28 अक्टूबर को केरल के कासरगोड जिले में नीलेश्वरम के पास एक मंदिर में आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों में से एक की शनिवार को मौत हो गई। हादसे में 154 लोग घायल हुए थे। मृतक की पहचान संदीन के रूप में हुई। उसका शरीर 40 परसेंट जल गया था। हादसे में घायल पांच व्यक्ति अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में पत्नी ने पति का प्राइवेट पार्ट काटा, अस्पताल में एडमिट दिल्ली में पत्नी ने किसी विवाद के चलते पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उसका बयान अभी दर्ज नहीं किया गया है। आरोपी महिला फिलहाल फरार है। केरल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट आए 4 सफाई कर्मचारी, तीन शव बरामद, चौथे शव की खोज जारी केरल में पलक्कड़ के पास शनिवार दोपहर 3 बजे केरल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चार सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से तीन शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चौथे शव को ढूंढा जा रहा है। चौथे शव के भारतपुझा नदी में गिरने का शक है। मामले की जांच जारी है। मणिपुर में पुलिस कांस्टेबल ने सब-इंस्पेक्टर को गोली मारी, हुई मौत मणिपुर के जिरीबाम जिले के मोंगबुंग गांव में शनिवार को सुबह 11 बजे पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सर्विस राइफल से सब-इंस्पेक्टर को गोली मार दी। इस इलाके में चल रहे संघर्षों के कारण यहां पुलिस की नियमित तैनाती रहती है। इसी दौरान फायरिंग हुई। कांस्टेबल के सब-इंस्पेक्टर के मारने की वजह अभी साफ नहीं है, पुलिस इसकी जांच कर है। मृतक की पहचान तुलिहाल जिरीबाम पुलिस स्टेशन में पोस्ट सब-इंस्पेक्टर यारीपोकवासी मोहम्मद शाहजहाँ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पुलिस कांस्टेबल अकोइजम बिक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है । भाई दूज पर नमो भारत ट्रेन दो घंटे पहले चलेगी; यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फैसला लिया गया नमो भारत ट्रेन भाई दूज के मौके पर 3 नवंबर को अपने सामान्य समय से दो घंटा पहले चलेगी। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ( NCRTC) ने शनिवार को कहा कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर पर चलने वाली यह ट्रेन सुबह 6 बजे से चलेगी, जबकि इसका सामान्य समय सुबह 8 बजे है। भाई दूज के त्योहार में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ताकि यात्री बिना परेशान के सफर कर सके। फिलहाल यह ट्रेन गाजियाबाद के साहिबाबाद स्टेशन से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर की दूरी में ही चलती है। कर्नाटक CM का आदेश, वक्फ जमीन मामले में किसानों को भेजे गए नोटिस वापस लें कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे वक्फ जमीन मामले पर किसानों को भेजे गए सभी नोटिस तुरंत वापस लें। दरअसल राज्य सरकार के रेवेन्यू डिपार्टमेंट ने किसानों को नोटिस भेजकर कहा था कि, ये जमीन वक्फ बोर्ड की है। इसको लेकर किसानों और भाजपा ने प्रदर्शन किया था। एयर इंडिया की दुबई-दिल्ली फ्लाइट में कारतूस मिला, सीट के पॉकेट में रखा हुआ था एअर इंडिया की दुबई-दिल्ली फ्लाइट में एक कारतूस रखा हुआ मिला है। एयरलाइंस ने शनिवार सुबह बताया कि यह कारतूस फ्लाइट AI916 में 27 अक्टूबर को दिल्ली में लैंडिंग के बाद क्रू मेंबर्स को मिला था। इसे सीट के पॉकेट में रखा गया था। कारतूस को सीट के पॉकेट में किसने और कब रखा है, इसकी अभी जानकारी सामने नहीं आई है। एअर इंडिया ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… ओडिशा में कोहरे के चलते वैन ट्रक से टकराई, छह की मौत, पांच घायल ओडिशा के सुंदरगढ़ में शुक्रवार देर रात 2:30 बजे 11 लोगों से भरी वैन कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए है। पुलिस ने बताया कि वैन में सवार सभी लोग पास के चक्कापाली गांव में हुए कीर्तन से वापस आ रहे थे। मृत लोगों की पहचान जिले के कंडागोड़ा और समरपिंडा गांवों के निवासियों के तौर पर हुई हैं। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए सरकार से सहायता राशि की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी है। विस्तारा की मुंबई-अमृतसर फ्लाइट खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ डायवर्ट विस्तारा की मुंबई-अमृतर फ्लाइट UK695 को शनिवार सुबह चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया है। विस्तारा ने X पर बताया कि अमृतसर एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण पायलट ने फ्लाइट को डायवर्ट करने का फैसला लिया। फ्लाइट सुबह 9 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरी। सभी पैसेंजर्स को अमृतसर पहुंचाने के लिए मदद की जा रही है। हिमाचल प्रदेश में ट्राउट मछली पकड़ने पर चार महीने का बैन हिमाचल प्रदेश के मत्स्य विभाग ने शुक्रवार को ट्राउट मछली पकड़ने पर 4 महीने का बैन लगा दिया है। ट्राउट मछली के रिप्रोडक्शन को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया गया है। इसके तहत शिमला की पब्बर नदी, कुल्लू की ब्यास, मंडी और कांगड़ा की उहल नदी, चंबा की भांदल नाला और सरवरी, पार्वती, गदसा और सैंज नदी में मछली पकड़ना बैन है। यह बैन 1 नवंबर 2024 से 28 फरवरी 2025 तक लागू रहेगा। मुंबई में स्क्रैप की दुकान में आग, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मुंबई के अंधेरी ईस्ट इलाके में एक स्क्रैप की दुकान में शनिवार सुबह आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में घर में आग लगी, 3 बच्चों की मौत पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शुक्रवार रात एक घर में आग लगने से 3 बच्चों की मौत हो गई। ये घटना काली पूजा के दौरान उलुबेरिया शहर में हुई। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। हावड़ा के डिवीजनल फायर ऑफिसर रंजन कुमार घोष ने कहा कि तीन बच्चों में 9 साल, 4 साल और 2.5 साल के बच्चे शामिल हैं। आग बुझाने के बाद तीनों के शवों को बाहर निकाला गया था।