पाकिस्तान बोला- भारत कभी भी हमला कर सकता है:PAK सेना ने LoC पर 12वें दिन 8 जगह फायरिंग की; सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल कल

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोमवार को दावा किया कि भारत नियंत्रण रेखा (LoC) पर किसी भी समय सैन्य कार्रवाई कर सकता है। हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक लाभ के लिए क्षेत्र को परमाणु युद्ध के कगार पर धकेल रहे हैं। भारत खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवाद फैला रहा है। हमने 2016-17 में संयुक्त राष्ट्र को सबूत दिए थे। उधर, पाकिस्तान ने लगातार 12वें दिन सीजफायर तोड़ा है। पाकिस्तानी सेना ने 5-6 मई की रात LoC के आसपास आठ जगहों कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर इलाकों में फायरिंग की। भारतीय सेना ने इसका जवाब दिया। इधर, केंद्र सरकार ने देश के 244 जिलों में 7 मई को मॉक ड्रिल करने के लिए कहा है। इसमें नागरिकों को हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे। इस संबंध में गृह सचिव आज राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक करेंगे। देश में 54 साल बाद सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में हुई थी। तब भारत और पाकिस्‍तान के बीच युद्ध हुआ था। यह मॉक ड्रिल युद्ध के दौरान हुई थी। हालांकि रविवार-सोमवार रात पंजाब के फिरोजपुर छावनी में ब्लैकआउट प्रैक्टिस की गई। इस दौरान गांवों और मोहल्लों में रात 9 बजे से 9:30 बजे तक बिजली बंद रही। पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव से जुड़ी हर जानकारी के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…