भास्कर अपडेट्स:जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी की नाक से खून निकला, अस्पताल में भर्ती कराए गए

केंद्रीय मंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी को रविवार को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के दौरान नाक से खून बहने के बाद अस्पताल ले जाया गया। वे जब मंच पर थे तभी अचानक उनकी नाक से खून बहने लगा था। वे रूमाल से खून रोकते नजर आए थे। आज की अन्य बड़ी खबरें… असम में 9 करोड़ रुपए की नशीली गोलियां जब्त, एक गिरफ्तार असम पुलिस ने कछार जिले में 9 करोड़ रुपए कीमत की 30 हजार याबा गोलियां (ड्रग्स) जब्त की हैं। साथ ही एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद ढोलाई पुलिस थाना पुलिस ने 27 जुलाई की रात को तलाशी अभियान चलाया था। गिरफ्तार युवक का नाम अब्दुल अलीम (42) है। वो सप्तग्राम गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, इन गोलियों को आइजोल लाया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार जनसंवाद यात्रा निकालेंगे, नासिक से शुरू होगी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 से पहले राज्य के डिप्टी सीएम NCP चीफ अजित पवार जनसंवाद यात्रा निकालेंगे। लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार से बाद यह फैसला लिया गया है। NCP के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि अजित पवार के नेतृत्व में जनसंवाद यात्रा नासिक से शुरू की जाएगी। यह यात्रा सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। तटकरे ने यह भी कहा कि पार्टी के सीनियर लीडर्स छगन भुजबल (राज्य में कैबिनेट मंत्री), प्रफुल्ल पटेल को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल होगी। लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा- सरकार ने बातचीत के लिए नहीं बुलाया तो 15 अगस्त से विरोध प्रदर्शन करेंगे लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने रविवार (28 जुलाई) को बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कि अगर केंद्र सरकार लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा और संवैधानिक संरक्षण की हमारी मांग पर हमें बातचीत के लिए नहीं बुलाती है तो हम 15 अगस्त से विरोध प्रदर्शन फिर से शुरू करेंगे। इससे पहले 27 मार्च को वांगचुक ने 21 दिन की अपनी भूख हड़ताल खत्म की थी। उनकी मांग लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और इसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की है। अपना अनशन तोड़ने के बाद उन्होंने कहा था कि उनकी ये लड़ाई आगे चलती रहेगी। शादी से नाम पर महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार, देशभर में 20 से ज्यादा महिलाओं संग की ठगी महाराष्ट्र के पालघर में पुलिस ने फिरोज नियाज शेख (43) नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, फिरोज ने देशभर में 20 से ज्यादा महिलाओं से शादी के नाम पर ठगी की। आरोपी मेट्रोमोनियल साइट पर तलाकशुदा और विधवा महिलाओं से दोस्ती करता था। इसके बाद उनसे शादी के लिए राजी करता था। विश्वास जीत लेने के बाद उनसे कैश सहित अन्य कीमती सामान ठग लेता था।

पुलिस ने आगे बताया कि नाला सोपोरा इलाके की महिला ने फिरोज के खिलाफ केस दर्ज कराया था। आरोपी ने उससे अक्टूबर-नवंबर 2023 में 6.5 लाख रुपए कैश, एक लैपटॉप और अन्य कीमती ठगा था। मामले की जांच के बाद 23 जुलाई को ठाणे जिले के कल्याण से फिरोज को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, चेकबुक और आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपी ने साल 2015 अबतक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुजरात सहित अन्य हिस्सों में 20 से अधिक महिलाओं को ठगा है। पंजाब पुलिस ने इंटरनेशनल ड्रग्स तस्कर के 2 सहयोगियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया, 1 करोड़ कैश भी जब्त पंजाब पुलिस ने रविवार को इंटरनेशनल ड्रग तस्कर गुरजंत सिंह भोलू और किंदरबीर सिंह के 2 सहयोगियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी भी जब्त की है। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बताया कि दोनों ही आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मणिपुर में यूएनएलएफ के चार उग्रवादी गिरफ्तार, इन पर गोलीबारी और महिला से अभद्र व्यवहार का आरोप था मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा है कि चारों को चिंगमेइरोंग से गिरफ्तार किया गया। वे गोलीबारी की घटना, नागरिकों पर हमला और एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने में शामिल थे। पुलिस ने शनिवार को काकचिंग जिले के तेजपुर आईवीआर से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनगांबा) के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया। इसमें कहा गया है कि गिरफ्तार व्यक्ति जबरन वसूली में शामिल था। दिल्ली में DTC बस में देर रात बम की सूचना, पुलिस बोली- बम जैसा कुछ नहीं, सूचना फर्जी थी दिल्ली के नांगलोई में शनिवार (27 जुलाई) की रात सेंट्रल पार्क नजफगढ़ रोड पर DTC बस में बम की सूचना दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस और बम स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में यह सूचना फर्जी पाई गई। डीसीपी आउटर जिम्मी चिराम ने बताया कि हमें रात 9.53 बजे कॉल आया था। हमें बम जैसी कोई भी चीज नहीं मिली है। हालांकि, तार जैसी एक चीज जरूर मिली है। फिलहाल हम जांच कर रहे है कि यह क्या है। तेलंगाना, सिक्किम और छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों के राज्यपाल बदले; पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल का इस्तीफा भी मंजूर राष्ट्रपति भवन ने 10 राज्यों के राज्यपाल को बदलने की सूचना जारी की है। इसके मुताबिक हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान, जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का, ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इनके अलावा संतोष कुमार गंगवार को झारखंड, रामेन डेका को छत्तीसगढ़, सी.एच. विजयशंकर को मेघालय, सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र और तेलंगाना (अतिरिक्त प्रभार) का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पंजाब के मौजूदा गवर्नर बनवारी लाल का इस्तीफा मंजूर करते हुए गुलाब चंद कटारिया पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम की जिम्मेदारी दी गई है, उनके पास मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी होगा। पूरी खबर पढ़ें… तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच मारपीट में दो घायल, अस्पताल में भर्ती किए गए दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जेल के फोन रूम में कुछ कैदियों ने बदला लेने के इरादे से दो कैदियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घायल कैदियों को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार की है। घायल कैदियों की पहचान 22 साल के लवली और लवेश के तौर पर हुई। दोनों अंबेडकर नगर इलाके में हत्या के मामले में बंद थे। दोनों पर हमला करने का आरोप लोकेश नाम के कैदी पर है। लोकेश के भाई की हत्या के आरोप में ही दोनों घायल कैदी जेल में बंद थे। इस साजिश में लोकेश का साथ हिमांश और अभिषेक ने दिया। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में खाई में गिरी कार, 5 बच्चों समेत 8 की मौत जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के डक्सुम में रोड एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 5 बच्चे, 2 महिलाएं और एक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसा सिंथन-कोकरनाग रोड पर हुआ। कोकरनाग के SDM सुहेल अहमद के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के डक्सुम के पास प्राइवेट कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। सभी मृतकों को कोकरनाग के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।