दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 49 लाख 8 हजार 687 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 2 करोड़ 59 लाख 89 हजार 759 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 79 लाख 36 हजार 938 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरने वालों का आंकड़ा 10.33 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
ब्रिटेन के नार्थम्बुरिया यूनिवर्सिटी के 700 से ज्यादा स्टूडेंट्स संक्रमित मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी स्टूडेंट्स को सेल्फ आइसोलेशन में जाने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें बाहर किया जा सकता है। स्टूडेंट्स के साथ ही उनके फ्लैट में रहने वालों और उनके संपर्क में आए लोगों को सेल्फ आइसोलेट होने के लिए कहा गया है। ब्रिटेन में 4 लाख 80 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं और 42 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में पाबंदियां सख्त कर दी गई हैं। यहां पर रविवार रात 10 बजे के बाद जरूरी कामों को छोड़कर घर से बाहर निकलने पर रोक है। नए नियमों के मुताबिक, बार और रेस्टोरेंट में पहले के मुकाबले अब 50% कम लोगों को ही सेवाएं दी जा सकेंगी। सभी दुकानें रात 10 बजे तक बंद करनी होंगी। निजी और सार्वजनिक स्थानों पर 6 से ज्यादा लोग नहीं जुट सकेंगे। देश में 8 लाख 10 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 76,01,182 | 2,14,280 | 48,18,509 |
भारत | 65,47,413 | 1,01,812 | 55,06,732 |
ब्राजील | 49,06,833 | 1,46,011 | 42,48,574 |
रूस | 12,04,502 | 21,251 | 9,75,859 |
कोलंबिया | 8,48,147 | 26,556 | 7,57,801 |
पेरू | 8,24,985 | 32,665 | 7,00,868 |
स्पेन | 8,10,807 | 32,086 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 7,90,818 | 20,795 | 6,26,114 |
मैक्सिको | 7,57,953 | 78,880 | 5,45,530 |
साउथ अफ्रीका | 6,79,716 | 16,938 | 6,12,763 |
कोलंबिया : स्लम एरिया में खतरा
कोलंबिया में पांच महीने से लॉकडाउन है। हालांकि, प्रतिबंधों में ढील भी दी गई है। सितंबर से कुछ रेस्टोरेंट्स खोले गए हैं। सरकार का कहना है कि छोटे शहरों और स्लम एरिया में संक्रमण का खतरा टला नहीं है। कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा बाकी शहरों के मुकाबले ज्यादा घातक साबित हो सकता है। हालांकि, राजधानी की मेयर क्लाउडिया ने शनिवार को कहा- महामारी की दूसरी लहर नवंबर या दिसंबर या इसके पहले भी आ सकती है, लेकिन हमने तैयारियां की हैं। उम्मीद है कि यह पहली लहर की तरह खतरनाक साबित नहीं होगी।

रूस: 24 घंटे में 9 हजार मामले
रूस में बीते 24 घंटे में 9 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। यह देश में 1 जून के बाद सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां पर राजधानी मॉस्को सबसे ज्यादा प्रभावित है। बीते 24 घंटे में सिर्फ मॉस्को में ही 2704 संक्रमित मिले हैं। देश में 5 अक्टूबर से सभी निजी कंपनियों को अपने 30% कर्मचारियों को घर से काम करने की इजाजत देने के लिए कहा गया है। देश में अब तक संक्रमण के 12 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और 21 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

फ्रांस: एक दिन में रिकार्ड 16 हजार से ज्यादा मामले
फ्रांस में 24 घंटे में 16 हजार 972 मामले सामने आए हैं। यह देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले शुक्रवार को देश में 12 हजार 148 मामले सामने आए थे। देश में संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के साथ ही राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। अब तक फ्रांस में 6 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ओलिवर वेरेन ने कहा है कि मामले और बढ़ने पर पेरिस समेत दूसरे शहरों में पाबंदियां और सख्त की जा सकती हैं।

इजराइल: प्रतिबंध के बावजूद देश भर में प्रदर्शन
इजराइल में प्रदर्शन करने पर रोक होने के बावजूद शनिवार को देश में कई जगहों पर रैलियां निकाली गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसा भी हुई। पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तेल अवीव में 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। रविवार की सुबह इनमें से 37 को छोड़ दिया गया। वहीं, येरूशलम में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इजराइल में कोरोना से जुड़ी नई पाबंदियों के तहत एक जगह पर 20 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक है।

सऊदी अरब: सात महीने बाद मक्का खोला जाएगा
सऊदी अरब में सात महीने बाद रविवार से मुस्लिमों का धार्मिक स्थल मक्का उमरा के लिए खोला गया। हालांकि, इसके लिए जरूरी सावधानियों का ध्यान रखा गया है। उमरा में हर साल पूरी दुनिया से लाखों मुसलमान पहुंचते हैं। इसे तीन चरणों में खोला जाएगा। पहले चरण में सऊदी के 6 हजार लोगों को जाने की इजाजत होगी। लोगों को छोटे छोटे ग्रुप में मक्का तक जाने दिया जाएगा। दूसरे स्टेज में 18 अक्टूबर के बाद 18 हजार लोग जा सकेंगे। 1 नवम्बर से दूसरे देशों के लोग भी यहां आ सकेंगे। हज मंत्री मोहम्मद बेनतेन ने इसकी जानकारी दी। सऊदी अरब में अब तक 3 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और 4850 मौतें हुई हैं।