकॉर्ड हाई पर, निफ्टी भी 121 अंक चढ़ा
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज, सोमवार 10 जून को सेंसेक्स 386 अंक चढ़कर 77,079 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। निफ्टी में भी 121 अंकों की तेजी है, यह भी 23,411 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा। आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 में तेजी और 16 में गिरावट है। पावरग्रिड का शेयर सबसे ज्यादा 3.30% चढ़ा है। वहीं एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक, नेस्ले और SBI के शेयरों में 1% से ज्यादा कि तेजी है।
पढ़ें पूरी खबर… 9. कनाडाई खुफिया विभाग इस साल सीक्रेट तरीके से भारत आया: निज्जर हत्याकांड की जांच की
खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद कनाडाई खुफिया विभाग इस साल फरवरी और मार्च में दो बार सीक्रेट तरीके से भारत आया। 18 जून, 2023 की शाम को सरे शहर के एक गुरुद्वारे से निकलते समय निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पिछले साल 18 सितंबर को भारत सरकार पर निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था, जिसे भारत ने खारिज किया था।
पढ़ें पूरी खबर… 10. भारत ने T-20 में अपना सबसे छोटा टोटल डिफेंड किया, पंड्या ने बनाया विकेट का रिकॉर्ड
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर 6 रन की रोमांचक जीत दर्ज की। न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस हारकर बैटिंग करते हुए 119 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 113 तक ही पहुंच सकी। इस मैच में टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में अपना सबसे छोटा स्कोर डिफेंड किया। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा 13 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए।
पढ़ें पूरी खबर…