नूह में महिला पुलिसकर्मी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप एक फौजी पर है, जिसके संबंध में शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार नूह के महिला थाने में तैनात पुलिसकर्मी ने 3 दिन पहले सदर थाना में दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है, लेकिन इस मामले में पुलिस खुलकर कुछ भी नहीं बता रही है।
आरोपी फौजी महेंद्रगढ़ जिले का बताया जा रहा है, जो और दो बच्चों का बाप है। सूत्रों से पता चला है कि फौजी ने शादी का झांसा देकर महिला पुलिसकर्मी की इज्जत से खिलवाड़ किया है, वहीं शादी के झांसे में आई महिला पुलिसकर्मी ने अपनी सैलरी पर 11 लाख रुपए का लोन लेकर फौजी को दिया है। हालांकि महिला पुलिसकर्मी को फौजी के वैवाहिक जीवन के बारे में पता था या वह अनजान थी, इस बात का भी पता नहीं चल सका है। मामला जब पुलिस महकमे में पहुंचा तो पुलिस अधिकारियों ने उसे इस बारे में पूरी तरह से अनजान बने रहने को कहा है। सदर थाना नूंह के मुंशी ने अफसरों के दबाव के चलते एफआईआर दिखाने व कुछ भी बताने से मना कर दिया।
वहीं सूत्र बताते हैं कि महिला पुलिसकर्मी को केस दर्ज कराने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस महकमे की बदनामी को लेकर जल्दी से केस दर्ज तक नहीं किया गया। खुद महिला थाने में तैनात होने के बावजूद महिला थाने में भी कोई सुनवाई तक नहीं हुई। यहां तक कि मामले के जांच अधिकारी डीएसपी सुरेंद्र ने केस की पुष्टि तो जरूर की है, लेकिन इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल इस मामले में और नहीं बता सकता।