फ्रांस के राष्ट्रपति को पत्नी ने मुंह पकड़कर धकेला:मैक्रों असहज हुए, थोड़ी देर बाद उनके साथ प्लेन से उतरे; दोनों वियतनाम दौरे पर पहुंचे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मैक्रों 25 मई को वियतनाम दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान हनोई के नोई बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। एसोसिएटेड प्रेस ने इस वीडियो को रिकॉर्ड किया है। घटना तब की है, जब दोनों विमान से उतरने की तैयारी कर रहे थे। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही मैक्रों के प्लेन का दरवाजा खुलता है, ब्रिगिट मैक्रों को थप्पड़ लगा देती हैं। मैक्रों इस दौरान खुद को संभालने की कोशिश करते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद ब्रिगिट, पति के साथ सीढ़ियों से उतरती हैं, लेकिन उन्होंने मैक्रों का दिया हुआ हाथ पकड़ने से इनकार कर दिया। प्रेसिडेंट ऑफिस ने पहले नकारा, फिर कहा- मजाक था मैक्रों के ऑफिस एलिसी पैलेस ने इस पर टिप्पणी की है। शुरुआत में तो उन्होंने इसे नकारा लेकिन बाद में इसे लेकर कहा कि यह बस दोनों के बीच हल्की-फुल्की तकरार थी। मैक्रों के एक करीबी सहयोगी ने AFP से कहा कि राष्ट्रपति और उनकी पत्नी हल्का-फुल्का मजाक कर रहे थे। लेकिन प्रो-रूसी ट्रोल्स ने इसे घरेलू विवाद के तौर पर पेश किया। यह घटना मैक्रों के दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे की शुरुआत में हुई, जिसमें वह वियतनाम के बाद इंडोनेशिया और फिर सिंगापुर जाएंगे। मैक्रों से 24 साल बड़ी हैं उनकी पत्नी, सारे काम उनसे पूछ कर ही करते हैं मैक्रों ने 2007 में अपनी ड्रामा टीचर रहीं ब्रिगिट मैक्रों से शादी की थी। ब्रिगिट मैक्रों से उम्र में 24 साल बड़ी हैं। हालांकि इसके बावजूद दोनों में प्यार काफी ज्यादा है। फ्रेंच जर्नलिस्ट और ब्रिगिट मैक्रों की करीबी गेल चेकलॉफ ने अपनी एक किताब में बताया है कि दोनों एक-दूसरे के बिना कुछ घंटे भी नहीं रह पाते हैं। मैक्रों कोई भी फैसला ब्रिगिट से पूछे बिना नहीं लेते हैं। शादी के वक्त तीन बच्चों की मां थीं ब्रिगिट, बेटी थी मैक्रों की क्लासमेट ब्रिगिट को अपने पहले पति से तीन बच्चे हैं। उन्होंने मैक्रों से शादी के लिए ही तलाक लिया था। ब्रिगिट की बेटी मैक्रों की क्लासमेट थी। दोनों अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ दिखाई देते थे। ऐसे में कई लोग दोनों को गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड समझते थे। लेकिन मैक्रों को उनकी क्लासमेट नहीं बल्कि उसकी टीचर मां पसंद थीं। जो दोनों को पढ़ाती थीं। मैक्रों और ब्रिगिट का कोई बच्चा नहीं है। दोनों पहले से मौजूद तीन बच्चों के साथ खुश हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति ने उड़ाया था ब्रिगिट का मजाक, भड़क गए थे मैक्रों कई बार मैक्रों और ब्रिगिट की उम्र में अंतर को लेकर उनका मजाक भी उड़या गया है। 2019 में ब्राजील के राष्ट्रपति जेवियर बोल्सोनारो ने एक फेसबुक पोस्ट में मैक्रों की पत्नी का मजाक उड़ाया था।बोल्सोनारो के एक मंत्री ने एक कदम आगे बढ़ कर ब्रिगिट को ‘कुरूप महिला’ बता दिया था। उनका कहना था कि मैक्रों राष्ट्रपति बोल्सोनारो से जलते हैं। क्योंकि बोल्सोनारो पत्नी उनकी पत्नी से ज्यादा खूबसूरत और जवान हैं। बाद में मैक्रों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इन टिप्पणियों को अपमानजनक बताया।