न्यूज इन ब्रीफ@5 PM:3 दिन में सोना ₹5000 सस्ता; पेरिस ओलिंपिक- भारतीय महिला तीरंदाज क्वार्टरफाइनल में; राष्ट्रपति भवन में दो हॉल के नाम बदले

नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. तीन दिन में सोना ₹5,000 सस्ता हुआ; आज 974 रुपए गिरकर ₹69,194 प्रति 10 ग्राम बिक रहा
बजट में सोना-चांदी की कस्टम ड्यूटी (इम्पोर्ट टैक्स) घटने के बाद से 3 दिन में सोना 5 हजार रुपए और चांदी 6 हजार 400 रुपए सस्ती हो चुकी है। सरकार ने बजट में सोना-चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 15% से घटाकर 6% कर दिया है। जिससे भाव में ये गिरावट आई है। 25 जुलाई को सोना 974 रुपए गिरकर 68,177 रुपए पर आ गया है। वहीं चांदी आज 3,061 रुपए गिरकर 81,801 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। पढ़ें पूरी खबर… 2. पेरिस ओलिंपिक- भारतीय महिला तीरंदाजी टीम क्वार्टरफाइनल में; अंकिता की सीजन में बेस्ट परफॉर्मेंस, कोरिया नंबर-1 पर
पेरिस ओलिंपिक में गुरुवार को महिला तीरंदाजी के रैंकिंग राउंड की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय टीम इस राउंड में चौथे नंबर पर रही। उसने 1983 पॉइंट्स हासिल किए। टीम सीधे क्वार्टरफाइनल पहुंची है। इस राउंड में कोरिया ने ओलिंपिक रिकॉर्ड तोड़ा और 2046 पॉइंट के साथ पहले पोजिशन पर रही। चीन (1996) दूसरे और मैक्सिको (1986 पॉइंट्स) तीसरे नंबर पर रही। पढ़ें पूरी खबर… 3. शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का दावा- बाबा विश्वनाथ से भी चोरी हुआ सोना; जांच नहीं हो रही
ज्योतिर्मय मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने एक बार फिर बड़ा दावा किया। दिल्ली में उन्होंने कहा- सिर्फ बाबा केदारनाथ धाम से ही नहीं, बाबा विश्वनाथ समेत देश के और कई मंदिरों से भी सोना चोरी हुआ है। भगवान के साथ अगर छलावा हुआ है, तो सामने आना चाहिए। 10 दिन पहले अविमुक्तेश्वरानंद ने केदारनाथ से 228 किलो सोना चोरी होने का खुलासा किया था। वे अपने उस दावे पर कायम हैं। पढ़ें पूरी खबर… 4. जैश से जुड़े आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार; कठुआ हमले के आतंकियों को वाई-फाई और खाना मुहैया कराया था
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 8 जुलाई को आतंकियों के हमले में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) समेत 5 जवान शहीद हुए थे। इस हमले में आतंकियों की मदद करने वाले दो ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को गुरुवार (25 जुलाई) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों OGW आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए थे और आतंकियों को खाने के साथ वाई-फाई मुहैया कराते थे, ताकि आतंकी सीमा पार बैठे अपने हैंडल्स से बातचीत कर सकें। पढ़ें पूरी खबर… 5. NEET केस- CBI टीम हजारीबाग पहुंची; दो संदिग्धों से पूछताछ के बाद गेस्ट हाउस में छापा मारा; अब तक 36 गिरफ्तार
NEET पेपर लीक मामले में पटना CBI की टीम एक बार फिर हजारीबाग पहुंची। 15 अधिकारियों ने कटक मसांडी रोड स्थित राज गेस्ट हाउस में दोबारा जांच की। टीम दो संदिग्धों को लेकर आई और राज गेस्ट हाउस छापेमारी की। इस दौरान कई डॉक्यूमेंट, प्रिंटर जमा करने के बाद गेस्ट हाउस को सील कर दिया। पढ़ें पूरी खबर… 6. केजरीवाल की ज्यूडिशियल कस्टडी 8 अगस्त तक बढ़ी; बेल बॉन्ड नहीं भरा तो ED केस में भी 31 जुलाई तक जेल में रहेंगे
दिल्ली शराब नीति से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने CM अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 8 अगस्त तक बढ़ा दी। उन्हें तिहाड़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। ED के मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी उन्हें 31 जुलाई तक जेल में ही रहना होगा। दरअसल, 12 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल काे जमानत दे दी थी, लेकिन उनकी तरफ से अभी तक बेल बॉन्ड नहीं भरा गया है। पढ़ें पूरी खबर… 7. राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल-अशोक हॉल का नाम बदला: गणतंत्र मंडप और अशोक मंडप नाम दिया गया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन के दो हॉल का नाम बदलने का ऐलान किया है। अब से दरबार हॉल को गणतंत्र मंडप और अशोक हॉल को अशोक मंडप के नाम से जाना जाएगा। इसे लेकर राष्ट्रपति सचिवालय की तरफ से प्रेस रिलीज जारी की गई है। दरबार हॉल में राष्ट्रीय पुरस्कारों वाले समारोह आयोजित किए जाते हैं, जबकि अशोक हॉल मूल रूप से एक बॉलरूम था। पढ़ें पूरी खबर… 8. मानसून सत्र- निशिकांत बोले- बांग्लादेशियों की घुसपैठ बढ़ रही; झारखंड में घुसपैठिए आदिवासी महिलाओं के साथ शादी कर रहे
मानसून सत्र के चाैथे दिन दोनों सदनों में बजट पर बहस जारी है। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि संविधान खतरे में है। मैं संथाल परगना से आता हूं। जब संथाल परगना (झारखंड) बिहार से अलग हुआ, तब यहां आदिवासी 36% थे। आज 26% हैं। 10% आदिवासी कहां गायब हो गए? इसके बार में ये सदन कभी चर्चा नहीं करता, चिंता नहीं करता, बल्कि वोट बैंक की पॉलिटिक्स करता है। पढ़ें पूरी खबर… 9. पेरिस ओलिंपिक के पहले इवेंट में विवाद; फुटबॉल मैच में मोरक्को फैंस ने अर्जेंटीना के खिलाड़ियों पर बोतलें फेंकी
​​​​​​​पेरिस ओलिंपिक 2024 के पहले ही मुकाबले में विवाद हो गया। सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट की शुरुआत अर्जेंटीना-मोरक्को फुटबॉल मैच के साथ हुई। मैच के बीच मोरक्को के फैंस अर्जेंटीना के खिलाड़ियों पर बोतलें फेंकने लगे और मैदान में आ गए। इस वजह से मैच दो घंटे तक रुका रहा। विवाद एक्स्ट्रा टाइम में हुआ, जब 90+16वें मिनट में क्रिस्टियन मदीना ने गोल कर अर्जेंटीना को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। लेकिन, मदीना ऑफ साइड थे और रेफरी ने इसे रद्द करार दिया। ​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर… 10. गैंगस्टर लॉरेंस के भाई ने शूटरों से कहा था- गोली ऐसे चलाना कि सलमान डर जाए; पुलिस की चार्जशीट में ऑडियो क्लिप का जिक्र
‘ऐसे फायरिंग करना कि सलमान खान को डर लगे.. तुम लोग हेलमेट मत पहनना और सिगरेट पीते रहना.. ताकि CCTV फुटेज में घबराए हुए न लगो..’ कुछ इस तरह के आदेश गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल ने उन दो शूटर्स को दिए थे जिन्होंने 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के घर पर फायरिंग की थी। स्पेशल काेर्ट में दाखिल 1,735 पन्नों की चार्जशीट में बातचीत के ऑडियो क्लिप का जिक्र है। पढ़ें पूरी खबर…