बाइडेन राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगे:कहा- अमेरिका के हित के लिए फैसला लिया; कमला हैरिस हो सकती हैं डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट

अमेरिका में जो बाइडेन राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने रविवार को कहा कि देश के हित के लिए मैं चुनाव से बाहर हो रहा हूं। उन्होंने ये बात लेटर लिखकर कही हैं। दरअसल, अमेरिका में 28 जून को हुई प्रेसिडेंशियल डिबेट के बाद बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता यह मांग कर रहे थे कि वे राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी छोड़ दें। टेक्सास से सांसद लॉयड डॉगेट डेमोक्रेटिक पार्टी के पहले नेता हैं, जिन्होंने सार्वजनिक तौर पर इसकी मांग की थी। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी बाइडेन को प्रेसिडेंशियल रेस से बाहर होने को कहा था। इसके बाद बाइडेन ने कहा था कि अगर डॉक्टर मुझे अनफिट या किसी बीमारी से ग्रसित पाते हैं तो मैं राष्ट्रपति की रेस से बाहर हो जाऊंगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उम्मीद है कि डेमोकेट्रिक पार्टी जल्द ही उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित कर सकती है। बाइडेन ने भी उनका समर्थन किया है। जो बाइडेन ने लेटर में क्या लिखा…
बाइडेन ने लेटर में उनके कार्यकाल के दौरान अमेरिका में हुए विकास के बारे में बात लिखीं। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल में हमने देश के तौर पर महान तरक्की की है। आज अमेरिका दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था है। हमने देश को बनाने के लिए ऐतिहासिक निवेश किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बड़ी संख्या में अमेरिकियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हम अफोर्डेबल हेल्थ केयर को लेकर आए हैं। हमने पिछले 30 साल में पहली बार गन सेफ्टी लॉ पास किया है। दुनिया के इतिहास में पहली बार हम पर्यावरण के बचाने के लिए कानून लेकर आए। अमेरिका इतनी बेहतर स्थिति में कभी नहीं रहा, जितना आज है। चार दिन पहले बाइडेन कोरोना पॉजिटिव हुए थे
18 जुलाई को 81 साल के बाइडेन कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। व्हाइट हाउस ने बताया था कि वे आइसोलेशन में रहकर काम करेंगे। 81 साल के बाइडेन को तीसरी बार कोरोना हुआ है। इससे एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि अगर डॉक्टर उन्हें अनफिट घोषित करते हैं तो वे राष्ट्रपति चुनाव की रेस से बाहर हो जाएंगे। ‘अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन 6 घंटे ही काम कर पाते हैं’
दो हफ्ते पहले आई एक्सियोस की रिपोर्ट ने बाइडेन की खराब सेहत पर कई सवाल उठाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, बाइडेन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही काम कर पाते हैं। व्हाइट हाउस के कर्मचारियों के हवाले से छपी रिपोर्ट के मुताबिक बाइडेन रोजाना 6 घंटे ही बेहतर काम कर पाते हैं। इससे पहले ट्रम्प से 28 जून को पहली प्रेसिडेंशियल में बाइडेन कई मौकों पर बिना सोचे-समझे बोल रहे थे। कई बार लड़खड़ाते हुए भी दिखे थे, जिस कारण वे बहस हार गए। इसके बाद नाटो समिट के दौरान बाइडेन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को प्रेसिडेंट पुतिन कह दिया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने अपनी गलती दोहराई और वो अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस का नाम भूल गए और उन्हें डोनाल्ड ट्रम्प बोल दिया था। पोल में दावा- ट्रम्प जीत सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर रविवार (14 जुलाई) को हुई गोलीबारी के बाद अमेरिकी मीडिया CNN के पोल में बाइडेन की हार का दावा किया गया है। पोल में बताया गया है कि कुल 588 सीटों में से ट्रम्प की पार्टी रिपब्लिकन को 330 सीटें मिल सकती है। बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी को 208 सीटें मिलने का दावा किया है। अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के लिए 270 सीटें जीतना जरूरी होती हैं। इससे पहले 2020 में बाइडेन को 306 सीटें और ट्रम्प को 232 सीटें मिली थीं। ये खबर भी पढ़ें … नाटो समिट में बाइडेन की जुबान फिसली, पहले जेलेंस्की को पुतिन फिर कमला हैरिस को ट्रम्प कहा, आलोचना पर बोले- इससे नुकसान तो नहीं हुआ अमेरिका में बाइडेन की उम्र और उनकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच 81 साल के राष्ट्रपति ने नाटो समिट में कई लोगों के नाम गलत बोलकर अपनी राष्ट्रपति पद पर बने रहने की योग्यता पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं…यहां पढ़े पूरी खबर