पश्चिम विहार में चल रही थी हुक्का पार्टी, 25 लड़के,15 लड़कियां पकड़ी

कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रकोप दिल्ली में तेजी से फैलता जा रहा है। पुलिस व प्रशासन ने रेस्टोरेंट, कैफे व होटलों में पार्टियां और शराब परोसने पर पाबंदी लगाई हुई है। इसके बावजूद पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में सामने आया है, यहां एक कैफे में रईसजादों की चल रही नशेड़ी पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा है। पुलिस ने वहां से कैफे मालिक तनवे सिंघल समेत 40 लोगों को हिरासत में लिया है।

इनमें 25 लड़के और 15 लड़कियां शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 19 हुक्का, बीयर और शराब की दो दर्जन से ज्यादा बोतलें व भारी मात्रा में खाली बोतलें जब्त की। पुलिस ने मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर कैफे को सील कर दिया है। सूत्रों की मानें तो जब पुलिस ने छापेमारी की, उस वक्त कैफे की खिड़कियों व छत से लड़के-लड़कियां बदनामी के डर से नीचे कूद गए थे। जिनमें से काफी के चोटें भी लगी थी, जिन्हें साथी उनको उठाकर ले गए थे। पुलिस को फर्श पर काफी दूरी तक खून बिखरा हुआ मिला है। पुलिस कैफे मालिक से पार्टी में आए सभी की लिस्ट मांग रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम विहार ईस्ट थाने में तैनात एसएचओ कृष्ण बल्लभ झा इलाके में गश्त पर थे। तभी उन्होंने क्रॉसरोड कैफे में से देर रात म्यूजिक की आवाजें सुनी थी। बीट अफसर से मामले की जानकारी ली गई। उस वक्त कैफे से बाहर डिस्को लाइटें दिखाई दे रही थी। एसएचओ ने तुरंत कुछ महिला पुलिसकर्मियों समेत अन्य पुलिस वालों को मौके पर बुलाया। कैफे की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की।

उस वक्त कैफे का मालिक तनवे सिंघल लड़के- लड़कियों को शराब परोस रहा था। लड़के- लड़कियां शराब, बीयर और हुक्के का सेवन कर डांस कर मौज मस्ती कर रहे थे। सभी को तुरंत मौके पर पकड़ लिया। सभी को थाने लाया गया। लॉकडाउन के निर्देशों का पालन नहीं करने, अवैध रूप से शराब व हुक्का परोसने जैसी धाराओं में मालिक पर मामला दर्ज कर लिया।

पकड़े गए में कुछ के नाबालिग होने का शक

पुलिस ने सभी के परिवार वालों को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस पकड़े गए लड़के लड़कियों के बारे में उनके परिवार से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इनमें से कुछ नाबालिग तो नहीं थे। इसको देखते हुए सभी पकड़े गए लड़के लड़कियों के आधार कार्ड व दस्तावेज मंगवाए गए हैं। पुलिस कैफे मालिक से भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह भारी मात्रा में इतनी शराब कहां से लाया था। पार्टी किसकी तरफ से ऑर्गनाइज की गई थी। पार्टी के लिए कितने पैसे लिए गए थे। शुरूआती जांच में पकड़े गए लड़के-लड़कियों से पता है कि सभी अपने अपने घरों से किसी न किसी बहाने से निकले थे। वह छोटे-छोटे ग्रुप में यहां पर पार्टी के लिए एकत्र हुए थे।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today