पाकिस्तान में 17 साल की टिकटॉक स्टार सना की हत्या:बर्थडे पर घर में घुसकर गोली मारी, मेहमान बनकर आया था हमलावर

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 17 साल की सना चित्राल की रहने वाली थीं और पाकिस्तान की चर्चित कंटेंट क्रिएटर थीं। इंस्टाग्राम पर सना के करीब 5 लाख फॉलोअर्स हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक समा के जन्मदिन पर एक शख्स रिश्तेदार बनकर घर में घुसा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले सना से घर के बाहर कुछ देर बात की और फिर घर के अंदर आकर गोलियां चलाईं। सना को बहुत नजदीक से दो गोलियां लगीं जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गया। सना यूसुफ की मौत के बाद उनकी लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) भेजा गया है। ऑनर किलिंग की भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने कहा कि वे सभी संभावित कारणों को ध्यान में रख रहे हैं, जिसमें ऑनर किलिंग की आशंका भी शामिल है। हालांकि शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी हत्या के पीछे असली वजह क्या थी। पुलिस इस मामले की हर दिशा से जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, निजी विवाद या कोई और वजह भी हो सकती है।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें सना के शव को परिजन ले जा रहे हैं। सना की हत्या जैसे ही ये खबर फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर भी इस हत्या को लेकर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और सना यूसुफ को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ कट्टरपंथी सना ही हत्या के बाद खुशी जाहिर कर रहे हैं। 9 साल पहले कंदील बलोच की हत्या हुई थी पाकिस्तान में पहले भी कई सोशल मीडिया स्टार की हत्या हो चुकी है। 9 साल पहले कंदील बलोच नाम की सोशल मीडिया स्टार की घर में ही हत्या कर दी गई थी। कंदील बलोच पाकिस्तान की पहली सोशल मीडिया सेलिब्रिटी मानी जाती है। कंदील ने अपने बोल्ड और विवादास्पद वीडियो और पोस्ट्स के जरिए सुर्खियां बटोरीं, जिसमें वो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और महिलाओं के अधिकार पर बात करती थीं। 17 साल की उम्र में 2008 में उनकी शादी उनकी मां के चचेरे भाई आशिक हुसैन से हुई, लेकिन शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के कारण वो 2010 में अपने पति को छोड़कर कराची चली गईं। उनके एक बेटे की कस्टडी भी उन्हें छोड़नी पड़ी। कंदील की बोल्ड तस्वीरें और वीडियो को लेकर पाकिस्तान में उनकी आलोचना हुई। 15 जुलाई 2016 को बलोच की गला घोंटकर हत्या कर दी गई, जब वह मुल्तान में अपने माता-पिता के घर में सो रही थी । उसके भाई वसीम ने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा कि वह परिवार के सम्मान को बदनाम कर रही थी। कंदील सनी लियोन, राखी सावंत, और पूनम पांडे को अपनी प्रेरणा मानती थीं।