महाराष्ट्र में बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद:मुंबई यूनिवर्सिटी में परीक्षाएं टलीं; बद्रीनाथ हाईवे पर पहाड़ गिरा, असम में बाढ़ से 85 मौतें

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार (9 जुलाई) के लिए मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और सतारा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मुंबई में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। BMC ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मुंबई में रविवार (7 जुलाई) देर रात 1 बजे से सोमवार (8 जुलाई) सुबह 7 बजे तक छह घंटे में 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण, मुंबई यूनिवर्सिटी में आज (9 जुलाई) होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। महाराष्ट्र के अलावा उत्तराखंड में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण जोशीमठ के पास एक पहाड़ का टुकड़ा बद्रीनाथ हाईवे पर गिर गया। इस कारण हाईवे को बंद करना पड़ा है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने आज 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गोवा और कर्नाटक शामिल हैं। 13 राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट है। देशभर में मौसम का असर… 1. उत्तराखंड: फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, अभी भी कई गांवों में जलभराव
सोमवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार बारिश होती रही, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में नदियों में बाढ़ आ गई। इससे गांव की तरफ जाने वाले सैकड़ों रास्ते ब्लॉक हो गए और चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों के कई गांवों में जलभराव हो गया। वहीं भारी बारिश की भविष्यवाणी के चलते रविवार को रोकी गई चार धाम यात्रा सोमवार को फिर से शुरू हो गई। उत्तराखंड में पिछले 4 दिन से जारी तेज बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। इससे जगह-जगह 6 हजार श्रद्धालु फंस गए थे। 2. असम: बारिश के चलते 6 और लोगों की मौत, 19 लाख लोग बाढ़ में फंसे
असम में सोमवार (8 जुलाई) को बाढ़ के चलते छह और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही बाढ़, भूस्खलन और तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। राज्य के 28 जिलों के 27.74 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में छह गैंडों समेत अब तक 137 जंगली जानवरों की जान जा चुकी है। रविवार को यह संख्या 129 थी। काजीरंगा नेशनल पार्क की फील्ड डायरेक्टर सोनाली घोष ने कहा कि अब तक दो गैंडे, दो हाथी, 84 हॉग डियर, 3 स्वैम्प डियर, 2 सांभर सहित 99 जानवरों को बचाया गया है। पार्क के 233 शिविरों में से 70 वन शिविरों में अभी भी पानी भरा है। 3. हिमाचल प्रदेश: 12 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 12 जुलाई तक के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया है। 11 और 12 जुलाई के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 4. दिल्ली: दोपहर में तेज बारिश से तापमान में गिरावट
पिछले 2 दिन से रुक-रुककर बारिश देखने को मिल रही है। आज भी सुप्रीम कोर्ट परिसर और नई दिल्ली के इलाके में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा है कि इस बारिश से दिल्ली में उमसभरी गर्मी का दौर खत्म हो गया है। कुछ दिनों पहले भी बारिश हो रही थी, लेकिन तब बारिश रुकने के बाद भी उमस होती थी। 5. कर्नाटक: मछुआरों को समुद्र में ज्यादा अंदर न जाने की एडवाइजरी
राज्य के तटीय इलाकों में तेज बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र के किनारे रहकर मछली पकड़ने की हिदायत दी है। देशभर से मौसम की तस्वीरें… आगे कैसा रहेगा मौसम… सेंट्रल वाटर कमीशन बोला- 10 महीने में पहली बार बढ़ा जलाशयों का जलस्तर
सेंट्रल वाटर कमीशन ने बताया है कि देश के जलाशयों का जल स्तर पिछले साल सितंबर के बाद पहली बार बढ़ा है। दरअसल, भारत के 150 जलाशयों की निगरानी करने वाले CWC ने चार जुलाई को नई जानकारी साझा की है। इसमें बताया गया है कि वाटर लेवल कुल 2 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, CWC ने कहा है कि इन जलाशयों का कुल स्टोरेज लेवल पिछले साल की तुलना में गिर गया है। फिलहाल जो 2 परसेंट बढ़ोतरी के आकड़े सामने आए हैं, वह मौजूदा स्टोरेज लेवल की तुलना में देखे गए आंकड़े हैं। अगर पिछले साल के स्टोरेज लेवल से आज का जल स्तर नापेंगे तो यह कम ही आएगा। राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, छिंदवाड़ा-शिवपुरी में भी बारिश का अलर्ट मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से इन दिनों बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। पिछले 4 दिन से ग्वालियर-चंबल में तेज बारिश का दौर चल रहा है। सोमवार (8 जुलाई) को 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई, जबकि मंगलवार (9 जुलाई) को श्योपुर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी समेत 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 22 जिलों में आज बारिश होगी, पांच जिलों में भारी बरसात की चेतावनी; हॉस्पिटल में पानी भरा राजस्थान के 22 जिलों में आज (मंगलवार) बारिश की संभावना है। इनमें से 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन दिन कम बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले सोमवार को जयपुर, सवाई माधोपुर जिलों में करीब 4 इंच तक बरसात हुई। तेज बारिश के कारण जयपुर शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: जशपुर-बलरामपुर में आज भारी बारिश का अलर्ट, अब तक 28% कम बरसात, बांधों में सिर्फ 34% पानी बचा छत्तीसगढ़ के जशपुर और बलरामपुर जिले में मंगलवार (9 जुलाई) को गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अगले तीन दिन मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर और दुर्ग संभाग में बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी। मौसम विभाग ने 11-12 जुलाई को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: मानसून सुस्त पड़ा, बारिश के आसार नहीं, उमस करेगी परेशान; 11-12 जुलाई को फिर बरस सकते हैं बादल पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। आने वाले दो दिनों में पंजाब में बारिश की कोई संभावना नहीं है। वातावरण में नमी बढ़ जाएगी, जिससे लोगों को उमस से परेशान होना पड़ेगा। हालांकि, 11 जुलाई को बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में पंजाब के तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। सोमवार शाम को पंजाब का सबसे अधिक तापमान पठानकोट में दर्ज किया गया, जो 40 डिग्री रहा। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 4 जिलों में बारिश के आसार; 30-40 KM की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, 12 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून हरियाणा में हवा की दिशा बदलने से मानसून सुस्त पड़ गया है। मंगलवार (9 जुलाई) को प्रदेश के 4 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। अन्य 18 जिलों में अगले तीन दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार आज करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला में गरज, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…