न्यूज इन ब्रीफ@11 AM:NEET परीक्षा विवाद, आरोपी बोला- हू-ब-हू पेपर मिला था; कुवैत से 45 शव भारत लाए गए; आज मोदी-मेलोनी की मुलाकात

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. NEET परीक्षा केस में आरोपी का कबूलनामा: कहा- हमें हू-ब-हू पेपर मिला था, 19 गिरफ्तार
NEET परीक्षा विवाद के बीच पटना पुलिस की FIR में पेपर लीक की बात सामने आई है। पुलिस ने कोर्ट में आरोपी आयुष का बयान पेश किया। बयान के मुताबिक, 4 मई को आयुष को नीट एग्जॉम का क्वेश्चन पेपर उत्तर सहित दिया गया और याद करने के लिए कहा गया था। अगले दिन 5 मई को देशभर में NEET की परीक्षा ली गई। इसमें 24 लाख से ज्यादा कैंडिडेट शामिल हुए। बिहार में NEET की परीक्षा में सॉल्वर गैंग के 19 लोग गिरफ्तार हुए। हालांकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कहा था, NEET परीक्षा में किसी प्रकार की धांधली, भ्रष्टाचार या पेपर लीक का कोई भी पुख्ता सबूत अभी तक सामने नहीं आया है।
पढ़ें पूरी खबर… 2. तीसरे कार्यकाल में मोदी का इटली दौरा, 10 साल में 66 देश गए, सबसे ज्यादा अमेरिका पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल के पहले विदेश दौरे में इटली गए हैं। वे G7 बैठक में हिस्सा लेंगे। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी से उनकी द्विपक्षीय बात होगी। पिछले 10 सालों में मोदी 66 देश जा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 8 बार अमेरिका का दौरा किया। मोदी अपने पहले कार्यकाल में 5 बार चीन गए। वे सबसे ज्यादा बार चीन जाने वाले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। हालांकि दूसरे कार्यकाल 2019-2024 के बीच उन्होंने एक भी चीन यात्रा नहीं की।
पढ़ें पूरी खबर… 3. कुवैत में आग से जान गंवाने वाले 45 शवों को भारत लाया गया, सबसे ज्यादा 23 केरल के
कुवैत के मंगाफ में 12 जून को आग में मारे गए 45 भारतीयों के शव लेकर भारतीय वायुसेना का स्पेशल एयरक्राफ्ट C-130J केरल के कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचा। मृतकों में सबसे ज्यादा 23 लोग केरल के थे। इसके बाद विमान दिल्ली आएगा। जान गंवाने वाले अन्य 22 लोगों में तमिलनाडु के 7, आंध्र प्रदेश-उत्तर प्रदेश के 3-3 और बिहार, ओडिशा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल के 1-1 लोग हैं। एक मृतक किस राज्य का है, यह सामने नहीं आया है।
पढ़ें पूरी खबर… 4. सिक्किम में लैंडस्लाइड से 6 की मौत, कई लापता; पर्यटन स्थलों पर 2 हजार लोग फंसे
पिछले तीन दिन से जारी बारिश के चलते उत्तरी सिक्किम के कई इलाके तबाह हो गए हैं। भूस्खलन और बाढ़ में सैकड़ों घर और सड़कें बह गई हैं। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगन जिले में एक दिन में 220 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। जिसके चलते संगकालांग पुल ढह गया। इससे दजोंगू, चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग से संपर्क टूट गया है। इन इलाकों में अब न फोन कनेक्टिविटी है और न ही रोड। बिजली पोल भी बह गए हैं। आसपास के पर्यटन स्थल पर दो हजार से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 5. येदियुरप्पा की गिरफ्तारी पर फैसला आज, कर्नाटक HC में अग्रिम जमानत पर सुनवाई होगी
कर्नाटक के पूर्व CM और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ POCSO केस में अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। वारंट जारी होने के बाद उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत और केस रद्द करने की मांग की याचिकाएं लगाईं। इस पर आज सुनवाई होनी है। कोर्ट आज फैसला सुनाएगा की येदियुरप्पा की गिरफ्तारी होगी या नहीं। मामला फरवरी 2024 का है। एक महिला 17 साल की बेटी के साथ येदियुरप्पा के डॉलर्स कॉलोनी स्थित घर पर रेप केस में मदद मांगने गई थी। आरोप है कि वहां लड़की से छेड़छाड़ हुई।
पढ़ें पूरी खबर… 6. आज जारी होंगे मई की थोक महंगाई के आंकड़े, ईंधन की कीमतें बढ़ने से ये 4% पर पहुंच सकती है
आज मई की थोक महंगाई (WPI) के आंकड़े जारी होंगे। एक्सपर्ट्स के अनुसार थोक महंगाई मई में बढ़कर 4% पर पहुंच सकती है। अप्रैल में यह 1.26% रही थी। इसका मुख्य कारण ईंधन महंगा होना हो सकता है। फ्यूल इंफ्लेशन अप्रैल में 1.38% थी, जो बढ़कर 7% होने की उम्मीद है। इससे पहले अप्रैल महीने में थोक महंगाई 1.26% रही थी, जो 13 महीने का उच्चतम स्तर था। वहीं इससे एक महीने पहले मार्च 2024 में ये 0.53% रही थी। फरवरी में थोक महंगाई 0.20% और जनवरी में 0.27% रही थी।
पढ़ें पूरी खबर… 7. एमपी में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मां-बेटियों समेत 5 की मौत; 19 घायल, 30 लोग सवार थे
मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई। मां-बेटी भी हैं। 19 लोग घायल हैं। ट्रॉली में 30 लोग सवार थे। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र के गांव जोरा मैथाना पाली के पास हुआ। 3 मृतक एक ही परिवार के हैं। जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में सवार लोग दीसवार गांव से रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने जा रहे थे।
पढ़ें पूरी खबर… 8. RSS के इंद्रेश बोले-अहंकार ने भाजपा को 241 पर रोका, राम सबके साथ न्याय करते हैं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने गुरुवार को कहा- राम सबके साथ न्याय करते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव को ही देख लीजिए। जिन्होंने राम की भक्ति की, लेकिन उनमें धीरे-धीरे अहंकार आ गया। उस पार्टी को सबसे बड़ी पार्टी घोषित कर दिया, लेकिन 241 पर रोक दिया। उनको जो पूर्ण हक मिलना चाहिए, जो शक्ति मिलनी चाहिए, वो भगवान ने अहंकार के कारण रोक दी।
पढ़ें पूरी खबर… 9. बिभव कुमार की जमानत याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई, तीस हजारी कोर्ट कर चुका खारिज
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के PA बिभव कुमार की तरफ से दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल की गई जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। तीस हजारी कोर्ट ने 8 जून को बिभव कुमार की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि अगर आरोपी को रिहा किया जाता है तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। बिभव पर AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से CM हाउस में मारपीट का आरोप है। उन्हें 18 मई को CM हाउस से गिरफ्तार किया गया था।
पढ़ें पूरी खबर… 10. अफगानिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में क्वालिफाई किया; पापुआ न्यू गिनी को हराया
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में अफगानिस्तान ने जगह बना ली है। टीम ने पापुआ न्यू गिनी को 7 विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने गेंदबाजी करने का फैसला किया। पापुआ न्यू गिनी की टीम 19.5 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई। फजलहक फारूकी ने 4 ओवर के स्पेल में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। जवाब में अफगानिस्तान ने 15.1 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट चेज कर लिया। गुलबदीन नाइब ने नाबाद 49 रन की पारी खेली।
पढ़ें पूरी खबर…