पंत का छठा शतक, धोनी की बराबरी की:WTC में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले विकेटकीपर बने, शुभमन के 100 सिक्स; टॉप रिकॉर्ड्स

भारत और बांग्लादेश के बीच चेन्नई टेस्ट का तीसरा दिन रिकॉर्ड ब्रेकिंग रहा। टीम इंडिया से शुभमन गिल ने दूसरी पारी में अपना पांचवां शतक लगाया। वहीं ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में डेढ़ साल बाद वापसी की और सेंचुरी लगा दी। पंत ने करियर की छठी टेस्ट सेंचुरी लगाई, इसी के साथ उन्होंने एमएस धोनी के टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शुभमन गिल 2022 से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं, उनके तीनों फॉर्मेट में 100 सिक्स भी पूरे हो गए। भारत-बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट में तीसरे दिन के टॉप रिकॉर्ड्स… 1. WTC 2023-25 में शुभमन का तीसरा शतक शुभमन गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा साइकिल में तीसरा शतक लगाया। उन्होंने बाकी 2 सेंचुरी इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ लगाई थीं। WTC के मौजूदा साइकिल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीयों में शुभमन पहले नंबर पर पहुंच गए। उनके साथ रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के भी 3-3 शतक हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ओवरऑल भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 9 सेंचुरी लगाई हैं। शुभमन गिल 5 शतक के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए। वहीं ऋषभ पंत 4 सेंचुरी लगाकर तीसरे नंबर पर हैं। मयंक अग्रवाल और विराट कोहली के भी 4-4 शतक ही हैं। 2. 2023 से भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक शुभमन गिल ने 2023 से इंटरनेशनल क्रिकेट में 10वां शतक लगा दिया। वह पिछले 2 साल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय हैं। उनके बाद विराट कोहली ने 8, रोहित शर्मा ने 7 और यशस्वी जायसवाल ने 4 शतक लगाए हैं। 3. 2022 से सबसे ज्यादा सेंचुरी शुभमन गिल ने 2022 के बाद से 12वां इंटरनेशनल शतक लगाया। इस मामले में वह टॉप पर हैं। उनके बाद पाकिस्तान के बाबर आजम और इंग्लैंड के जो रूट ने 11-11 सेंचुरी लगाई हैं। भारत के विराट कोहली 10 सेंचुरी लगाकर चौथे नंबर पर हैं। 4. शुभमन ने 100 सिक्स पूरे किए 25 साल के शुभमन गिल इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 सिक्स पूरे कर चुके हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2 सिक्स लगाकर छक्कों की सेंचुरी पूरी की। 25 साल की उम्र तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीयों में शुभमन चौथे नंबर पर पहुंचे। उनसे आगे सुरेश रैना, ऋषभ पंत और सचिन तेंदुलकर हैं। 5. पंत ने की धोनी की बराबरी ऋषभ पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने करियर का छठा शतक लगाया। उन्होंने 109 रन की पारी खेली। इसी के साथ वह भारत के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले विकेटकीपर में एमएस धोनी के साथ पहले नंबर पर पहुंच गए। धोनी ने 90 टेस्ट में 6 शतक लगाए थे। पंत ने 34 टेस्ट में ही 6 शतक लगा दिए। 6. WTC में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कीपर 2019 में शुरू हुई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में ऋषभ पंत 4 शतक लगा चुके हैं। इसी के साथ वह WTC में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले विकेटकीपर भी बन गए। उनके बाद बांग्लादेश के लिटन दास और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 3-3 सेंचुरी लगाई हैं।