बेंगलुरु में 4 इंच बारिश- गाड़ियां डूबीं, घरों में पानी:दीवार गिरने से महिला की मौत; जयपुर में IPL देखने पहुंचे दर्शक गर्मी के चलते लौटे

बेंगलुरु में रविवार को तेज बारिश हुई। यहां 110 मिमी. से ज्यादा बारिश होने से सड़कों और घरों में पानी भर गया। कई इलाकों में गाड़ियां डूब गईं और वाटर लॉगिंग वाले इलाकों से लोगों को रेस्क्यू करना पड़ा। बेंगलुरु के महादेवपुरा इलाके में दीवार गिरने से 35 साल की महिला की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने बताया- बीती रात की भारी बारिश के बाद दीवार की नींव कमजोर हो गई, जिससे हादसा हुआ। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में आज और कल भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 KMPH की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश का दौर इस हफ्ते के आखिर तक जारी रह सकता है। बेंगलुरु में बारिश के बाद बने हालात 5 तस्वीरों में… राजस्थान में तेज गर्मी, एमपी में लू का अलर्ट राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है। रविवार को जयपुर के SMS स्टेडियम में IPL मैच देखने पहुंचे दर्शक गर्मी की वजह से लौट गए। आज भी प्रदेश में यहीं मौसम बना रह सकता है। वहीं, मध्य प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, बिहार और कश्मीर में रविवार को आंधी और बिजली गिरने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई। बिहार में 5 की मौत बिजली गिरने और एक महिला की मौत पेड़ गिरने से हुई। वहीं, कश्मीर के शोपियां जिले के बेहक गडर गांव में पेड़ के नीचे दबकर पिता और बेटी की मौत हो गई। मौसम विभाग ने सोमवार को MP-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ हीट वेव की चेतावनी है। मॉनसून की स्थिति दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है। मौसम के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सही स्थिति है। राज्यों से मौसम की तस्वीरें अगले 2 दिन मौसम का हाल 20 मई: असम,मेघालय, कर्नाटक, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है।
21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है। राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: भोपाल समेत कई जिलों में आंधी-बारिश,महू में घरों की टिन उड़ी; सीहोर-सागर में आंधी से पेड़ गिरे मध्यप्रदेश में सोमवार को तेज गर्मी, आंधी और बारिश का दौर रहा। 17 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ पानी गिरा। सीधी में सवा इंच पानी गिर गया। शिवपुरी में आधा इंच बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, देवास, दमोह, गुना सागर, छिंदवाड़ा, रायसेन, शिवपुरी, बड़वानी, मऊगंज, रतलाम, बीना, रतलाम में आंधी-बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने 22 जिलों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: राज्य में गर्मी का अलर्ट, 45 डिग्री तापमान पहुंचा, झालावाड़ में बरसात; छत गिरने से मां-बेटी दबीं राजस्थान में रविवार (18 मई) को तेज गर्मी का असर दिखा। जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में IPL मैच देखने पहुंचे दर्शक गर्मी से बेहाल हो गए और स्टेडियम से बाहर लौट गए। दोपहर बाद झालावाड़ में मौसम बदला और बारिश हुई। बारिश के चलते एक मकान की छत गिर गई, जिससे मां-बेटी भी घायल हो गईं। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेशः मौसम बदला, 4 जिलों में बारिश, 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट; बांदा में पारा 46.4°C पहुंचा, वृंदावन में घाटों पर सन्नाटा यूपी में मौसम का उलटफेर जारी है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सोमवार सुबह मौसम बदल गया। गोरखपुर, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज में जोरदार बारिश हुई। आसपास के जिलों में बादल छाए हैं। ठंडी हवा चल रहीं हैं। लखनऊ, वाराणसी, आगरा समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर समेत 6 जिलों में तेज बारिश, 17 में अलर्ट,भागलपुर में गिरे ओले; मधेपुरा, अररिया में आकाशीय बिजली से 6 लोगों की मौत बिहार के कई जिलों में सोमवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। मधेपुरा में तेज बारिश हुई है। भागलपुर में मध्यम बारिश के साथ ओले गिरे। दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में भी सुबह बारिश हुई। गोपालगंज में भी बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। पटना के कुछ इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणाः गर्मी बढ़ी, दिनभर चली लू, धूप खिलने से बढ़ा तापमान, परिवर्तनशील रहेगा मौसम हरियाणा की बात करें तो सोमवार को मौसम गर्म रहा। गर्मी को देखते हुए जिला फतेहाबाद में स्कूलों का समय भी बदल दिया है। इधर, फतेहाबाद में सुबह से ही मौसम साफ और धूप खिली है। इसके अलावा गुरुग्राम, जींद, झज्जर, यमुनानगर, भिवानी, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़ व हिसार में भी मौसम साफ है। वहीं गर्मी भी अपना असर दिखाने लगी है। प्रदेश में सोमवार को हिसार जिला सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़ः आकाशीय बिजली गिरने से किसान पति-पत्नी की मौत, कवर्धा में खेत में तिरपाल लगाने गए थे; छत्तीसगढ़ में 2 दिन आंधी-बारिश का यलो अलर्ट छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। कवर्धा में किसान और उसकी पत्नी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें… झारखंडः आकाशीय बिजली गिरने से चार की मौत, गिरिडीह में चार जख्मी; दोपहर बाद कई जिलों में हुई हल्की बारिश, चली तेज हवा झारखंड के कई हिस्सों में सोमवार को भी लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर बादल छाने से दिन का तापमान कम रहा। वहीं, कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई। इधर, गढ़वा और हजारीबाग में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, वज्रपात से गिरिडीह में तीन महिला और एक बच्चा घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें… पंजाबः आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट; तेज हवाएं चलेंगी, 24 मई तक के लिए चेतावनी पंजाब में आज गर्मी से राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, कल शाम राज्य के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले 24 घंटों में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचलः तूफान का कहर, 2 की मौत:ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी, भारी ओलावृष्टि का अलर्ट; मंडी में पेड़ तले दबी गाड़ी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में तेज तूफान से एक बड़ा वटवृक्ष ईंटों से लदे ट्रक पर गिर गया। इससे ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई। मौके जेसीबी की मदद से पेड़ को चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हटाया जा सका। नगरोटा बगवां में और भी कई क्षेत्रों में तूफान से तबाही हुई है। पूरी खबर पढ़ें…