बर्नर बनाने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद बुझाई गई; 5 लोग झुलसे

फरीदाबाद में शनिवार को बर्नर बनाने की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक यहां 5 लोग झुलस चुके थे, जो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं।

घटना शनिवार दोपहर बाद एनआईटी-3 स्थित पैरीफैरल रोड पर बर्नर बनाने वाली एक निजी फैक्ट्री की है। उस समय फैक्ट्री में 60 से 70 के करीब कर्मचारी मौजूद थे। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। पता चला है कि फैक्ट्री में केमिकल रखा होने के चलते आग ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया।

पता चला है कि इस भीषण आग से यूनुस, अहसान, रवि, राशिद और चंदा नाम की एक महिला झुलस गई है। अहसान और यूनुस को बादशाह खान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य बाकी झुलसे लोगों को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग पर घंटों की मशक्कत के बाद काबू पा जा सका। हालांकि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। इसके लिए पुलिस प्रशासन जांच-पड़ताल में जुटा है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


आग की लपटों की सिंबॉलिक इमेज।