भारत सरकार ने बुधवार को तुर्किये के सरकारी चैनल TRT वर्ल्ड और चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स और शिन्हुआ के X अकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं। इन पर भारत विरोधी प्रोपेगेंडा चलाने और सेना के बारे में गलत खबरें फैलाने का आरोप है। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद भी सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार जारी है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के केलर में बुधवार को भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा मिला है। यहां 13 मई को सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के तीन आतंकवादी मारे गए थे। बरामद हथियार में दो एके-47 राइफल, 10 एक-47 मैगजीन, तीन हैंड ग्रेनेड, दो वॉकी-टॉकी, एक पावर बैंक, 500 से ज्यादा बुलेट, कई आधार कार्ड, खाकी रंग जैसे 4 आर्मी पाउच, 4 ब्लैक ड्रेस, 5 हजार से ज्यादा कैश है। इधर, श्रीनगर एयरपोर्ट से हज यात्रियों का दूसरा जत्था सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुआ। श्रीनगर से हज यात्रियों का पहला जत्था 4 मई 2025 को रवाना हुआ था। ऑपरेशन सिंदूर के कारण 7 मई और 12 मई को रवाना होने वाले हज यात्रियों की सात फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं। श्रीनगर एयरपोर्ट पर मंगलवार से फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हुए हैं। पाकिस्तान ने BSF जवान को 20 दिन बाद छोड़ा पाकिस्तान ने भारत के BSF के जवान पूर्णम कुमार शॉ को छोड़ दिया है। DGMO लेवल पर बातचीत के बाद कॉन्स्टेबल पूर्णम बुधवार सुबह 10:30 बजे अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत लौटे। पाकिस्तान ने उन्हें 20 दिनों के बाद छोड़ा गया है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें घर जाने दिया जाएगा। BSF जवान के बदले भारत ने भी पाकिस्तान के जवान मुहम्मद अल्लाह को रिहा कर दिया है। मुहम्मद अल्लाह अवैध रूप से भारत में घुसा था। पाकिस्तानी मीडिया ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, भारत की तरफ से इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। BSF जवान की रिहाई की पूरी खबर यहां पढ़ें… भारत-पाकिस्तान जंग के हालात पर हर अपडेट पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए …