भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को आज AIIMS (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। आज की अन्य बड़ी खबरें… बेंगलुरु में ठगों ने जापानी नागरिक को डिजिटल अरेस्ट किया, 35.50 लाख रुपए ट्रांसफर कराए बेंगलुरु में एक जापानी नागरिक हिरोशी सासाकी को डिजिटल अरेस्ट करके उनसे 35 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि सासाकी को 12 दिसंबर को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के नाम से फेक कॉल आया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके पास वॉट्सएप कॉल किया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर अपने अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करा लिए। महाराष्ट्र में आत्महत्या की कोशिश कर रहे बुजुर्ग दंपति को पुलिस ने बचाया, बीमारी से परेशान थे महाराष्ट्र की ठाणे म्यून्सिपल कार्पोरेशन की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और पुलिस ने आत्महत्या की कोशिश कर रहे बुजुर्ग दंपति को बचा लिया। दंपति ने अपने भतीजे को SMS भेजकर अपने प्लान के बार में बताया था। इसके बाद दंपति के भतीजे ने पुलिस को इसकी खबर दी। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग पति-पत्नी अपनी बीमारियों से परेशान होकर आत्महत्या करने जा रहे थे। दोनों वाघबिल इलाके में अपने घर में फांसी लगाने जा रहे थे। हालांकि, टीम ने सही समय पर पहुंचकर दोनों को बचा लिया। राजस्थान टैंकर हादसा- मृतकों की संख्या 19 हुई, 20 दिसंबर को जयपुर-अजमेर हाईवे पर हादसा हुआ था राजस्थान में LPG टैंकर एक्सीडेंट में मरने वालों की संख्या 19 हो गई।सवाई मान सिंह अस्पताल में गुरुवार को एक और व्यक्ति की गंभीर रूप से जलने की वजह से मौत हो गई। मृतक का शरीर 60% तक जल गया था और वह वेंटिलेटर पर था। वह एक आईटी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। हादसे के दिन वह मोटरसाइकिल से काम पर जा रहा था। इससे पहले घटना में घायल तीन लोगों की बुधवार को मौत हुई थी। अस्पताल के अधीक्षक डॉ सुशील भाटी ने बताया कि 11 लोगों का इलाज चल रहा है। उनमें से दो या तीन लोगों को गुरुवार को छुट्टी मिलने की संभावना है। वहीं, तीन मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। राजस्थान में जयपुर-अजमेर हाईवे पर 20 दिसंबर को LPG टैंकर और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई थी। बाद में चार अन्य ने भी दम तोड़ दिया था। मुंबई में बीच सड़क लेम्बोर्गिनी कार में आग लगी, 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई मुंबई के कोस्टल रोड पर बुधवार रात करीब 10:20 बजे एक लेम्बोर्गिनी कार में आग लग गई। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कार में कितने लोग सवार थे और आग किस वजह से लगी इसकी जानकारी नहीं मिली है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलने के बाद फायरफाइटर्स को तुरंत मौके पर भेजा गया। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। बिजनेस टाइकून गौतम सिंघानिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आग का वीडियो शेयर किया है। ऑरेंज कलर की कार गुजरात नंबर की है। वीडियो में कार के केबिन में आग की लपटें दिखाई दे रही हैं और एक व्यक्ति उसे बुझाने का प्रयास कर रहा है। नवी मुंबई में 2024 में ड्रग से जुड़े 654 केस दर्ज, पिछले साल की तुलना में 179 ज्यादा महाराष्ट्र के नवी मुंबई में इस साल ड्रग से जुड़े 654 मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार 179 केस ज्यादा हैं। पुलिस अधिकारी ने नवी मुंबई पुलिस की सालाना रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इन मामलों में जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की कुल कीमत 33.27 करोड़ रुपए थी, जबकि पिछले साल यह 22.97 करोड़ रुपए थी। गुजरात के अहमदाबाद-राजकोट हाईवे में 2 ट्रकों की टक्कर, 2 की मौत गुजरात के अहमदाबाद-राजकोट हाईवे में दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में 2 की मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा बागोदरा से बावला जा रहे ट्रक का टायर फटने से हुआ। यह ट्रक अन्य गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद ब्लॉस्ट हो गया, जिसमें गाड़ियां भी जल गईं। पढ़ें पूरी खबर… महाराष्ट्र में संविदा कर्मचारी ने 21 करोड़ का फ्रॉड किया, गर्लफ्रेंड को BMW कार और फ्लैट गिफ्ट दिया महाराष्ट्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विभाग में काम कर रहे एक संविदा कर्मचारी ने 21 करोड़ का फ्रॉड किया। आरोपी की पहचान हर्ष कुमार के रूप में हुई है। उसने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए यह घोटाला किया। इसके बाद पैसों से गर्लफ्रेंड को BMW कार और फ्लैट गिफ्ट किया। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। जापान एयरलाइंस के सिस्टम पर साइबर अटैक, एयरलाइन ने टिकटों की बिक्री रोकी; कई उड़ानें प्रभावित जापान एयरलाइंस ने गुरुवार सुबह बताया कि उसके सिस्टम पर साइबर अटैक हुआ है। इससे उसकी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। सिस्टम की खराबी के बारे में स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 8:56 बजे जानकारी मिली थी। एयरलाइन्स ने फिलहाल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री रोक दी है। जापान के हनेडा एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स 50 मिनट तक लेट हुई हैं। ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता मलयालम लेखक एमटी वासुदेवन नायर का निधन, कोझिकोड में होगा अंतिम संस्कार; केरल में 2 दिन का राजकीय शोक मलयालम के महान साहित्यकार और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता एमटी वासुदेवन नायर का निधन हो गया। वे 91 साल के थे। नायर पिछले एक महीने से इलाज करा रहे थे। 16 दिसंबर की सुबह सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पार्थिव शरीर को अस्पताल से उनके कोट्टाराम रोड वाले घर पर ले जाया जाएगा। दोपहर 4 बजे तक आम जनता दर्शन कर सकेगी। अंतिम संस्कार शाम 5 बजे मवूर रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। नायर ने सात दशक लंबे करियर में 9 उपन्यास, 19 लघुकथाओं के संग्रह, 6 फिल्मों का निर्देशन, लगभग 54 पटकथाएं और कई निबंध व संस्मरण की रचना की थी। केरल सरकार ने नायर के निधन पर 26 और 27 दिसंबर को राजकीय शोक की घोषणा की है। गुजरात के ओखा पोर्ट पर जेट्टी बनाते वक्त क्रेन गिरी, 3 मजदूरों की मौत गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के ओखा पोर्ट पर जेट्टी निर्माण स्थल पर बुधवार को एक क्रेन के गिरने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। इनमें एक इंजीनियर, एक सुपरवाइजर और एक मजदूर शामिल है। जिला कलेक्टर जीटी पंड्या ने बताया कि यह जेट्टी गुजरात मैरीटाइम बोर्ड बना रहा है। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।