मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात बदमाश को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने गिरफ्तार किया है। इसने एक माह 20 दिन पहले दिल्ली जल बोर्ड के इंस्पेक्टर हरीश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसकी पहचान आदर्श नगर बल्लभगढ़ निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। यह शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। यह जेल की सजा भी काट चुका है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि उसे डीजे तेज आवाज में बजाने को लेकर इंस्पेक्टर ने मना किया था, इससे रंजिश में उसने उसकी हत्या कर दी थी।
विजयनगर, आदर्शनगर बल्लभगढ़ निवासी हरीश कुमार दिल्ली जल बोर्ड में इंस्पेक्टर थे। 26 जून की सुबह करीब सवा सात बजे हरीश बाइक से सब्जी लेने बल्ल्भगढ़ मंडी गए थे। वापस आते समय घर के पास में स्कूटी सवार दो बदमाश आए और पीछे से हरीश को गोली मार दी थी। इससे घायल होकर वह जमीन पर गिर गए थे। बड़े भाई दिनेश दौड़कर मौके पर पहुंचे और हरीश को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनकी मौत हो गई थी। घटना के वक्त बदमाशों ने मास्क लगा रखा था। मृतक के भाई दिनेश की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पुलिस प्रवक्ता एवं एसीपी धारणा यादव के अनुसार इस हत्याकांड के बाद से आरोपी अमित कुमार फरार चल रहा था। इसकी जांच क्राइम ब्रांच ऊंचागांव कर रही थी। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि हत्यारोपी अमित कुमार रेलवे लाइन, सुभाष कॉलोनी हरि विहार में हथियार लेकर घूम रहा है। मौके पर जब क्राइम ब्रांच पहुंची और उसे सरेंडर करने के लिए कहा तो वह पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भागने लगा। पुलिस ने बचाव करते हुए हवाई फायरिंग कर उसे पकडऩे का प्रयास किया तो वह पास में बने मकान की ओर बचने के लिए दौड़ा लेकिन रास्ते में रखे पत्थर के टुकड़े से टकराकर गिर गया।