पाकिस्तान को जिस बात का डर था, वही हुआ। पहले अमेरिका से हारे और अब टीम इंडिया ने भी हरा दिया। लगातार 2 हार से पाकिस्तान की टी-20 वर्ल्ड कप के अगले राउंड में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं। टीम की अब बची-खुची आस आयरलैंड और भारत पर टिक गई हैं। इनमें से कोई भी टीम अमेरिका से हारती है तो बाबर आजम की टीम पहले राउंड से ही घर वापसी कर लेगी। इस स्टोरी में जानेंगे क्या पाकिस्तान अभी भी सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर सकता है, इस वर्ल्डकप क्यों हुआ इतना बुरा हाल… सबसे पहले देखिए वर्ल्डकप में ग्रुप-ए की मौजूदा स्थिति… ग्रुप-ए के पॉइंट्स टेबल में भारत पहले और अमेरिका दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। दोनों के 4-4 पॉइंट्स हैं। वहीं 2 मैच के बाद भी पाकिस्तान का कोई अंक नहीं हुआ, टीम चौथे नंबर पर है। ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले राउंड यानी सुपर-8 के लिए क्वालिफाई करेंगी। पाकिस्तान इसी टॉप-2 पोजिशन की जद्दोजहद में है। क्या अभी भी सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर सकता है पाकिस्तान? इसका सीधा जवाब है हां। लेकिन पाक के लिए ऐसा करना बहुत टेढ़ा है। मौजूदा स्थिति से सुपर-8 में क्वालिफाई करने के लिए 3 शर्तें हैं… तीनों शर्तें पूरी करने के बावजूद, आयरलैंड कर सकती है उलटफेर आयरलैंड पिछले महीने ही पाकिस्तान को 5 विकेट से टी-20 हरा चुकी है। आयरलैंड 2007 के वनडे वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान को हराकर उलटफेर कर चुकी है। टीम ने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में भी चैंपियन इंग्लैंड को ग्रुप स्टेज में हराने का कारनामा किया था। इतना ही नहीं, आयरलैंड का नाम बड़ी टीमों को हराने के साथ ही जोड़ा जाता है। टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के साथ वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसी टॉप टीमों को भी हराया। दूसरी ओर, पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे और अमेरिका जैसी छोटी टीमों से हार चुका है। यानी पाकिस्तान टीम आयरलैंड को भी हल्के में नहीं ले सकती। अब पाकिस्तान की पर्फॉर्मेंस और उसके डिस्क्वालिफाई की आशंका पर उठ रहे 3 बेसिक सवालों के जवाब… 1. पाकिस्तान बाहर होता है तो हैरानी क्यों होगी? क्योंकि पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 6 बार नॉकआउट राउंड के लिए क्वालिफाई करने वाली टीम है। भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज से भी ज्यादा। पाकिस्तान ने 2007 से अब तक 3 फाइनल खेले। 2009 में टीम चैंपियन बनी, वहीं 2007 और 2022 में रनर-अप रही। पाकिस्तान ICC के 2 वनडे टूर्नामेंट भी जीत चुका है। 2. इस वर्ल्डकप में पाकिस्तान का इतना बुरा हाल क्यों हुआ? पाकिस्तान ने 2022 में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल हारने के बाद अपना फॉर्म गंवा दिया। टीम ने इसके बाद 28 मैच खेले, महज 9 जीते और 17 गंवा दिए। इस दौरान 2 मैच बेनतीजा भी रहे। यानी टीम का जीत परसेंटेज महज 32% रहा। वर्ल्ड कप से ठीक पहले पाकिस्तान को आयरलैंड और इंग्लैंड ने भी 3 टी-20 हरा दिए थे। 2023 में पाकिस्तान ने 11 टी-20 खेले, महज 4 में जीत मिली। फिर वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। इसके बाद टीम के व्हाइट बॉल कप्तान बाबर आजम ने कप्तानी छोड़ दी। शाहीन शाह अफरीदी नए कप्तान बने, यहीं से टीम का बुरा हाल शुरू हो गया। शाहीन की कप्तानी में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड में 5 टी-20 की सीरीज 4-1 से गंवा दी। यहां से शाहीन की आलोचना शुरू हुई, वह पाकिस्तान सुपर लीग में अपनी टीम लाहौर कलंदर को 10 में से एक ही मैच जिता सके। जबकि बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जल्मी प्लेऑफ में पहुंच गई। आलोचना और खराब परफॉर्मेंस के बाद शाहीन ने भी पाकिस्तान की कप्तानी छोड़ दी। बाबर को फिर एक बार व्हाइट बॉल टीम का कप्तान बनाया गया। हालांकि, नतीजे नहीं बदले और पाकिस्तान ने अपनी ही घर में न्यूजीलैंड से टी-20 सीरीज गंवा दी। इसी फॉर्म के साथ टीम अब वर्ल्ड कप खेल रही है और टीम ग्रुप स्टेज से ही लगभग बाहर हो चुकी है। 3. सुपर-8 से पहले पाकिस्तान होने का अगले वर्ल्डकप से क्या कनेक्शन है? अगर पाकिस्तान टॉप-8 टीम यानी सुपर-8 में जगह बनाने में नाकामयाब रहती है तो उसके लिए अगले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी मुश्किलें पैदा हो जाएंगी। आईसीसी के नियम के मुताबिक इस वर्ल्ड कप की टॉप-8 टीमें 2026 में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगी। वहीं बाकी की टीमों को क्वालीफायर मैच खेलने होंगे। ऐसे में पाकिस्तान को अगले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए क्वालीफायर खेलना होगा। ***** ग्राफिक्स: महेश वर्मा