मध्य प्रदेश समेत 30 राज्यों में आंधी-बारिश:गोवा में रेड अलर्ट जारी, 60 kmph से हवा चली; राज्य सरकार बोली- वाटरफॉल से दूर

मध्य प्रदेश समेत देश के 30 राज्यों में कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हुई। मंगलवार को भी इन राज्यों में तेज बारिश हुई थी। इनमें असम, मेघायल, गोवा और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश हो रही है। गोवा में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश जारी है। साथ ही 60 kmph की रफ्तार से हवा चल रही है। बीते 24 घंटों में उत्तर गोवा के पेरनेम में 207 mm से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने दोनों जिलों उत्तर और दक्षिण गोवा में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, इसे बढ़ाकर रेड अलर्ट में बदल दिया गया है। राज्य सरकार ने वाटरफॉल, जंगल और ट्रैकिंग स्पॉट पर एंट्री बैन कर दी है। विभाग ने गुरुवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट और इसके बाद 27 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, इंडिगो एयरलाइन ने कहा, ‘भारी बारिश के चलते आज गोवा की फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।’ हालांकि, उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हीटवेव और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के लिए राजधानी लखनऊ के अस्पतालों में कोल्ड वार्ड बनाए गए हैं। हीटवेव मरीजों के लिए 20 बेड रिजर्व हैं, जिसमें 10 इमरजेंसी के लिए हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से न निकलने की सलाह दी गई है। राज्यों से मौसम की 5 तस्वीरें… मानसून के 4-5 दिनों में केरल पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले चार-पांच दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि, पूर्वानुमान 27 मई का है। ऐसा होता है तो यह 2009 के बाद समय से पहले पहुंचने वाला पहला मानसून होगा। 2009 में मानसून 23 मई को ही केरल में पहुंच गया था। विभाग के मुताबिक आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून तक केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। वहीं, 17 सितंबर के आस-पास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से हट जाता है। मानसून पिछले साल 30 मई को केरल में पहुंचा था। 2023 में 8 जून को, 2022 में 29 मई, 2021 में 3 जून, 2020 में 1 जून, 2019 में 8 जून और 2018 में 29 मई को केरल पहुंचा था। पिछले 5 साल में मानसून का अनुमान लगभग सही रहा
पिछले 5 सालों के आंकड़ों को देखें तो मानसून सीजन में बारिश को लेकर IMD और प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट का अनुमान लगभग सही रहा है। 2024 में मानसून सीजन में 108% बारिश हुई थी, जबकि IMD ने 106% और स्काईमेट ने 102% बारिश का अनुमान जताया था। 2023 में 94% बारिश हुई थी। IMD ने 96% और स्काईमेट ने 94% बारिश का अनुमान जताया था। इससे पहले 2022 में 106% बारिश हुई थी। यह IMD और स्काईमेट दोनों के अनुमान से ज्यादा था। राज्यों से मौसम का हाल… राजस्थान: 16 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 6 शहरों में पारा 45°C के पार, भीलवाड़ा में बारिश, ओले गिरे राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। मौसम केंद्र जयपुर ने अलवर, भरतपुर सहित 16 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, जयपुर सहित 10 जिले ऐसे हैं जहां लू और भीषण गर्मी का अलर्ट है। गर्मी-लू के प्रकोप से 24 मई तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: ग्वालियर-चंबल में आज लू चलेगी; भोपाल-इंदौर समेत 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट नौतपा से पहले मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश वाला मौसम है। मई में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब किसी न किसी जिले में बारिश न हुई हो। मंगलवार को भी बैतूल, सिवनी, छिंदवाड़ा-अनूपपुर समेत 17 जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहा। बुधवार को ग्वालियर-चंबल में लू चलेगी, जबकि भोपाल, इंदौर समेत 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: कौशांबी में सामूहिक शादी का टेंट उड़ा, लखीमपुर में बाप-बेटी की मौत, 46 जिलों में अलर्ट यूपी में मौसम का उलटफेर जारी है। पूर्वी हिस्से में जहां आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, पश्चिम और बुंदेलखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। सीजन में पहली बार बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां 46.6°C पारा रिकॉर्ड किया गया। इधर, कौशांबी में देर रात तेज आंधी के बाद बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार में आज भारी बारिश की चेतावनी, 17 जिलों में ऑरेंज, 20 में यलो अलर्ट बीते दो दिनों से बिहार के कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में भारी बारिश की संभावना है। यहां बिजली गिरने की भी चेतावनी है। वहीं, पटना समेत 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… झारखंड: 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर, कहीं गिरे पेड़ तो कहीं गई जान झारखंड में बीते कुछ दिनों से पूर्व-पश्चिम दिशा से चले साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर दिख रहा है। पिछले कई दिनों से सुबह गर्मी और दोपहर में उमस के बाद मौसम तेजी से बदल रहा है। इससे लोगों को राहत तो मिल रही है, लेकिन 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा और बारिश ने तबाही मचा रखी है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 12 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 4 में बारिश होगी; तापमान 45 के पार, सबसे गर्म रहा सिरसा भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र ने बुधवार को हरियाणा के 12 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत आधे से ज्यादा हरियाणा में लू चलेंगे। ऐसे में लोगों को लू से बचने की सलाह भी दी जाती है। इधर, प्रदेश के चार जिलों में बरसात होने की भी संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 16 जिलों में आंधी-बिजली गिरने का अलर्ट, 5 जिलों में हल्की बारिश की संभावना पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री अधिक है। बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा है, जहां 45.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। पूरी खबर पढ़ें…