मधुबनी में PM, नीतीश बोले- आतंक के खिलाफ देश एकजुट:केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा- आतंकवादियों को माकूल जवाब दें, देश आपके साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी में कहा कि, ‘अपनी बात शुरू करने से पहले मैं आप सबसे एक प्रार्थना करना चाहता हूं। आप जहां हैं वहीं अपने स्थान पर बैठे रहकर ही 22 तारीख को जिन परिवारजनों को हमने खोया है। उनको श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मैं अपनी बात शुरू करूंगा।’ पंचायती राज कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘आज पंचायती राज दिवस के मौके पर पूरा देश मिथिला से जुड़ा है, बिहार से जुड़ा है। आज यहां देश के बिहार के विकास से जुड़े हजारों करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।’ ‘आज राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर सिंह की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें नमन कहता हूं। बिहार वो धरती है जहां से बापू ने अपने सत्याग्रह की शुरुआत की थी। उनकी सोच थी कि जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक भारत का विकास नहीं हो जाएगा।’ ‘बीते दिनों में पंचायतों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए। 2 लाख से ज्यादा पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। साढ़े 5 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर गांवों में बने। इससे कई दस्तावेज अब आसानी से मिल रहे हैं।’ आतंकवाद को माकूल जवाब दें, देश आपके साथ है- ललन सिंह इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा- ‘पहलगाम में आतंकी घटना हुई, उससे सभी मर्माहत हैं। पुलवामा घटना के बाद देश आपके साथ था, आज भी पूरा देश आपके साथ हैं। आप इस का माकूल जवाब दें।’ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- ‘2 दिन पहले आतंकी हमले में कई लोगों की मौत हुई है। ये घटना निंदनीय है। हमारे परिवार से साथ खड़े हैं। पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है।’ नीतीश कुमार ने मंच से लोगों को कहा- प्रधानमंत्री जी ने इतना काम किया है। इनके लिए जोरदार तालियां बजाइए। हमने हर क्षेत्र के लिए काम किया- CM ‘2005 में हमारी सरकार बनी। ये हमारे 20वां साल है। पहले पंचायतों का बुरा हाल था। कोई काम नहीं होता था। जब NDA की सरकार बनी तो साल 2006 में हम लोगों ने पंचायती राज और नगर निकाय के कानून में संशोधन किया। हमने महिलाओं को आगे बढ़ाया, 50%आरक्षण दिया। इन लोगों ने किसी के लिए कोई काम नहीं किया। केंद्र और राज्य की सरकार साथ में काम कर रही है। हमने पानी-बिजली-सड़क हर क्षेत्र के लिए का किया है।’ 2 बार पार्टी के लोगों ने गड़बड़ की थी सीएम नीतीश ने एक बार फिर कहा कि 2 बार हमारी ही पार्टी के लोगों ने गड़बड़ कर दी थी, इसलिए उधर चले गए। ‘बीच में हमने गड़बड़ कर दिया था। उन लोगों के साथ चले गए थे। अब नहीं करेंगे। देखिए PM यहीं बैठे हैं। पूछ लीजिए। समझ आया कि गड़बड़ कर रहे हैं तो हमने उन्हें छोड़ दिया।’ मंच की दो तस्वीर…. PM के दौरे को लेकर सुरक्षा सख्त प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। SPG टीम दो दिन पहले ही मधुबनी पहुंच चुकी है। सुरक्षा को छह स्तर में बांटा गया है। इनमें SPG की इनर कोर टीम, राज्य पुलिस के एलीट कमांडो, खुफिया कर्मी, त्वरित प्रतिक्रिया बल और बम स्क्वॉड शामिल हैं। नमो भारत ट्रेन को PM ने दिखाई हरी झंडी प्रधानमंत्री 13 हजार 480 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही सहरसा-मुंबई अमृत भारत ट्रेन, जयनगर-पटना के बीच नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नेपाल सीमा को 24 घंटे के लिए किया गया सील सुरक्षा कारणों से नेपाल सीमा को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर 250 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 100 डॉक्टर और 15 मेडिकल टीमें तैनात की हैं। 60 दिन में बिहार का दूसरा दौरा इससे पहले PM मोदी 24 फरवरी 2025 को भागलपुर पहुंचे थे। भागलपुर में उन्होंने बिहार के लिए 24 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट लॉन्च किए थे। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी किए और DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए करीब 9.8 करोड़ किसानों के खातों में 22 हजार करोड़ रुपए भेजे थे। —————————————- ये भी पढ़ें PM के दौरे को लेकर पूरे बिहार में हाई अलर्ट:पहलगाम आतंकी हमले के बाद मधुबनी दौरा, नेपाल बॉर्डर पर SSB की कड़ी निगरानी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कल यानी 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर पूरे बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। PM गुरुवार को मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायत दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सुबह 10 बजे दरभंगा पहुंचेंगे। यहां से मधुबनी की लोहना उत्तर ग्राम पंचायत जाएंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे फिर दरभंगा एयरपोर्ट लौटेंगे यहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें