भास्कर अपडेट्स:अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा विधान भवन पहुंचीं, राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगी; ननद सुप्रिया सुले से लोकसभा चुनाव हारी थीं

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और NCP (अजित गुट) नेता सुनेत्रा पवार गुरुवार (13 जून) को मुंबई के विधान भवन पहुंचीं। वो 25 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। सुनेत्रा 2024 लोकसभा चुनाव में बारामती से अपनी ननद और NCP (शरद गुट) की उम्मीदवार सुप्रिया सुले से हार गई थीं। महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों ने सुनेत्रा पवार को राज्यसभा सीट देने का फैसला सर्वसम्मति से किया है। कई लोग वह सीट चाहते थे, लेकिन चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि सुनेत्रा पवार को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। मैं इस फैसले से बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं। आज की अन्य बड़ी खबरें… रूस ने यूक्रेन के क्रीवी रीह शहर पर दागी बैलिस्टिक मिसाइल, 9 की मौत, 29 घायल रूस ने बुधवार को यूक्रेन के क्रीवी रीह शहर में बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमला एक अपार्टमेंट पर किया गया। इस दौरान 5 बच्चे भी जख्मी हुए हैं। जिस जगह यह हमला हुआ है वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का घर है। मुंबई में महिला को आइसक्रीम के अंदर इंसान की उंगली का टुकड़ा मिला; कंपनी के खिलाफ केस दर्ज महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मलाड इलाके में एक महिला को आइसक्रीम कोन के अंदर इंसान की उंगली का टुकड़ा मिला। महिला ने युम्मो ​​​​​​कंपनी की ​आइसक्रीम ऑनलाइन ऑर्डर की थी। घटना के बाद वह मलाड पुलिस स्टेशन पहुंची और कंपनी के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने आइसक्रीम में मिले उंगली के टुकड़े को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। महाराष्ट्र के ठाणे में हाउसिंग सोसाइटी का स्लैब गिरने से 3 लोग घायल महाराष्ट्र के ठाणे स्थित कलवा इलाके में बुधवार (12 जून) की रात एक हाउसिंग सोसाइटी का स्लैब गिरने से तीन लोग घायल हो गए। 30 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया गया है। स्लैब गिरने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में केजरीवाल के पीए बिभव जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंचे AAP सांसद स्वाति मालीवाल मारपीट केस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार ने सेशन कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद नियमित जमानत के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। बिभव की याचिका को तीस हजारी कोर्ट के जज गौरव गोयल ने खारिज कर दिया था। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया था कि अगर बिभव को जमानत दी जाती है तो वे इस केस से जुड़े गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। मालीवाल ने आरोप लगाया था कि 13 मई को जब वे सीएम केजरीवाल के आवास पर गई थीं तब उनके साथ बिभव ने मारपीट की थी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने सलमान खान और अरबाज खान के फायरिंग मामले में बयान दर्ज किए 14 फरवरी को सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने सलमान खान और उनके भाई अरबाज खान के आज बयान दर्ज किए। तिहाड़ में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके चचेरे भाई अनमोल बिश्नोई ने सलमान खान के घर पर हमले की प्लानिंग की थी। इसके बाद बाइक सवार दो लोगों ने सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 5 गोलियां चलाई थीं। इस मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दोनों शूटर विकी गुप्ता और सागर पाल को गुजरात के गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 अप्रैल को बंदूक सप्लाई करने के आरोप में अनुज कुमार थापन और सोनू चंदर को पंजाब से गिरफ्तार किया था। 1 मई को जेल में अनुज थापन ने सुसाइड कर लिया था। पांचवे आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी भी गिरफ्तार किया जा चुका है।