नांगलोई इलाके में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक दुकानदार को गोली मारकर उसकी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके पर से फरार हो गए। घायल दुकानदार की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस को मौके पर से कारतूस का खोल बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक सतीश कुमार गांव कसर, झज्जर हरियाणा का रहने वाला था। उसकी नांगलोई इलाके में दुकान है। रविवार रात 8.45 बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहा था। 3 युवक उसकी दुकान में जबरन घुस आए। सतीश से उसका बैग जबरन लूटने लगे। जिसमें करीब 20 हजार रुपए व अन्य कागजात थे। विरोध करने व हाथापाई के बीच एक बदमाश ने उसके थाई के ऊपर गोली मार दी।
सतीश मौके पर ही गिर गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच पाते। तीनों आरोपी बैग लूटकर फरार हो गए। सतीश को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर लोगों ने ही उनको सोनिया अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची। उनके बयान लेकर उनके परिवार वालों को वारदात की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे लगता है कि वारदात को मुखबिरी के बाद अंजाम दिया गया होगा।