बाइडेन बोले- भगवान आकर कहेंगे, तभी छोड़ूंगा राष्ट्रपति की उम्मीदवारी:पार्टी में मुझसे बेहतर कोई नहीं; ट्रम्प ने बाइडेन-कमला हैरिस को गालियां दीं

अमेरिका की पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रम्प से हारने के बाद बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी में उन्हें रेस से हराने की मांग तेज होती जा रही है। इस बीच ABC न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में बाइडेन ने कहा, “जब तक भगवान खुद नीचे आकर मुझसे उम्मीदवारी छोड़ने को नहीं कहते, मैं पीछे नहीं हटूंगा।” दरअसल, बाइडेन से सवाल किया गया था कि क्या उन्हें लगता है वे ट्रम्प से हार जाएंगे। ABC न्यूज के एंकर ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं के अलावा डोनेशन देने वाले लोग भी उनके हटने की मांग कर रहे हैं। इस पर राष्ट्रपति ने जवाब दिया कि ऐसा कभी नहीं होने वाला। वे राष्ट्रपति का चुनाव लड़ेंगे और ट्रम्प को जरूरी हराएंगे। डेमोक्रेटिक पार्टी में उनसे बेहतर उम्मीदवार नहीं है। ट्रम्प ने बाइडेन-हैरिस को गालियां दीं
दूसरी तरफ, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रेसिडेंशियल डिबेट में बाइडेन की हार के बाद उन्हें गालियां दीं। डेली बीस्ट ने गुरुवार को ट्रम्प का एक वीडियो जारी किया। इसमें अपने बेटे बैरन के साथ बैठे ट्रम्प कहते हैं, “बाइडेन ने चुनाव में अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। मुझसे डिबेट करने के बाद वे पीछे हट गए। मतलब अब हमारे पास कमला हैरिस है। मुझे उम्मीद है वो बेहतर होगी। लेकिन वह बेहद खराब है।” इसके बाद ट्रम्प ने बाइडेन और कमला हैरिस को गालियां भी दीं। बाइडेन के हटने तक डेमोक्रेटिक पार्टी को नहीं मिलेगा डोनेशन
अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में 4 महीने से भी कम समय बचा है। उससे पहले डेमोक्रेटिक पार्टी ​की तरफ से दूसरे कार्यकाल के लिए मैदान में उतरे 81 साल के राष्ट्रपति जो बाइडेन और पार्टी की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। 27 जून को प्रेसीडेंशियल डिबेट में बाइडेन के कमजोर प्रदर्शन ने पूरी पार्टी की मुसीबतें बढ़ा दी है। इस डिबेट के बाद बाइडेन की लोकप्रियता कम हुई है। इसके बावजूद राष्ट्रपति बाइडेन अड़े हुए हैं कि वे रेस में बने रहेंगे। इसी बीच, डेमोक्रेटिक पार्टी की चिंता बढ़ गई है क्योंकि पार्टी को डोनेशन देने वाले कई लोगों ने खुलकर कहा है कि या तो बाइडेन राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की जिद छोड़ दें नहीं तो वे पार्टी को चुनावी चंदा देना बंद कर देंगे। उन्हें उम्मीद नहीं है कि बाइडेन चुनाव जीत पाएंगे। चंदा देने वाली बड़ी कंपनियों के मालिक ने हाथ खींचे, कहा- कमला प्रत्याशी बनें 1770 करोड़ रुपए के चंदे के इस्तेमाल कर सकती हैं कमला हैरिस
राष्ट्रपति बाइडेन रेस से हट जाते हैं और उनकी जगह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस आती हैं, तो उन्हें डेमोक्रेटिक पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए इकट्ठा हुए 1770 करोड़ रुपए मिल सकते हैं। वरिष्ठ राजनीतिक कानून सलाहकार केनेथ ग्रॉस के मुताबिक उनका अभियान खाता दोनों उम्मीदवारों के नाम पर पंजीकृत था। अगर बाइडेन राष्ट्रपति चुनाव से हट जाते हैं तो कमला हैरिस उस चंदे को अपनी उम्मीदवारी के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।