महाराष्ट्र के अकोला में 6 स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़:टीचर अश्लील वीडियो दिखाता, गलत तरीके से छूता; पुलिस ने अरेस्ट किया

महाराष्ट्र के बदलापुर में 2 बच्चियों के यौन शोषण के बाद अब अकोला में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। काजीखेड़ के जिला परिषद स्कूल के टीचर प्रमोद मनोहर पर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोपी टीचर ने आठवीं क्लास में पढ़ने वाली 6 छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया। टीचर उनको अश्लील वीडियो दिखाता था और गलत तरीके से छूता था। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने टीचर को अरेस्ट कर लिया है। उधर महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में केजी की 3 और 4 साल की 2 बच्चियों से एक निजी स्कूल में यौन शोषण की घटना सामने आने के बाद मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन हुआ। हजारों की भीड़ यहां के लोकल ट्रेन के रेलवे ट्रैक पर उतर आई। भीड़ ने मंगलवार, 20 अगस्त को पहले स्कूल में तोड़फोड़ की फिर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बदलापुर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। 10 घंटे से ज्यादा लोकल ट्रेनों की आवाजाही रुकी रही। शाम को पुलिस ने लाठीचार्ज कर रेलवे ट्रैक खाली कराया। कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए बदलापुर स्टेशन पहुंचे, परंतु उन्हें लौटना पड़ा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एसआईटी गठित करने का ऐलान किया। इसके अलावा, सरकार ने केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही। इस बीच, राज्य सरकार ने यौन शोषण का केस दर्ज करने से 12 घंटे तक टालते रहे बदलापुर थाने के महिला पुलिस निरीक्षक समेत 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। घटना 12 और 13 अगस्त की, पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की
घटना 12 और 13 अगस्त की है। आदर्श स्कूल में 23 साल के स्वीपर अक्षय शिंदे ने दोनों बच्चियों का यौन शोषण किया। इसके बाद दोनों लड़कियां स्कूल जाने से डर रही थीं। माता-पिता को संदेह हुआ। उन्होंने लड़की को भरोसे में लेकर पूछताछ की तो बात सामने आई। एक पैरेंट्स ने उसी कक्षा की दूसरी लड़की के माता-पिता से संपर्क किया। जब डॉक्टर ने जांच की तो असल घटना सामने आई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभदा शितोले ने पॉक्सो का मामला होने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल की। बच्ची के माता-पिता ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से बदलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दो दिन बाद 16 अगस्त शुक्रवार देर रात केस दर्ज किया। 17 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अक्षय 1 अगस्त को ही स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त हुआ था। बदलापुर में विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरें… बदलापुर बंद का ऐलान, स्कूल में भी प्रदर्शन हुआ
मंगलवार सुबह 8 बजे घटना से गुस्साए लोग बदलापुर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर खड़े होकर प्रदर्शन करने लगे। कई ट्रेनों को रोका गया। पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस पर भी पथराव हुआ है। दूसरी तरफ लोगों ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सुबह 9 बजे से शुरू हुए लोगों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से कल्याण- बदलापुर लोकल ट्रेन सर्विस ठप पड़ी है। कई संगठनों ने विरोध में बदलापुर बंद का ऐलान किया। इस घटना से जुड़े 4 बड़े अपडेट्स
1. आरोपी अक्षय को पुलिस ने 21 अगस्त तक के लिए रिमांड पर लिया।
2. स्कूल प्रबंधन ने प्रिंसिपल, एक क्लास टीचर और एक महिला अटेंडेंट को सस्पेंड कर दिया है।
3. बदलापुर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। बदलापुर स्टेशन से लोकल ट्रेनों की आवाजाही देर शाम 8 बजे शुरू हो गई।
4. उज्जवल निकम को सरकार ने विशेष सरकारी वकील बनाया है। पीड़ित बच्चियों की तरफ से केस लड़ेंगे। विपक्ष ने कहा- महाराष्ट्र को शर्मसार करने वाली घटना