भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहाः निगमों को सहयोग करने के बजाय दिखावे की नौटंकी कर रहे हैं केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के द्वारा रविवार को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मच्छरों के रोकथाम के लिए अपने आवास से 10 हफ्ते,10बजे, 10मिनट का महाअभियान शुरू करने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।

गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए काम करना नगर निगमों से संबंधित है और दिल्ली सरकार निगमों को इसमें सहयोग करने बजाए काम करने का ढोंग कर रही है। गुप्ता ने कहा कि एक ओर दिल्ली सरकार ने नगर निगम के फंड को रोका हुआ है। तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री केजरीवाल दिखावे के लिए बड़े-बड़े विज्ञापन जारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल दिखावे की नौटंकी बाजी बंद करें।

गुप्ता ने कहा कि हर साल की भांति इस साल भी नगर निगम डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए प्राथमिकता के साथ बखूबी काम कर रही है, जिसके तहत महाअभियान की भी शुरुआत की गई है। डीबीसी वर्कर्स फॉगिंग कर रहे हैं, घर-घर जाकर मच्छरों को पनपने से रोकने संबंधी कार्य कर रहे हैं लेकिन दिल्ली सरकार के पास बहुत पैसा है इसलिए वह नगर निगम के कार्यों का श्रेय लेने के लिए विज्ञापनों पर पैसा पानी की तरह बहा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी नगर निगम ने पूरी मुस्तैदी से सीमित संसाधनों में उच्च स्तर पर काम किया और डेंगू मलेरिया और चिकनगुनिया को नियंत्रित करने में सफल रही। दिल्ली के लोगों के हितों में दिल्ली सरकार का कभी भी काम करने का इरादा नहीं होता है लेकिन फंड रोककर नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में अड़ंगा डालने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ती है।

गुप्ता के साथ आज महापौर निकालेंगे पैदल मार्च
दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से पंगु बनाने और बजट देने की मांग को लेकर सोमवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता दिल्ली के महापौर व अन्य पार्षदों के साथ सिविक सेंटर से दिल्ली सचिवालय तक पैदल मार्च करेंगे। इस संबंध में नेता सदन योगेश वर्मा ने बताया कि निगम कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निगम मुख्यालय सिविक सेंटर से दिल्ली सचिवालय तक मार्च निकालेंगे।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता।