फ्लोरिडा गोल्फ क्लब में ट्रम्प पर जानलेवा हमले की कोशिश:हमलावर ने AK स्टाइल राइफल से गोलियां चलाईं; सीक्रेट सर्विस ने कहा- ट्रम्प सुरक्षित हैं

अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इंटरनेशनल गोल्फ क्लब के पास गोली चलने की खबर आई है। उनके कैंपेन और सीक्रेट सर्विस ने जानकारी दी है कि ट्रम्प सुरक्षित हैं। FBI का कहना है कि यह घटना ट्रम्प पर जानलेवा हमले जैसी लग रही है। जब ट्रम्प गोल्फ खेल रहे थे तब सीक्रेट सर्विस ने एक शख्स को AK स्टाइल राइफल से गोल्फ क्लब की तरफ निशाना लगाते देखा। इसके बाद सीक्रेट सर्विस ने उस शख्स पर फायरिंग की। हालांकि वह अपनी बंदूक वहीं छोड़कर SUV से फरार हो गया। उसे पास की काउंटी से हिरासत में लिया गया। घटना भारतीय समय के मुताबिक रविवार रात 11:30 बजे की है, उस वक्त अमेरिका में दोपहर के 2 बज रहे थे। गोलीबारी होने के तुरंत बाद गोल्फ कोर्स को लॉक कर दिया। करीब दो महीने पहले अमेरिकी राज्य पेंसिल्वेनिया के बटलर शहर में एक रैली के दौरान ट्रम्प पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें एक गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी। मौके से एक बंदूक बरामद होने की खबर
कई सूत्रों के मुताबिक सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध आरोपी पर गोली चलाई। अधिकारियों का मानना है कि एक बंदूकधारी शख्स ट्रम्प को निशाना बनाना चाहता था। लॉ एन्फोर्समेंट के र्सोस के मुताबिक एक लॉन्ग गन बरामद की गई है। बाइडेन और हैरिस को घटना की जानकारी दी गई
वाइट हाउस ने बताया कि प्रेसिडेंट जो बाइडेन और वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। दोनों ने इस बात पर राहत जताई है कि ट्रम्प सुरक्षित हैं। कमला हैरिस ने सोशल मीडिया पर कहा- मुझे फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प और उनकी प्रॉपर्टी के पास गोली चलने की खबरों के बारे में जानकारी दी गई है। मैं खुश हूं कि वे सुरक्षित हैं। अमेरिका में हिंसा की कोई जगह नहीं है। चुनावी दौरे के बाद वीकेंड पर फ्लोरिडा आए थे ट्रम्प
ट्रम्प वेस्ट कोस्ट का दौरा करने के बाद इस वीकेंड फ्लोरिडा वापस आए थे। यहां पाम बीच पर उनका घर मार-ए-लागो है। इसे पॉम बीच रिजॉर्ट भी कहा जाता है। वेस्ट कोस्ट विजिट के दौरान शुक्रवार रात ट्रम्प ने लास वेगास में एक रैली और यूटा में एक फंडरेजर में भाग लिया था। 13 जुलाई को हुआ था ट्रम्प पर जानलेवा हमला
13 जुलाई को पेन्सिल्वेनिया के बटलर शहर में एक रैली को संबोधित करते वक्त ट्रम्प पर हमला हुआ था। इस दौरान एक गोली ट्रम्प के कान को छूते हुए निकल गई थी। हमलावर की पहचान 20 साल के युवक थॉमस क्रूक्स के तौर पर हुई थी। उसने AR-15 राइफल से 8 गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के अफसरों ने हमलावर को मार गिराया था।