संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल) ने सोमवार को गाजा में इजराइल-हमास के बीच आठ महीने से चल रहे युद्ध को खत्म करने के मकसद से सीजफायर प्रस्ताव पास किया। इस प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 31 मई को काउंसिल के सामने रखा था। उन्होंने इसे इजराइल की पहल बताया था। इस प्रस्ताव के समर्थन में 14 वोट पड़े। हालांकि, UNSC के स्थायी सदस्य और वीटो पावर रखने वाले रूस ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। आज की बाकी बड़ी खबरें… भक्त चरण दास का कांग्रेस कैंपेन कमेटी चेयरमैन पद से इस्तीफा; ओडिशा में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता भक्त चरण दास ने ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने अपेक्षित संख्या में सीटें हासिल न कर पाने के बाद ओडिशा कांग्रेस कैंपेन कमेटी चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। लश्कर आतंकी के मददगारों के पास मिले 6 किलो के 2 आईईडी श्रीनगर के निहामा गांव में दो आतंकवादियों के मददगार रहे बिलाल अहमद लोन, सज्जाद गनी और शाकिर बशीर के पास से IED मिला। इसका वजन करीब 6 किलो था। इसे एक्टिव सर्किट ट्रिगर सिस्टम के साथ प्लास्टिक शीट में कवर करके छिपा दिया गया था। लश्कर के दोनों आतंकवादियों ने यह आईईडी तैयार की थी जिसे बाद में शाकिर बशीर ने बागों में छिपा दिया था। पुलवामा पुलिस और सेना ने इसे बाद में डिफ्यूज कर दिया। स्वाति मालीवाल मारपीट केस में दिल्ली पुलिस ने बिभव के खिलाफ नई धारा जोड़ी दिल्ली पुलिस ने आप सांसद स्वाति मालीवाल पर हमले से जुड़े केस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार के खिलाफ सबूत गायब करने और गलत सूचना देने के लिए आईपीसी की धारा जोड़ी है। कुमार पर 13 मई को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर मालीवाल पर हमला करने का आरोप है। कुमार को 18 मई को गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है। अफगानिस्तान में 4.3 तीव्रता का भूकंप नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक अफगानिस्तान में एक बार फिर भूकंप आया। सोमवार देर रात करीब 2.15 आए इस भूकंप की तीव्रता 4.5 रही। हालांकि इससे अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली है।