भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी की खबर:बेल्जियम पुलिस ने जेल भेजा; ₹13,850 करोड़ के PNB घोटाले का आरोपी

पंजाब नेशनल बैंक से लोन धोखाधड़ी मामले में आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को पुलिस ने बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर शनिवार को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल वह जेल में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत ने बेल्जियम से चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चोकसी पर 13,850 करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप है। पिछले महीने खुलासा हुआ था कि मेहुल चोकसी बेल्जियम में छुपा हुआ है। वहां के विदेश मंत्रालय ने ऑफिशियल स्टेटमेंट में चोकसी की देश में मौजूदगी की जानकारी दी थी। पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये मुंबई की एक अदालत ने जारी किए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये 23 मई, 2018 और 15 जून, 2021 की तारीख के थे। ऐसा माना जा रहा है कि चोकसी अपने खराब सेहत और दूसरी वजहों का हवाला देते हुए जमानत और तत्काल रिहाई की मांग कर सकता है। पत्नी की मदद से हासिल किया था रेजिडेंसी कार्ड 15 नवंबर 2023 को बेल्जियम का ‘एफ रेजिडेंसी कार्ड’ हासिल किया था, जो कथित तौर पर उसकी बेल्जियन नागरिक पत्नी की मदद से प्राप्त किया गया था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चोकसी ने बेल्जियम अधिकारियों को फर्जी दस्तावेज सौंपे थे और अपने नागरिकता संबंधी तथ्यों को छिपाया था। उसने अपनी भारतीय नागरिकता का विवरण भी नहीं दिया था। बेल्जियम से पहले एंटीगा-बारबूडा में रह रहा था चोकसी 2018 में भारत छोड़ने से पहले ही चोकसी ने 2017 में ही एंटीगा-बारबूडा की नागरिकता ले ली थी। चोकसी बार-बार खराब सेहत का हवाला देकर भारत में पेशी पर आने से इनकार करता रहा। कभी-कभी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही उसकी पेशी होती थी। भारत में उसकी कई संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं। एंटीगुआ से डोमिनिका पहुंचा, जेल में 51 दिन रहा था चोकसी मई 2021 में एंटीगा से पड़ोसी देश डोमिनिका पहुंच गया था। यहां उसे अरेस्ट कर लिया गया। CBI की एक टीम उसका प्रत्यर्पण कराने के लिए डोमिनिका पहुंची, लेकिन इसके पहले ही ब्रिटिश क्वीन की प्रिवी काउंसिल से उसे राहत मिल गई। बाद में उसे फिर एंटीगा के हवाले कर दिया गया। हालांकि, डोमिनिका की जेल में मेहुल चोकसी को 51 दिन गुजारने पड़े थे। यहां उसने दलील दी थी कि वो एंटीगा जाकर वहां के एक न्यूरोलॉजिस्ट से ट्रीटमेंट कराना चाहता है। एंटीगा पहुंचने के कुछ दिन बाद डोमिनिका की अदालत ने चोकसी के खिलाफ दर्ज केस भी खारिज कर दिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चोकसी ने बेल्जियम में शरण पाने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए। उसने अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता छिपाकर गलत जानकारी दी, ताकि उसे भारत न भेजा जा सके। ………………………………. मेहुल चोकसी से जुड़ी खबर यहां पढ़ें… बेल्जियम बोला- भगोड़ा हीरा कारोबारी चोकसी हमारे यहां:हमें प्रत्यर्पण प्रक्रिया की जानकारी; मेहुल ₹13,850 करोड़ के PNB घोटाले का आरोपी भगोड़ा हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले का मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी यूरोपीय देश बेल्जियम में है। बेल्जियम के विदेश मंत्रालय ने ऑफिशियल स्टेटमेंट में चोकसी की देश में मौजूदगी की जानकारी दी। साथ ही कहा- हम मामले की अहमियत समझते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…