भारत में 21 दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 10 से 20 लाख पहुंचा; अमेरिका में 41 और ब्राजील में 27 दिन में ऐसा हुआ था

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार पहुंच गई है। पिछले 21 दिन में 10 लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आए। यानी, हर दिन औसतन 47 हजार से ज्यादा। अब दुनिया के सिर्फ तीन देशों भारत, ब्राजील और अमेरिका में 20 लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित हैं। लेकिन, 10 लाख से 20 लाख मामले होने में भारत में सबसे कम समय लगा। देश में सिर्फ 21 दिन में ऐसा हुआ। वहीं, अमेरिका में 41 दिन तो ब्राजील में 27 दिन में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 10 लाख से 20 लाख हुआ था।

देश में पिछले आठ दिन से लगातार 50 हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं। यही, रफ्तार बनी रही तो 20 से 30 लाख मामले होने में 21 से भी कम दिन लगेंगे।

कुल टेस्टिंग का 42% पिछले 20 दिन में हुआ, 50% नए मामले बढ़े

देश में पांच अगस्त तक 2.20 करोड़ से ज्यादा टेस्टिंग हुई है। पिछले 20 दिन में ही 90 लाख से ज्यादा टेस्टिंग हुई। यानी, कुल टेस्टिंग का 42% पिछले 20 दिन में हुआ। इस दौरान करीब 10 लाख नए मामले आए। यानी, 50% नए मामले। कहने का मतलब है कि हमारे देश में कोरोना के मामलों में तेजी आने का एक बड़ा कारण तेजी से बढ़ी टेस्टिंग भी है।

दुनिया के 51% कोरोना केस अमेरिका, ब्राजील और भारत में

दुनिया में कोरोना के 1 करोड़ 90 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा 49 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण का शिकार हुए हैं। जो दुनिया में कोरोना के कुल मामलों का 26% से ज्यादा है। दुनिया के 15% संक्रमित ब्राजील में हैं। वहीं, दुनिया के 10% संक्रमित भारत में हैं। यानी, दुनिया के 51% कोरोना केस सिर्फ तीन देशों तक सिमट गए हैं।

एक्टिव केस में भी अमेरिका नंबर एक पर है। दुनिया में इस वक्त 61 लाख कोरोना के एक्टिव केस हैं। इनमें से 37% अमेरिका में, 12% ब्राजील में और 10% भारत में हैं। यानी, दुनिया में इस वक्त जितने लोग कोरोना से जूझ रहे हैं, उनमें से 59% भारत, अमेरिका और ब्राजील में हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Cases Tracking In India USA Brazil | Know How Many people Affected by Coronavirus Infectious disease (COVID-19) in India Vs USA Vs Brazil