जयपुर से दिल्ली गई अलायंस एयरवेज की फ्लाइट में सवार एक बीमार बुजुर्ग महिला को स्टाफ प्लेन में ही छोड़कर चला गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद महिला को व्हीलचेयर की जरूरत थी। स्टाफ ने व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं करवाई। बुजुर्ग महिला को एयरक्राफ्ट में ही छोड़ दिया। मामला रविवार रात का है। अलायंस एयरवेज की फ्लाइट 91644 को जयपु से शाम 7.35 बजे रवाना होना था। जो एक घंटे देरी से रवाना हुई। इस विमान से शशिकला गोस्वामी (86) अपने बेटे सुशील गोस्वामी के साथ जयपुर से दिल्ली रवाना हुई। सुशील गोस्वामी ने बताया- फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट से ही एक घंटे देरी से उड़ी। इसके बाद 9.22 बजे दिल्ली पहुंची। दिल्ली पहुंचने के बाद मैंने क्रू मैंबर से व्हीलचेयर की मांग की। स्टाफ ने व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन वे वहां से चला गया। पूरा विमान खाली हो गया। मैं और मेरी माताजी विमान में अकेले बैठे रहे। लगेज वाली जगह जाकर छीनकर लाया व्हीलचेयर सुशील गोस्वामी ने बताया कि उनकी माताजी शुगर के साथ पार्किंसंस की बीमारी से पीड़ित हैं। चलने-फिरने में काफी तकलीफ रहती है। करीब 15 से 20 मिनट तक विमान में बैठे रहने के बाद एसी बंद हो गया। हमे गर्मी और घुटन होने लगी। मैं अपनी मां को जैसे-तैसे विमान से बाहर लाया। विमान के पास ग्राउंड पर खड़ा करके व्हीलचेयर लेने के लिए ग्राउंड स्टाफ के पास गया। वहां के स्टाफ ने भी मेरी मदद नहीं की। मैं लगेज वाली जगह गया। वहां रखी व्हीलचेयर लेने लगा तो स्टाफ ने मुझे रोक दिया। मैं जबरदस्ती व्हीलचेयर छीनकर लाया। माताजी को उस पर बैठाया। स्टाफ की गाड़ी में पहुंचे टर्मिनल गोस्वामी ने बताया- ग्रांउड से टर्मिनल तक जाने के लिए भी हमारी किसी ने मदद नहीं की। मैंने वहां मौजूद ग्रांउड स्टाफ, सिक्योरिटी ऑफिसर से भी मदद मांगी। बस या अन्य साधन उपलब्ध करवाने की मांग की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तभी विमान के पायलट और को-पायलट वापस स्टाफ की कार में विमान के पास पहुंचे। ड्यूटी चार्ट पर साइन करके वापस जाने लगे। इस दौरान मैंने उनसे स्टाफ की गाड़ी में ले जाने की मिन्नत की। उन्होंने मना कर दिया। मैंने जबरदस्ती गाड़ी के सामने खड़े होकर विरोध जताया। कंपनी और उच्च स्तर पर शिकायत करने की बात कही, तब जाकर पायलट अपनी गाड़ी में लेकर हमे टर्मिनल तक लेकर पहुंचे।