मई में मानसून की दस्तक ने बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। 30 मई तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो इतिहास में मई महीने की सबसे अधिक बारिश है। अभी तक मई में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड 1990 का था। तब 110.7 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद दूसरी सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड सिर्फ 4 साल पहले 2021 का था, जब मई में 107.9 मिमी बारिश हुई थी। सामान्य रूप से मई में औसतन 61.4 मिमी बारिश होती है। दिल्ली में मई में 188.9 mm बारिश दर्ज की गई। जिसने 2008 के 165mm बारिश का रिकॉर्ड तोड़ा। मई महीने एक भी दिन हीटवेव का नहीं रहा। हिमाचल प्रदेश में 4 जिलों में आज और 7 जिलों में कल तेज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। इसके कारण कई जगहों पर पानी भर गया। विजिबिलिटी भी कम हुई। कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज बारिश जारी है। दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश के कारण एक घर ढह गया। घटना में 4 लोगों की मौत हुई। इनमें दो बच्चे शामिल हैं। घटना 28 मई की सुबह हुई थी। शुक्रवार को मंगलुरु के डेरालाकाटे में घर की दीवार ढह गई, जिसमें 16 साल की लड़की की मौत हुई। मेघालय में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। पूर्वी खासी हिल्स जिले में 24 घंटे बारिश जारी है। यहां लैंडस्लाइड में महिला की मौत हुई। एक व्यक्ति पानी में डूब गया। मावकिनरू ब्लॉक में पेड़ के नीचे दबने से 15 साल के लड़के की जान चली गई। अन्य राज्यों के मौसम का हाल… त्रिपुरा: बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर जाने से 16 साल का लड़का पानी में डूब गया। 57 परिवारों के 200 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश जारी है। सिपाहिजला जिले के मोहनभोग इलाके में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 20 CM बारिश दर्ज की गई। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… राज्यों के मौसम का हाल… राजस्थान के 7 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट; बाड़मेर में 6 साल का रिकॉर्ड टूटा मौसम केंद्र जयपुर ने 31 मई को 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 1 जून को भी 17 जिलों बारिश का अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 2 जून को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसके असर से दो दिन राजस्थान के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ेगी। पूरी खबर पढ़ें… भोपाल समेत 21 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट:PM के कार्यक्रम के पंडाल में सीवेज सिस्टम बनाया मध्यप्रदेश में नौतपा के सातवें दिन, शनिवार को भी तेज आंधी और बारिश का दौर रहेगा। मौसम विभाग ने भोपाल समेत 21 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इधर, शनिवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोपाल आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम और बारिश के अलर्ट के चलते पांडाल के आसपास सीवेज सिस्टम बनाया गया है। ताकि, बारिश होती है तो पानी पांडाल में न पहुंचे। पूरी खबर यहां पढ़ें… बिहार के रक्सौल में बारिश, 10 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट: पटना में छाएंगे बादल रक्सौल में आज यानी शनिवार सुबह तेज बारिश हुई, वहीं जहानाबाद में बादल छाए हैं, ठंडी हवा चल रही है। इस बीच मौसम विभाग ने 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 40KM/H रहने की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें… पंजाब के 8 जिलों में यलो अलर्ट: तेज हवाओं व बारिश के बाद तापमान में 3.2 डिग्री गिरा तापमान भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी पंजाब में मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के साथ लगते 7 जिलों में आज बारिश व तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राज्य में बीते दिन हुई बारिश व तेज हवाओं के बाद अधिकतम तापमान में औसतन 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से कम है। पूरी खबर यहां पढ़ें… हरियाणा के 17 जिलों में आज बारिश: 5 में मौसम रहेगा खुश्क, प्रदेश के तापमान में 4.2 डिग्री की गिरावट हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज (शनिवार को) प्रदेश के 17 जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि 5 जिलों में मौसम खुश्क रहेगा। बादल छाए रहने, गरज व चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं भी चलने का अनुमान है। इसके चलते प्रदेश का तापमान गिर सकता है और लोगों को गर्मी से भी राहत मिली रहेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें… हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी: 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगा तूफान हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों सहित टूरिस्ट को एडवाइजरी जारी की गई है। 31 मई से 1 जून को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 31 मई को कांगड़ा, चंबा, मंडी और कुल्लू जिला को चेतावनी दी गई है, जबकि सोलन, सिरमौर और शिमला जिला में कल को लिए अलर्ट दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…