जम्मू के कठुआ जिले के हीरानगर के सैदा सोहल इलाके में मंगलवार शाम आतंकियों ने गोलियां चलाईं। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया। वहीं, एक नागरिक घायल हो गया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी दी। यह घटना मंगलवार की शाम करीब 7:45 बजे की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद तीन संदिग्धों को इलाके से सटे जंगल की तरफ भागते देखा गया। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश के लिए रविशंकर प्रसाद और तरुण चुघ को पर्यवेक्षक बनाया, विधायकों के साथ जल्द बैठक करेंगे अरुणाचल प्रदेश के विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा ने पर्यवेक्षक का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पटना साहिब से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ को ये जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों नेता अरुणाचल प्रदेश के नए विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री नाम फाइनल करेंगे। अरुणाचल की 60 सीटों में से 46 सीटें जीतकर भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। अरुणाचल में भाजपा को 60 में से 46 सीट पर जीत मिली। पार्टी ने पहले ही 10 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर ली थी। इसलिए चुनाव 50 सीटों पर ही हुए थे। राज्य में भाजपा का नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के साथ गठबंधन है। NPP को 5 सीटें मिलीं। इस लिहाज से अरुणाचल में NDA के पास 51 सीटें हैं। गैंगस्टर अबू सलेम की मुंबई सेशन कोर्ट में अर्जी, तलोजा जेल से किसी दूसरी जेल में शिफ्ट न किया जाए गैंगस्टर अबू सलेम ने मुंबई सेशन कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। इसमें मांग की गई है कि उसे तलोजा जेल से किसी दूसरी जेल में शिफ्ट न किया जाए। सलेम की वकील अलीशा पारेख का कहना है, यह अर्जी इसलिए दाखिल की है क्योंकि अबु को लगता है कि उसकी जान को खतरा है। तलोजा जेल ने इस अर्जी पर जवाब देते हुए कहा है कि जेल की निचली कोठरी की हालत अच्छी नहीं है और इसे दोबारा बनाने की जरूरत है। अबु के लिए जेल में कोई अन्य सुरक्षित जगह नहीं है, इसलिए उसे किसी अन्य जेल में भेज दिया जाना चाहिए। अबु पर पहले दो बार हमला हो चुका है। मुंबई में ATS ने फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे 4 बांग्लादेशी गिरफ्तार किए, 5 की तलाश जारी मुंबई एटीएस ने मंगलवार (11 जून) को फर्जी दस्तावेजों के साथ मुंबई में रह रहे 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने ऐसे 5 और बांग्लादेशियों की पहचान की है। उनकी तलाश जारी है। एटीएस ने खुलासा किया है कि आरोपियों ने लोकसभा चुनाव में भी मतदान किया था, क्योंकि उन्होंने फर्जी नागरिकता दस्तावेजों के आधार पर मतदाता पहचान पत्र भी हासिल किए हैं। जरांगे के अनशन का आज चौथा दिन, बोले- सरकार को हमारी चिंता नहीं, इनको सबक सिखाएंगे मराठा आरक्षण की मांग कर रहे एक्टिविस्ट मनोज जरांगे की भूख हड़ताल का मंगलवार (11 जून) को चौथा दिन है। इस दौरान जालना जिले के गांव अंतरवाली सारथी में उन्होंने कहा- सरकार को हमारी दुर्दशा की जरा भी चिंता नहीं है। मराठा समुदाय इनको सबक सिखाएगा। जरांगे ने डॉक्टरों की सलाह के बावजूद आईवी फ्लूइड लेने से इनकार कर दिया है। चंडीगढ़ में मोबाइल टावर पर चढ़ा हरियाणा का युवक, बोला- ऊपर आए तो कूद जाऊंगा चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह एक युवक सेक्टर 17 बस स्टैंड के पीछे लगे एक निजी कंपनी के टावर पर चढ़ गया। करीब 50 फुट ऊंचे टावर पर युवक के चढ़ने का पता चलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस को देख युवक ने धमकी दी कि अगर उसे नीचे उतारने की कोशिश की तो वह कूद जाएगा। जिसके बाद पुलिस ड्रोन के जरिए युवक की निगरानी कर रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश के धार में पाइप फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां बुझाने में जुटीं मध्यप्रदेश के धार के पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक पाइप फैक्ट्री में मंगलवार सुबह 7 बजे आग लग गई। आग की सूचना पर पीथमपुर, इंदौर, धार और बदनावर से दमकल की करीब आठ गाड़ियां मौके पहुंची हैं। फैक्ट्री में बड़ी संख्या में पाइप रखे हुए थे, इसलिए आग तेजी से भड़क गई। इसका धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा है। फिलहाल किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। महाराष्ट्र के ठाणे में एक फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर महाराष्ट्र के ठाणे में एक फैक्ट्री में मंगलवार सुबह आग लग गई। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग बुझाने का काम जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने कहा कि फिलहाल किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के कारण का भी अभी पता नहीं चला है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने गाजा में सीजफायर प्रस्ताव पास किया, अमेरिका ने पेश किया था; वोटिंग में शामिल नहीं हुआ रूस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल) ने सोमवार को गाजा में इजराइल-हमास के बीच आठ महीने से चल रहे युद्ध को खत्म करने के मकसद से सीजफायर प्रस्ताव पास किया। इस प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 31 मई को काउंसिल के सामने रखा था। उन्होंने इसे इजराइल की पहल बताया था। इस प्रस्ताव के समर्थन में 14 वोट पड़े। हालांकि, UNSC के स्थायी सदस्य और वीटो पावर रखने वाले रूस ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। भक्त चरण दास का कांग्रेस कैंपेन कमेटी चेयरमैन पद से इस्तीफा; ओडिशा में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता भक्त चरण दास ने ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने अपेक्षित संख्या में सीटें हासिल न कर पाने के बाद ओडिशा कांग्रेस कैंपेन कमेटी चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। लश्कर आतंकी के मददगारों के पास मिले 6 किलो के 2 IED श्रीनगर के निहामा गांव में दो आतंकवादियों के मददगार रहे बिलाल अहमद लोन, सज्जाद गनी और शाकिर बशीर के पास से IED मिला। इसका वजन करीब 6 किलो था। इसे एक्टिव सर्किट ट्रिगर सिस्टम के साथ प्लास्टिक शीट में कवर करके छिपा दिया गया था। लश्कर के दोनों आतंकवादियों ने यह IED तैयार की थी जिसे बाद में शाकिर बशीर ने बागों में छिपा दिया था। पुलवामा पुलिस और सेना ने इसे बाद में डिफ्यूज कर दिया। स्वाति मालीवाल मारपीट केस में दिल्ली पुलिस ने बिभव के खिलाफ नई धारा जोड़ी दिल्ली पुलिस ने आप सांसद स्वाति मालीवाल पर हमले से जुड़े केस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार के खिलाफ सबूत गायब करने और गलत सूचना देने के लिए IPC की धारा जोड़ी है। कुमार पर 13 मई को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर मालीवाल पर हमला करने का आरोप है। कुमार को 18 मई को गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है। अफगानिस्तान में 4.3 तीव्रता का भूकंप नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक अफगानिस्तान में एक बार फिर भूकंप आया। सोमवार देर रात करीब 2.15 आए इस भूकंप की तीव्रता 4.5 रही। हालांकि इससे अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली है।