भास्कर अपडेट्स:मराठा आरक्षण के लिए जरांगे की भूख हड़ताल फिर शुरू, कहा- मरते दम तक हड़ताल जारी रखूंगा

मराठा आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल ने शनिवार (20 जुलाई) को महाराष्ट्र के जालना में एक बार फिर भूख हड़ताल की शुरु किया। अनशन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें यह कदम उठाना पड़ा क्योंकि महाराष्ट्र सरकार आरक्षण के मुद्दे पर अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। जरांगे ने कहा कि मरते दम तक हड़ताल जारी रखूंगा। उनकी मांग है कि कुनबी समाज के लोगों को मराठा कम्यूनिटी का हिस्सा घोषित करने के लिए नोटीफिकेशन जारी किया जाए। आज की अन्य बड़ी खबरें…
बॉम्बे हाईकोर्ट बोला- दाऊद इब्राहिम व्यक्तिगत क्षमता में आतंकवादी घोषित
बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक मामले में सुनवाई करते हुए कहा है कि दाऊद इब्राहिम को केंद्र सरकार ने व्यक्तिगत क्षमता में आतंकवादी घोषित किया है। इसलिए उससे जुड़े गैंग पर UAPA के तहत कार्रवाई नहीं होगी। डिविजन बेंच की जस्टिस भारती डांगरे और मंजुशा देशपांडे ने दाऊद के संगठन डी कंपनी से जुड़े दो लोगों को बेल देते हुए यह टिप्पणी की है। दोनों आरोपियों को ड्रग्स रैकेट मामले में गिरफ्तार किया गया था। पंजाब में सेना के ट्रक और ट्रॉली की टक्कर, हादसे में 5 जवान घायल पंजाब के जालंधर में शनिवार (20 जुलाई) को एक ट्रॉली और सेना के ट्रक की टक्कर में 5 जवान घायल हो गए। हादसे के दौरान सेना का ट्रक डिवाइडर पार करके पलट गया। सभी घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है,जिसमें ट्रक ओवरटेक करता नजर आ रहा है। थाना रामामंडी के SHO गुरप्रीत सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट सूच्ची पिंड के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। भास्कर अपडेट्स:हरियाणा में कांग्रेस MLA बेटे समेत गिरफ्तार, अवैध खनन से जुड़े केस में ED ने पकड़ा; पूर्व इनेलो विधायक से जुड़ा कनेक्शन हरियाणा में विधानसभा चुनाव से 3 महीने पहले एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) एक्शन में आ गई है। शुक्रवार-शनिवार की रात ED ने सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया। पंवार के साथ उनके बेटे को भी टीम साथ ले गई। दोनों को गिरफ्तार कर अंबाला ले जाया गया है। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… गुजरात में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर गर्मी के कारण ऑफिसर और जवान की मौत गुजरात में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर शुक्रवार (19 जुलाई) को गर्मी के कारण (BSF) के एक ऑफिसर और एक जवान की मौत हो गई। ऑफिशियल सोर्स ने बताया कि एक सहायक कमांडेंट और एक हेड कांस्टेबल जीरो लाइन पर गश्त दे रहे थे। तभी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन की वजह से दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद दोनों जवानों को भुज में एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इससे पहले मई में गर्मी के कारण राजस्थान में एक BSF की मौत हुई थी UPSC चेयरमैन का 5 साल पहले ही इस्तीफा, कहा- इसका पूजा खेडकर विवाद से संबंध नहीं यूपीएससी के अध्यक्ष मनोज सोनी ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल मई 2029 तक था। हालांकि मनोज ने कहा है कि उनका इस्तीफा ट्रेनी IAS पूजा खेडकर से जुड़े विवादों और आरोपों से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं है। सूत्रों के मुताबिक यूपीएससी के अध्यक्ष ने एक पखवाड़े पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा दे दिया था। इसे अभी स्वीकार किया जाना बाकी है। मनोज ने 28 जून 2017 को आयोग के सदस्य के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने 16 मई 2023 को यूपीएससी के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। पढ़ें पूरी खबर… चीन में भारी बारिश के कारण पुल ढहा 11 की मौत, 30 से ज्यादा लोग लापता चीन में भारी बारिश के कारण पुल ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई है। शानक्सी प्रांत में यह हादसा 19 जुलाई को स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:40 बजे हुआ। अब तक 30 से ज्यादा लोग लापता हैं और 20 गाड़ियां बह गई। मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंच चुकी है। चीनी मौसम विभाग ने दो से तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ में फोर्स ने एक नक्सली को मार गिराया:सुकमा इलाके में 20-25 मिनट तक हुई गोलीबारी; शव समेत हथियार बरामद छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना इलाके में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मौके से नक्सली का शव, हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया है। फिलहाल नक्सली की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, जवानों को सूचना मिली थी कि तुमारगट्टा, सिंगावरम के जंगलों में जगरगुंडा एरिया कमेटी के माओवादियों का जमावड़ा है। इसी सूचना के आधार पर 19 जुलाई की रात सुकमा से DRG जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। पूरी खबर पढ़ें… कंटेनर जहाज मेर्स्क फ्रैंकफर्ट में आग, इंडियन कोस्ट गार्ड के 3 जहाज 12 घंटे से आग बुझाने में जुटे कंटेनर जहाज मेर्स्क फ्रैंकफर्ट में आग लग गई। यह जहाज कर्नाटक के कारवार से 6.5 नॉटिकल माइल (करीब 12 किमी) दक्षिण में है। आग बुझाने का काम फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल ICG के तीन जहाज सुजीत, सचेत और सम्राट कर रहे हैं। इन जहाजों ने पिछले 12 घंटे से ज्यादा समय में आग को और फैलने से रोक दिया है। 20 जुलाई 2024 को सुबह 7 बजे तक मेर्स्क फ्रैंकफर्ट कारवार से जहाज को अपना रास्ता बदलने की सलाह दी गई है। यह 6 नॉट की गति से 180 की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यूपी के गोंडा में एक्सीडेंट साइट पर ट्रेन सेवाएं शुरू उत्तर प्रदेश के गोंडा में प्रभावित डाउनलाइन मार्ग पर ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। गुरुवार (18 जुलाई) को यहां चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 21 बोगियों के पटरी से उतरने से 4 लोगों की मौत हो गई थी। 25 घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बहाली का काम पूरा होने के बाद सेवाएं फिर से शुरू हो गईं। हादसे में पहले तीन लोगों की मौत की जानकारी थी। शुक्रवार (19 जुलाई) सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक यात्री का शव AC कोच के नीचे दबा मिला। RPF कर्मियों ने जेसीबी की मदद से कोच हटावाया। देखा तो मिट्‌टी के अंदर शव दबा था। युवक की उम्र करीब 40 साल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी मारे गए जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी और दो आतंकवादियों को मार गिराया है। हालांकि, आतंकवादियों के शव अभी बरामद नहीं किए जा सके हैं। सुरक्षा बलों ने सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ कर रहे कुछ आतंकवादियों को देखकर ललकारा और उसके बाद मुठभेड़ हुई। अधिकारियों ने कहा कि 6 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को नियंत्रण रेखा पर आतंकवादियों की गतिविधि के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। वहीं, डोडा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच एक दूसरी मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए। मुठभेड़ जिले के कास्तीगढ़ इलाके में चल रही थी। इससे पहले 14 जुलाई को कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारी हथियारों से लैस 3 आतंकी मारे गए थे।